कवर्धा, 05 मई 2022। कलेक्टर श्री रमेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में बालवाड़ी संचालन की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। बालवाड़ी के लिए उच्च कार्यालय द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार जिला मुख्यालय के निकट के तीन प्राथमिक शालाओं क्रमशः मजगांव, सैगोना एवं सत्तीवार्ड प्राथमिक शाला कवर्धा का निरीक्षण जिला टीम द्वारा किया गया। पेडागोजी शाखा प्रभारी एवम निरीक्षणकर्ता दल प्रमुख श्री अवधेश नंदन श्रीवास्तव के साथ समग्र शिक्षा के कंसलटेंट यशवंत गेंद्रे, चमेली देवांगन, आयुषी विश्वकर्मा, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग स्मिता सिंह संकुल शैक्षिक समन्वयक हेमलता सोनी, दीपाश्री एवं प्राचार्य विजय खरे ने उक्त केंद्रों का मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार निरीक्षण किया तथा बच्चों के पालकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, चयनित शिक्षकों एवं सहायिकाओं के साथ बैठक ली।
राज्य शासन के निर्णय अनुसार प्रदेश में 5 से 6 आयु वर्ग के बच्चों के लिए आगामी सत्र से 6 हजार 536 शासकीय प्राथमिक शालाओं में बालवाड़ी का संचालन किया जाना है। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में कबीरधाम जिले की ऐसी 220 शालाओं का चिन्हांकन किया गया है, जहां शाला परिसर के भीतर अथवा उसके निकट में पूर्व से आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हो। इस बालवाड़ी में 5-6 आयु समूह के बच्चों को सीखने-सिखाने का अवसर आनंदमयी वातावरण में प्रदान किया जाना है। जिसके लिए प्राथमिक शाला में एक उपयुक्त कक्ष होगा तथा एक शिक्षिका प्रभारी होंगी। इसके पश्चात ही बच्चों को संबंधित प्राथमिक शाला की कक्षा पहली में प्रवेश दिया जाएगा।