
ब्रेकिंग धमतरी:
खदाननुमा तालाब में डूबने से बुजुर्ग की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव, पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण…
धमतरी। ग्राम अछोटा राजीव नगर निवासी दुर्गा प्रसाद देवांगन (63 वर्ष) की खदाननुमा तालाब में डूबने से मौत हो गई। 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उनका शव तालाब से बाहर निकाला गया। रुद्री पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
घटना रविवार सुबह 6 बजे की है, जब दुर्गा प्रसाद रोज की तरह भोयना और शकरवारा के बीच स्थित खदाननुमा तालाब में नहाने गए थे। समय पर घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तालाब के किनारे उनकी कपड़े, चश्मा और चप्पल पड़े मिले। परिजनों ने तत्काल रुद्री पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और गोताखोरों की टीम ने तालाब में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो रविवार शाम 6 बजे तक चला, लेकिन तब तक शव नहीं मिला। सोमवार सुबह तक, लगभग 24 घंटे बाद, गोताखोरों ने दुर्गा प्रसाद के शव को तालाब से बाहर निकाला।
रुद्री पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा। परिजनों में शोक का माहौल है।





