
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व और सौभाग्य का क्षण है कि पहली बार प्रदेश में अखिल भारतीय DGP–IG सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। इस उच्चस्तरीय आयोजन में देशभर के पुलिस महानिदेशक, खुफिया प्रमुख, सुरक्षा विशेषज्ञ और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।
सम्मेलन की अध्यक्षता देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी करेंगे, जबकि केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा, आंतरिक कानून-व्यवस्था, साइबर क्राइम नियंत्रण, नक्सल उन्मूलन, सीमापार अपराध और आधुनिक सुरक्षा तकनीक पर गंभीर मंथन होगा।
छत्तीसगढ़ को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी ने कहा— “यह केवल सम्मेलन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक क्षमता और नए भारत की दृष्टि का सम्मान है। प्रधानमंत्री जी एवं गृहमंत्री जी का यहां आगमन, हमारे लिए प्रेरणा और सौभाग्य दोनों है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन राज्य की छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नया आयाम देगा तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
कड़ी सुरक्षा और भव्य तैयारी सम्मेलन के लिए रायपुर में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस, CRPF, NSG और खुफिया एजेंसियां संयुक्त रूप से सुरक्षा सूत्रों को संभाल रही हैं।
कार्यक्रम स्थल पर टेक्नोलॉजी आधारित सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें शामिल हैं— ड्रोन निगरानी , AI आधारित फेस रिकग्निशन सिस्टम , हाई-टेक कंट्रोल रूम , तीन-स्तरीय सतर्क सुरक्षा घेरा
सम्मेलन से बढ़ेगी नक्सल-नियंत्रण रणनीति को मजबूती विशेषज्ञों का मानना है कि यह सम्मेलन छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि राज्य लंबे समय से नक्सल समस्या का केंद्र रहा है। चर्चा में नए सुरक्षा मॉडल, आधुनिक हथियारों की उपलब्धता और जमीनी रणनीतियों को गति देने की उम्मीद है।





