
डोंगरगढ़।
एसबीआई फाउंडेशन, एसबीआई एसजी ग्लोबल एवं शिखर युवा मंच के सहयोग से संजीवनी टीम राजनांदगांव द्वारा विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ग्रामवासियों एवं शासकीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय भगवानटोला के बच्चों के लिए एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को प्राथमिक उपचार (First Aid) की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। टीम द्वारा बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में सही समय पर किया गया प्राथमिक उपचार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही, साफ-सफाई, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान विश्व स्वास्थ्य दिवस 2026 की थीम “स्वास्थ्य के लिए एकजुट – विज्ञान के साथ खड़े रहें” के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को समझाया गया कि आधुनिक विज्ञान और स्वास्थ्य सेवाओं का सही उपयोग कर हम अपने और अपने परिवार के स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं।
इस जागरूकता शिविर में ग्रामवासियों एवं स्कूली बच्चों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।





