
*8 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का उद्घाटन: प्रमोद जैन*
क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने और मरीजों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के ध्येय से आज नगर पंचायत अध्यक्ष माननीय प्रमोद जैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
*शिशुवती महिलाओं को दी पोषण किट, भोजन की गुणवत्ता परखी*
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रमोद जैन ने अस्पताल के प्रसव वार्ड का भ्रमण किया और वहां भर्ती गर्भवती महिलाओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर उन्होंने शासन की योजना के तहत महिलाओं को ‘जच्चा-बच्चा किट’ भेंट की। इसके पश्चात, उन्होंने सामान्य और प्रसव वार्ड में मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की स्वयं जांच की। गुणवत्ता से संतुष्ट होने के बाद उन्होंने अपने हाथों से मरीजों को भोजन वितरण कर इस सेवा का विधिवत शुभारंभ किया।
*ब्लड बैंक से क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत*

अध्यक्ष ने निर्माणाधीन ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भवन का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि बचे हुए कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करें ताकि जनता को इसका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि यहाँ ब्लड बैंक की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को अब खून के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, जिससे आपातकालीन स्थितियों में कई जान बचाई जा सकेगी।
*”अस्पताल की व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी” — प्रमोद जैन*
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा “हमारा मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। मैंने आज डॉक्टरों और नर्सों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की है और उन्हें नियमित रूप से अपनी सेवाएं देने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल के रख-रखाव और साफ-सफाई में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मुझे यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का भव्य उद्घाटन आगामी 08 जनवरी को प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय विष्णुदेव साय जी के कर-कमलों द्वारा संपन्न होगा।”
इस औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के मुख्य अधिकारी और नगर के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से डॉ. सतेन्द्र मार्कण्डेय (खंड चिकित्सा अधिकारी, गुण्डरदेही), डॉ. ए.पी. चंद्राकर (चिकित्सा अधिकारी),श्री सुनील महतो (विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक),नीरज गौतम (फार्मासिस्ट), पार्षदग हरीश निषाद, संतोष नेताम, हेमंत सोनकर, सलीम खान और गोकुल निषाद उपस्थित रहे ।
अध्यक्ष ने अंत में स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मरीजों के साथ संवेदनशीलता से पेश आएं और अस्पताल परिसर को हमेशा स्वच्छ बनाए रखें।





