
खरेंगा में शहीद मनीष नेताम के स्मारक का भव्य अनावरण, ब्रिगेडियर बावा मुख्य अतिथि
चुनेश साहू । धमतरी
धमतरी जिला के ग्राम खरेंगा में 28 दिसंबर को रविवार सुबह 11 बजे बलिदानी मनीष नेताम के शहीद स्मारक का अनावरण, शहीद का बलिदान दिवस एवं विजय दिवस का भावपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों पूर्व सैनिक, ग्रामीणों और सम्मानित अतिथियों ने शहीद को नमन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर तेजेंदर सिंह बावा, कमांडर (छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सब एरिया) रहे। उन्होंने स्मारक का विधिवत अनावरण कर शहीद के परिजनों को सांत्वना दी। अध्यक्षता कैप्टन (भारतीय नौसेना) अनिल कुमार शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों में दयाराम साहू, रूपेंद्र कुमार साहू, दीपक कुमार झा, डीपी गोस्वामी एवं अनिकेत शामिल हुए।स्मारक अनावरण के बाद शहीद परिवार का सम्मान किया गया। इसके साथ ही वीर नारी, 1971 युद्ध के योद्धाओं तथा तीन विशिष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। ब्रिगेडियर बावा ने अपने संबोधन में कहा कि मनीष नेताम जैसे वीर सपूतों का बलिदान राष्ट्र रक्षा की अमर गाथा है। उन्होंने युवाओं से देश सेवा का आह्वान किया। कैप्टन शर्मा ने शहीद के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता जताई।कार्यक्रम में देशभक्ति पूर्ण कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ, जहां कवियों ने शहीदों की वीरता पर रचनाएं सुनाईं। इसके बाद जोशी बहनों ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया। ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत किया।यह आयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद धमतरी एवं शहीद मनीष नेताम के परिवार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। पूर्व सैनिकों ने इसे छत्तीसगढ़ के सैनिक सम्मान की मिसाल बताया। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
चुनेश साहू 9111988965





