
रायपुर। सोशल मीडिया पर कांग्रेस समर्थक बताए जा रहे एक फेसबुक अकाउंट से किए गए आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।
भाजपा का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को सिविल लाइन्स थाने पहुंचा और ‘भूपेश है तो भरोसा है’ नामक फेसबुक आईडी से किए गए जातिसूचक और निंदनीय पोस्ट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पार्टी नेताओं ने कहा कि उक्त पोस्ट से न केवल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अपमान किया गया है, बल्कि साहू समाज की भावनाओं को भी ठेस पहुंची है।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल में विधायक मोतीलाल साहू, शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, समेत कई पदाधिकारी शामिल थे। उन्होंने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाने वाली है और इसकी जांच तत्काल कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।
भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से उक्त फेसबुक आईडी को तुरंत ब्लॉक करने और पोस्ट करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियाँ राजनीतिक मर्यादा और सामाजिक सौहार्द्र दोनों के लिए घातक हैं, इसलिए प्रशासन को इस मामले में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनानी चाहिए।
इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएँ तेज हैं। भाजपा इसे कांग्रेस की संस्कृति का प्रतीक बता रही है, वहीं कांग्रेस खेमे की ओर से अब तक इस पोस्ट पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू करने की बात कही है।





