
जांजगीर-चांपा। आसमान में उड़ते विमानों को देखकर उड़ान भरने की ख्वाहिश हर बच्चे के मन में जन्म लेती है, लेकिन अधिकांश बच्चों के लिए यह सपना केवल कल्पनाओं तक ही सीमित रह जाता है। परंतु जांजगीर-चांपा जिले के मड़वा गांव में इस सपने को हक़ीक़त में बदलकर दिखाया है शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मड़वा के प्रभारी प्राचार्य योगेन्द्र तिवारी ने।
शिक्षा के क्षेत्र में एक आम शिक्षक से कहीं अधिक योगदान करने वाले तिवारी ने इस बार विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को अपने निजी खर्चे पर रायपुर एयरपोर्ट ले जाकर हवाई सैर कराई, ताकि बच्चों के मन से ‘सपने दूर नहीं, पास हैं’ का विश्वास विकसित हो। यह अनोखी पहल पूरे जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
मेहनत का मिला इनाम, मेधावियों को मिला उड़ान का अवसर
विद्यालय के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद योगेन्द्र तिवारी ने कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉपर्स को बुलाकर उन्हें एक यादगार उपहार देने की घोषणा की। बच्चों को अंदाज़ा भी नहीं था कि यह उपहार उनकी जिंदगी की सबसे खास याद बन जाएगा।
तिवारी उन्हें अपने साथ रायपुर ले गए, एयरपोर्ट परिसर का भ्रमण कराया और फिर बच्चों को विमान में बैठाकर उड़ान का रोमांच महसूस कराया।
बच्चों की खुशी देख शिक्षकों की आंखें नमहवाई जहाज के अंदर कदम रखते ही बच्चों के चेहरे पर जो चमक थी, वह देखने लायक थी।
कई बच्चों ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि इतने कम उम्र में उन्हें हवाई जहाज में बैठने का मौका मिलेगा।शिक्षकों ने बताया कि बच्चों की उत्सुकता और खुशी देखकर वे भी भावुक हो गए।
प्राचार्य तिवारी बोले— “सपनों को उड़ान देना ही असली शिक्षा”
प्राचार्य योगेन्द्र तिवारी का कहना है—हम बच्चों को सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं रख सकते। अगर हम चाहते हैं कि वे बड़ा सोचें और बड़ी सफलता हासिल करें, तो हमें उन्हें बड़ा देखने का अवसर भी देना चाहिए। यह उड़ान उनके सपनों को पंख देने का एक छोटा-सा प्रयास है।”
समाज में संदेश – शिक्षक सिर्फ पढ़ाते नहीं, भविष्य भी गढ़ते हैं
तिवारी की इस पहल को अभिभावकों और ग्रामीणों ने खूब सराहा।लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां अधिकांश शिक्षक केवल औपचारिकता निभाते हैं, वहीं योगेन्द्र तिवारी ने दिखाया है कि एक शिक्षक बच्चों की जिंदगी में कितना बड़ा बदलाव ला सकता है।
विद्यालय में बढ़ी पढ़ाई के प्रति रुचि
हवाई सैर की खबर फैलते ही छात्रों में उत्साह का माहौल है।कई विद्यार्थियों ने बताया कि अब वे और मेहनत करेंगे ताकि अगली बार टॉपर्स में नाम आए और उन्हें भी ऐसा यादगार अनुभव मिल सके।





