
भिलाई . छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय की परीक्षाएं ऑनलाइन पद्धति से कराने का फैसला ले लिया गया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने इस आशय की अधिसूचना आज जारी कर दी। विश्वविद्यालय प्रशासन के इस फैसले से उन सैकड़ों छात्रों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई, जिसके लिए वे पिछले कई दिनों से संघर्षरत थे।
अधिसूचना के अनुसार बीई सातवें सेमेस्टर के बैकलॉग, बीई आठवें सेमेस्टर के रेगुलर एवं बैकलॉग, बी फार्मेसी सातवें सेमेस्टर के बैकलॉग, बी फार्मेसी आठवें सेमेस्टर के रेगुलर एवं बैकलॉग छात्रों की अप्रैल-मई 2022 की परीक्षाएं ऑनलाइन पद्धति से आयोजित की जाएंगी। कुलसचिव ने अधिसूचना की प्रतिलिपि सीएसवीटीयू से संबद्ध सभी विश्वविद्यालयों, उप कुलसचिव (प्रशासन), मुख्य वित्त अधिकारी तथा परीक्षा नियंत्रक समेत सभी संबंधित अधिकारियों को भेज दी है।

पिछले कई दिनों से भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के नेतृत्व में छात्रों ने ऑनलाइन परीक्षा कराने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव बनाया था। अपनी मांग को लेकर छात्रों ने लामबंद होकर सीएसवीटीयू के रजिस्ट्रार के के वर्मा को एक ज्ञापन भी सौंपा था। जिसमें इस बात पर जोर दिया गया था कि कोरोना महामारी के प्रभाव के कारण अधिकतर महाविद्यालयों की कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से संचालित हुईं।
वह भी पूरी क्षमता से नहीं। छह महीने के शिक्षण सत्र में सिर्फ दो महीने ही पढ़ाई हुई थी, वह भी आधी-अधूरी। और तो और कई महाविद्यालयों में न तो हॉस्टल की सुविधा बहाल हो पाई थी और न ही फैकल्टीज़ की उपलब्धता सुनिश्चित हुई थी। जिसके कारण पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हुई। इन सब बातों पर गौर करने के बाद आखिरकार विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षाएं ऑनलाइन पद्धति से आयोजित कराने का निर्णय लेना पड़ा।
चुनेश साहू 7049466638





