

कोरबा:- ग्राम पंचायत कांजीपानी में अवैध शराब और गांजा की खुलेआम बिक्री से ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी है। वर्षों से चल रहे इस अवैध कारोबार के कारण गांव की शांति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि गांव के किशोर, युवा ही नहीं बल्कि स्कूल के छोटे बच्चे तक नशे की गिरफ्त में आते जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव से महज दो किलोमीटर दूर स्थित पुलिस चौकी होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई न होने से अवैध कारोबारियों के हौसले लगातार बुलंद हैं। महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने कई बार शराब–गांजा बिक्री रोकने प्रयास किया, यहां तक कि ग्राम पंचायत को नशामुक्त बनाने का अभियान भी चलाया गया, परंतु असामाजिक तत्वों के कारण हर कोशिश नाकाम साबित हो रही है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को भेजे ज्ञापन में कहा है कि गांव में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से शराब बनाकर बेचने का काम लगातार जारी है। प्रशासनिक कार्रवाई के अभाव में स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों का साफ कहना है कि यदि प्रशासन सख्त कदम नहीं उठाता, तो वे सामूहिक रूप से अवैध कारोबार बंद करने का आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।
महिला समिति, सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर से तत्काल गांव में अवैध शराब–गांजा बेचने वालों के खिलाफ छापामार कार्रवाई कर कठोर कदम उठाने की मांग की है, ताकि गांव को नशामुक्त बनाकर युवाओं और बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखा जा सके।





