
रायपुर, 16 अप्रैल 2026।
छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 के महाअभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अभियान में स्वयं भाग लेते हुए अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्व-गणना (Self Enumeration) कर प्रदेशवासियों को जागरूकता और सहभागिता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि देशभर में जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जो न केवल जनसंख्या के आंकड़ों को संकलित करती है, बल्कि विकास योजनाओं के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने इसे “देश का महाभियान” बताते हुए नागरिकों से इसमें सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
सीएम साय ने बताया कि आज से छत्तीसगढ़ में इस अभियान का शुभारंभ हो चुका है और उन्होंने खुद स्व-गणना कर इसकी शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि अब तकनीक के माध्यम से हर व्यक्ति अपने मोबाइल फोन से आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और सरल बनेगी।
मुख्यमंत्री ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 1 मई से 30 मई तक जनगणना का दूसरा चरण शुरू होगा, जिसमें प्रगणक
(Enumerator) घर-घर जाकर मकानों और परिवारों की गणना करेंगे। इस दौरान प्रत्येक नागरिक से सटीक और सही जानकारी देने की अपील की गई है, ताकि राज्य और देश के विकास के लिए सही आंकड़े उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य की योजना बनाने की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार जैसी विभिन्न योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए सही जनसंख्या आंकड़े अत्यंत आवश्यक होते हैं।
राज्य सरकार द्वारा इस अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ-साथ जमीनी स्तर पर भी कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय दायित्व को समझते हुए बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जनगणना 2027 को सफल बनाने में अपना योगदान दें।





