कवर्धा, वन विभाग कवर्धा द्वारा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करते हुए पंडरिया (पूर्व) परिक्षेत्र अंतर्गत चतरी परिसर के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 527 में किये गए अवैध कब्जे को हटाया गया। यह कार्रवाई दिनांक 01 जून 2025 को प्राप्त सूचना के आधार पर की गई।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी श्री निखिल अग्रवाल के निर्देशन, उपवनमंडलाधिकारी श्री सुयश धर दीवान के मार्गदर्शन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री महेन्द्र कुमार जोशी के नेतृत्व में की गई। पंडरिया (पूर्व) एवं (पश्चिम) परिक्षेत्र के संयुक्त वन अमले ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मानसिंह, पिता सूतन गोड़, निवासी ग्राम मंगली, थाना कुकदूर, जिला कबीरधाम के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं, वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के तहत प्रकरण क्रमांक 20712/19 दर्ज किया गया।
जांच के दौरान आरोपी को दिनांक 03 जून 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, पंडरिया के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में उपवनक्षेत्रपाल चैनदास खुटियाले, वनपाल संतोष सिंह साकत, दिलीप कुमार चन्द्राकर, सुभाष चन्द्र भारद्वाज, जोधन सिंह ठाकुर एवं वनरक्षक सुदर्शन साहू, अमरवीर सिंह मरकाम, कु. उमेश्वरी श्याम, सीमा टांडिया का सराहनीय योगदान रहा।






