कवर्धा, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला बरभांवर में हर्षोल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सबसे पहले विद्यालय के प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के बाद बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ रैली निकाली और भ्रमण किया। रैली में बच्चे देशभक्ति के नारे लगाते हुए गाँव के मुख्य मार्गों से गुजरे, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना गूंज उठी।
रैली के पश्चात् विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, पालकों एवं एस.एम.सी. (स्कूल प्रबंधन समिति) के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यों ने मिलकर पौधारोपण किया।पौधारोपण के दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं, क्योंकि वे ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और वातावरण को शुद्ध बनाए रखते हैं। उन्होंने जल स्तर में हो रही कमी पर चिंता जताते हुए समझाया कि यदि हम अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे तो जल संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से एस.एम.सी. अध्यक्ष श्री पोखन साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती भगवती मेरावी, पंच श्रीमती मीना मरकाम, श्री जनाराम, मन्नूराम कौशिक, कार्तिक राम साहू, निहोरा, अशोक साहू, चैतुराम साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्रधान पाठक श्रीमती आरती छेदावी एवं सहायक शिक्षिका श्रीमती हेमलता धुर्वे ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पालकगण भी बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे पावन अवसर पर पौधारोपण का आयोजन करना वास्तव में आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उपहार है। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे बच्चों और शिक्षकों की देखरेख में पल्लवित होंगे और आने वाले समय में हरियाली का संदेश देंगे।इस प्रकार स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन न केवल देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा बल्कि प्रकृति संरक्षण और जल बचाने का संदेश भी देता रहा।






