
अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत छह दम्पति को चेक वितरित
धमतरी, 12 नवम्बर 2022/ आदिवासी विकास विभाग में संचालित अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत आज छह दम्पतियों को प्रोत्साहन राशि के चेक वितरित किए गए। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीशु चंद्राकर, सदस्य द्वय श्री खूबलाल ध्रुव, श्रीमती सुमन साहू, जिला शिक्षा अधिकारी श्री ब्रजेश बाजपेयी तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. रेशमा खान के द्वारा आज दोपहर को जिला पंचायत के सभाकक्ष में दम्पतियों को ढाई-ढाई लाख रूपए के चेक प्रदान किए गए। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि लाभान्वित होने वाले दम्पति में ग्राम डाही के श्री पंकज एवं श्रीमती लक्ष्मी, ग्राम बोरझरा की श्रीमती लेखनी व श्री मोलेश्वर कुमार, ग्राम उसलापुर निवासी श्री कोमल एवं श्रीमती कुसुम, दानीटोला वार्ड निवासी श्री योगेश एवं श्रीमती सपना, पोस्ट ऑफिस वार्ड के श्री श्री संत व श्रीमती वासनी तथा ग्राम भोथली निवासी श्री नागेश एवं श्रीमती दिनेश्वरी को चेक प्रदान किए गए हैं।
विशेष पिछड़ी जनजाति की नियुक्ति के लिए अंतिम मेरिट सूची जारी
धमतरी, 12 नवम्बर 2022/ शासन के निर्देशानुसार जिले में निवासरत विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के शिक्षित पात्र युवाओं को चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जानी है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि इसके लिए पात्र एवं अपात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी कर अभ्यावेदन आमंत्रित किए गए थे। उन्होंने बताया कि निर्धारित अंतिम तिथि तक प्राप्त अभ्यावेदनों का परीक्षण कर अंतिम मेरिट सूची का प्रकाशन किया गया है, जिसका अवलोकन जनपद पंचायत धमतरी, कुरूद, मगरलोड व नगरी के सूचना पटल पर किया जा सकता है।
गुरू घासीदास लोककला महोत्सव के लिए प्रविष्टियां 18 नवम्बर तक आमंत्रित
धमतरी, 12 नवम्बर 2022/ अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की पारम्परिक लोककला यथा लोकगीत, लोक गायन लोक नृत्य (पंथी, पंडवानी, भरथरी) सहित पारम्परिक लोक वाद्य प्रतिभा की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करने गुरू घासीदास लोककला महोत्सव वर्ष 2022-23 का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए प्रविष्टियां आगामी 18 नवम्बर तक कार्यालयीन समय में आमंत्रित की गई हैं। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने बताया कि इसके तहत राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार की राशि एक लाख रूपए, द्वितीय 75 हजार तथा तृतीय 50 हजार रूपए की राशि निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में निवासरत अनुसूचित जाति के नर्तक दल, लोक कला जत्था का पूर्ण विवरण, पारम्परिक कला के माध्यम से चेतना जागृत करने तथा सामाजिक उत्थान के लिए कार्य किए गए हैं तो उसका विवरण देते हुए प्रविष्टि में उल्लेख करना होगा। साथ ही प्रविष्टिकर्ता के उत्कृट कार्य से संबंधित लेख आदि प्रकाशित हुआ हो तो उसकी प्रतियां संलग्न कर कलेक्टोरेट स्थित कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास के कक्ष क्रमांक 85 में सम्पर्क कर प्रविष्टि जमा करा सकते हैं अथवा इस संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि उपरांत प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
चुनेश साहू 7049466635





