
पोंडी उपरोड़ा बीईओ के.आर. दयाल के नेतृत्व में शिक्षा की गुणवत्ता का किया गया मूल्यांकन…!
कोरबा/पोंडी उपरोड़ा:- मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता सामाजिक अंकेक्षण अभियान 2025-26 के तहत विकासखंड पोंडी उपरोड़ा अंतर्गत मोरगा एवं कोरबी क्षेत्र के सभी शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण एवं अंकेक्षण कार्य किया गया। इस अभियान की कमान खंड शिक्षा अधिकारी के.आर. दयाल ने स्वयं संभाली और टीम के साथ कई विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बीईओ दयाल ने विद्यालयों में शिक्षण गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, मिड डे मील व्यवस्था, स्वच्छता, अध्ययन सामग्री की उपलब्धता सहित समग्र शैक्षणिक वातावरण का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से अध्यापन कार्य करें, विद्यार्थियों की प्रगति पर सतत निगरानी रखें और विद्यालय को अनुशासन व स्वच्छता का आदर्श केंद्र बनाएं।
दयाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप यह अंकेक्षण अभियान शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि “सामाजिक अंकेक्षण से हमें वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलती है — जिससे कमजोर बिंदुओं में सुधार और उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहन देना संभव होता है।”
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर शिक्षक-विद्यार्थी संवाद हुआ, जिसमें बच्चों ने आत्मविश्वास से अपने पाठों का प्रदर्शन किया। बीईओ दयाल ने विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों की समर्पण भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग का लक्ष्य केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे का सर्वांगीण विकास है।
बीईओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आगामी दिनों में यह अंकेक्षण अभियान विकासखंड के अन्य शालाओं में भी क्रमबद्ध रूप से जारी रहेगा, ताकि हर विद्यालय को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मानक से जोड़ा जा सके।





