
बालोद। जिले के डौंडी थाना क्षेत्र में बीमार उप-निरीक्षक को तंत्र-मंत्र से इलाज का झांसा देकर 2 लाख रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस गंभीर प्रकरण में दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डौंडी थाना क्षेत्र में पदस्थ एक पुलिस उप-निरीक्षक लंबे समय से बीमारी से परेशान थे। इसी दौरान आरोपियों ने स्वयं को तंत्र-मंत्र एवं झाड़-फूंक का जानकार बताते हुए एसआई को विश्वास में लिया और विशेष रीति-रिवाज के जरिये इलाज करने का दावा किया।
उप-निरीक्षक की मजबूरी और बीमारी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उनसे धीरे-धीरे कर 2 लाख से ज्यादा राशि ठग ली। बाद में बीमारी में कोई सुधार न होने और लगातार पैसों की मांग किए जाने पर एसआई को ठगी का संदेह हुआ। उन्होंने मामले की रिपोर्ट डौंडी थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गैंग ने अन्य लोगों को भी इसी तरह का शिकार बनाया है।
डौंडी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक या चमत्कारी इलाज के झांसे में न आएं और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।





