कवर्धा,ग्राम पंचायत डबराभाट में पंचायत सचिव की मनमानी के कारण आमजन और जनप्रतिनिधियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत सचिव का मुख्यालय में नियमित रूप से निवास न करना और मनमाने ढंग से कार्यालय खोलना या बंद रखना, पंचायत कार्यों को प्रभावित कर रहा है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार सचिव की शिकायत मौखिक रूप से उच्च अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, कई बार तो पंचायत भवन बंद ही मिलता है
शासकीय नियमों के अनुसार कार्यालयीन समय में सचिव की उपस्थिति अनिवार्य है, लेकिन डबराभाट पंचायत में यह नियम पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। हाल ही में कुछ ग्रामीणों ने मौके पर जाकर पंचायत भवन की तस्वीरें खींची और सचिव की अनुपस्थिति की पुष्टि की। ग्रामीणों से चर्चा के बाद स्पष्ट हुआ कि सचिव अपनी सुविधानुसार ही कार्यालय आते हैं और समय की कोई पाबंदी नहीं रखते।
इस लापरवाही और अनियमितता से पंचायत के दैनिक कार्य बाधित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस स्थिति का संज्ञान लेकर पंचायत सचिव के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राम पंचायत के कार्य नियमित रूप से संचालित हो सकें।