
कवर्धा।पंडरिया विकासखंड के ग्राम रोखनी में अघोरपीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान पंडरिया द्वारा ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। इस सेवा अभियान के तहत कुल 20 कंबलों का वितरण कर गरीब, बुजुर्ग और असहाय लोगों को ठिठुरती ठंड से राहत दिलाई गई।
दिनांक 7 दिसंबर को आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अचानक वाहन में तकनीकी खराबी आ जाने से बड़ी संख्या में कंबलों का वितरण उस दिन संभव नहीं हो सका। बावजूद इसके सेवा भाव में कोई कमी नहीं आई और टीम ने बाइक के माध्यम से गांव तक पहुंच बनाकर सीमित संसाधनों में भी मानवता का धर्म निभाया।
इस सेवा कार्य में जे.एस. चौहान, अजय जांगड़े, ओमकार धुर्वे तथा छोटू मेरावी (उपसरपंच, ग्राम पंचायत खाम्ही) की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने समाजसेवा को सबसे बड़ा पुण्य कार्य बताते हुए ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
संस्थान द्वारा जानकारी दी गई कि वाहन मरम्मत के पश्चात शेष कंबलों का वितरण शीघ्र किया जाएगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड के प्रकोप में बेबस न रहे।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने संस्थान के प्रति आभार प्रकट करते हुए इस पहल को “मानवता की सच्ची सेवा” बताया।





