
बसना | महासमुंद जिला
महासमुंद जिले के बसना स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के तत्वाधान में आयोजित त्रिशूल दीक्षा और महा हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम में हजारों की संख्या में हिंदू समुदाय के लोग जुटे। कार्यक्रम में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख चेहरा, प्रखर हिंदुत्व नेता एवं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
हिंदू एकता ही शक्ति: डॉ. तोगड़िया
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. तोगड़िया ने कहा— “25 से 29 नवंबर तक छत्तीसगढ़ के छह जिलों में वीर हिंदू विजेता और हिंदू सुरक्षा अभियान के तहत प्रवास जारी है। पूरे देश में 1 लाख हनुमान चालीसा केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य है, ताकि हिंदुओं को एकजुट, संगठित और सशक्त बनाया जा सके।” उन्होंने अपील की कि छत्तीसगढ़ के हर ग्राम, नगर, ब्लॉक और तहसील में हनुमान चालीसा केंद्र बने, जो हिंदू संगठन और सेवा का केंद्र बिंदु होगा।
कार्यकर्ताओं से मुलाकात, छत्तीसगढ़ी भोजन का स्वाद कार्यक्रम के पश्चात डॉ. तोगड़िया ने स्थानीय कार्यकर्ता मोहन सोनवानी के निवास पर छत्तीसगढ़ की पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। उन्होंने विशेष रूप से टमाटर की चटनी और पाँच प्रकार की भाजी की प्रशंसा की।
उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा— “छत्तीसगढ़ की मिट्टी और भोजन दोनों ही अतुलनीय हैं।”
श्रद्धा, उत्साह और संस्कृति का संगम कार्यक्रम में मंत्रोच्चार, जय श्रीराम नारों और हनुमान चालीसा पाठ के बीच वातावरण धार्मिक आस्था और उत्साह से भरा रहा। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं व धार्मिक संगठनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य: धर्म, संगठन और राष्ट्र चेतना को मजबूत करना।





