hindmedianews
Breaking News
अन्यछत्तीसगढ़धमतरी

दीवारें बनीं शिक्षक, बच्चे बने जिज्ञासु : धमतरी का अभिनव बाला मॉडल खेल-खेल में सीखने की पहल : बाला कॉन्सेप्ट पर आधारित आंगनवाड़ी केंद्रों से बदलती तस्वीर

IMG-20250714-WA0596
previous arrow
next arrow

 

दीवारें बनीं शिक्षक, बच्चे बने जिज्ञासु : धमतरी का अभिनव बाला मॉडल

 

खेल-खेल में सीखने की पहल : बाला कॉन्सेप्ट पर आधारित आंगनवाड़ी केंद्रों से बदलती तस्वीर

 

धमतरी,  प्रारंभिक बाल शिक्षा को अधिक प्रभावी, आकर्षक और बच्चों की सहज सीखने की प्रक्रिया के अनुरूप बनाने के उद्देश्य से धमतरी जिले में बाला (Building as Learning Aid) कॉन्सेप्ट आधारित आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण एक महत्वपूर्ण नवाचार के रूप में उभर रहा है। यह पहल न केवल शिक्षण-सीखने की गुणवत्ता को बढ़ा रही है, बल्कि बच्चों को एक ऐसे रचनात्मक वातावरण से जोड़ रही है जहाँ वे खेल-खेल में ज्ञान अर्जित कर सकें।

    बाला कॉन्सेप्ट का मूल विचार यह है कि भवन स्वयं बच्चों का शिक्षक बन जाए। इस मॉडल में दीवारों, फर्श, खिड़कियों, दरवाजों, सीढ़ियों यहां तक कि बाहरी खुली जगहों को भी सीखने के साधनों के रूप में विकसित किया जाता है। अक्षर, संख्याएँ, रंग, आकार, मौसम, स्थानीय परिवेश से जुड़े चित्र, दिशासूचक संकेत, ऊँचाई नापने के चार्ट जैसे अनेक तत्व सहज रूप से बच्चों तक ज्ञान पहुंचाते हैं। इससे बच्चों में जिज्ञासा बढ़ती है, स्मरण शक्ति बेहतर होती है और सीखने की प्रक्रिया सक्रिय एवं आनंददायी बन जाती है।

  इसी अभिनव सोच को मूर्त रूप देते हुए धमतरी जिला प्रशासन ने मनरेगा, महिला एवं बाल विकास विभाग (ICDS) तथा 15 वें वित्त आयोग के वित्तीय सहयोग से जिले में 81 बाला मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण प्रारंभ किया है। इनमें से 38 केंद्र पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष पर तेजी से कार्य जारी है। हाल ही में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने विकासखंड धमतरी के ग्राम उड़ेंना में निर्मित नवीन आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। लगभग 11.69 लाख रुपये की लागत से तैयार यह भवन न सिर्फ आकर्षक है, बल्कि बाला कॉन्सेप्ट की सभी विशिष्टताओं को समाहित करते हुए सीखने का आदर्श वातावरण प्रस्तुत करता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्य को भी निर्धारित समयसीमा में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उड़ेंना की यह आंगनवाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना का उदाहरण प्रस्तुत करती है। केंद्र की दीवारों पर स्थानीय संस्कृति, जीव-जंतु, पेड़-पौधों के चित्रों से लेकर बुनियादी गणित और भाषा सीखने वाले चार्ट तक सृजनात्मक रूप से उकेरे गए हैं। फर्श को विभिन्न रंगों और आकारों से सजाया गया है, जिससे बच्चे खेलते-खेलते संख्याओं और आकृतियों को आसानी से पहचान सकें। सीढ़ियों पर गिनती, दरवाजों पर अक्षर तथा खिड़कियों पर दिशात्मक संकेत उन्हें प्रतिदिन नयी सीख प्रदान करते हैं। यह व्यवस्था उन छोटे बच्चों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है जो दृश्य-आधारित सीखने से तेजी से ज्ञान अर्जित करते हैं। बाला कॉन्सेप्ट के तहत बने इन आंगनबाड़ी केन्द्रों से विशेष पिछड़ी जनजाति कमार वर्ग के नवनिहाल बच्चे खेल-खेल में ज्ञान अर्जित कर रहे हैं।

  कलेक्टर श्री मिश्रा का मानना है कि प्रारंभिक शिक्षा जीवन की मजबूत नींव होती है, और यह पहल बच्चों के लिए प्रेरणादायक, सुरक्षित तथा आकर्षक वातावरण तैयार करते हुए इस नींव को और मजबूत बनाएगी। बाला मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र न केवल बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ा रहे हैं, बल्कि माता-पिता को भी यह विश्वास दिला रहे हैं कि उनके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त हो रही है।

  धमतरी जिले की यह पहल बाला कॉन्सेप्ट को वास्तविक धरातल पर उतारते हुए एक प्रेरक सफलता कहानी बन चुकी है। यह मॉडल आने वाले वर्षों में पूरे प्रदेश में प्रारंभिक शिक्षा के स्तर को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की ठोस आधारशिला के रूप में स्थापित होगा।

 

 

2

ई-ऑफिस को अनिवार्य बनाने कलेक्टर का निर्देश, समय-सीमा बैठक में सख्ती

जिले में पारदर्शी प्रशासन की ओर बड़ा कदम : ई-ऑफिस पर जोर

समय पर कार्यालय नहीं आने वाले 65 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस

 धमतरी, 09 दिसम्बर 2025/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार प्रगतियों की समीक्षा कर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं को समय पर पूरा करना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान उपार्जन कार्य 15 नवंबर से सुचारू रूप से जारी है, तथा जिला प्रशासन किसानों की उपज की सुरक्षा और उन्हें उचित समर्थन मूल्य दिलाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

  कलेक्टर श्री मिश्रा ने अवैध धान परिवहन, भंडारण तथा कोचियों/बिचौलियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए उड़नदस्ता दल निरंतर सक्रिय है। उन्होंने चेकपोस्टों पर निगरानी बढ़ाने, अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने और टोकन व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी रखने के निर्देश दिए।

    बैठक में कलेक्टर ने विभागवार ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा की और कहा कि सभी पत्राचार, नस्तियां एवं रूटीन फाइलें केवल ई-ऑफिस के माध्यम से ही भेजी जाएं। उन्होंने ई-ऑफिस का पालन न करने वाले विभागों पर असंतोष व्यक्त करते हुए इसे सभी के लिए अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित कार्यप्रणाली शासन की पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ाती है, इसलिए सभी विभाग इसे पूर्ण रूप से अपनाएं।

  कलेक्टर श्री मिश्रा ने कार्यालयों में समय पर उपस्थिति को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कलेक्टोरेट परिसर में बायोमेट्रिक उपस्थिति एक दिसंबर से अनिवार्य कर दी गई है। आज निरीक्षण के दौरान 65 कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं पाए गए, जिनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में लगातार देरी पर वेतन कटौती भी की जाएगी और कम्पोजिट भवन, जिला पंचायत तथा अन्य सभी विभागों में भी बायोमेट्रिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

   बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में चल रहे निर्माण कार्यों और विकास परियोजनाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में लापरवाही स्वीकार्य नहीं है और अधिकारी नियमित निरीक्षण कर कार्य की गति को बनाए रखें।

कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशीलता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुँचाना सुनिश्चित करें

 

3.

धमतरी में 10 जनवरी से अग्निवीर भर्ती रैली, तैयारियों का आर्मी के ब्रिगेडियर ने लिया जायजा

जिला प्रशासन दे रहा युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण

धमतरी, 09 दिसंबर 2025/ जिले में आगामी 10 जनवरी से आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारियां तेज़ हो गई हैं। इसकी तैयारियों का जायजा लेने आज आर्मी के ब्रिगेडियर डीडीजी श्री संजय शर्मा इंडोर स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने इंडोर स्टेडियम तथा मैदान परिसर में की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

श्री शर्मा ने बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य की अग्निवीर भर्ती का मुख्य केंद्र धमतरी जिला रहेगा, जिसके चलते बड़े पैमाने पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने, रनिंग ट्रैक एवं ग्राउंड की स्थिति, युवाओं के लिए अस्थायी ठहराव व्यवस्था, पंजीयन स्थल, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा एवं चिकित्सा प्रबंध का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान कर्नल श्री अरूण एवं एसडीएम श्री पीयूष तिवारी भी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि भर्ती रैली में अधिक से अधिक स्थानीय युवा चयनित हों, इसके लिए सभी विकासखंडों में निःशुल्क प्री-ट्रेनिंग कैंप चलाए जा रहे हैं।

इन कैंपों में युवा रनिंग, शारीरिक दक्षता, ऊँची कूद, लंबी कूद, मेडिकली फिटनेस, लिखित परीक्षा की तैयारी जैसे आवश्यक कौशलों का प्रशिक्षण ले रहे हैं। चयनित युवाओं के लिए विशेष कक्षाएं भी संचालित की जा रही हैं।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण का लाभ लेकर आगामी भर्ती रैली में भाग लें और अपने करियर को नई दिशा दें।

 

 

जिला स्तरीय महिला खेल-कूद प्रतियोगिता एवं युवा उत्सव का भव्य आयोजन

युवाओं ने दी 14 विधाओं की प्रस्तुति, कला देख दर्शक हुए मंत्रमुग्ध

विजेता प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

 

धमतरी 09 दिसम्बर 2025 – जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा नेहरू युवा केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में आज स्थानीय बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब धमतरी में जिला स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता एवं युवा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू राम निषाद सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। साथ ही विधायक धमतरी श्री आेंकार साहू, विधायक सिहावा श्रीमती अंबिका मरकाम, महापौर श्री रामू रोहरा, पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू अन्य जनप्रतिनिधि, सहित एसडीएम श्री पीयूष तिवारी, अधिकारी-कर्मचारी, प्रतिभागी और जिलेवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष श्री नेहरू राम निषाद ने जिला स्तरीय युवा उत्सव के लिए चयनित प्रतिभागितयों को बधाई देते हुए कहा कि यह मंच प्रतिभाओं के प्रदर्शन का मंच है। सभी प्रतिभागी अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि मेरा भारत युवा है। वर्ष 2047 तक भरत को विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने युवाओं को हर क्षेत्र में आगे आने की बात कही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धमतरी श्री ओंकार साहू ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व का मार्ग है। जिले की प्रतिभाएं लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और इन युवाओं को खेल सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने महिला खेल प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी से खेल क्षेत्र में नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव आ रहा है। खेल मैदान में बेटियों का आत्मविश्वास, समर्पण और साहस पूरे समाज को प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में सिहावा विधायक अंबिका मरकाम बतौर अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा ग्रामीण क्षेत्रों से उभर रही प्रतिभाएँ आज प्रदेश ही नहीं, देश का नाम रोशन कर रही हैं। बेटियों की सक्रिय भागीदारी हमारे समाज में समानता और सशक्तिकरण की मजबूत पहचान है। राज्य की खेल नीतियों के माध्यम से हम ग्रामीण खिलाड़ियों को और अधिक सुविधा एवं संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं के सर्वांगीण विकास को बल मिलता है। खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकारे युवाओं और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। महापौर ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला स्तरीय मंच से निकलकर यही प्रतिभाएं आगे चलकर राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें।

पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने विकासखण्ड स्तर पर चयनित होकर जिला स्तरीय युवा उत्सव में पहुंचे प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। सरकार युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए पूरा-पूरा सहयोग कर रही है। इसके साथ ही महिला, युवाओं, विद्यार्थियों सहित सभी वर्ग के लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं को हमेशा जीवन में बेहतर कर आगे बढ़ने के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।

 

 

3.लाईवलीहुड कॉलेज में दिया जाएगा असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन और फील्ड टेक्नीशियन का निःशुल्क प्रशिक्षण

आवेदन 20 दिसम्बर तक आमंत्रित

 

धमतरी, 09 दिसंबर 2025/मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी में असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन और फील्ड टेक्नीशियन (एयर कंडीशनर) का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। सहायक परियोजना अधिकारी ने बताया कि असिस्टेंड इलेक्ट्रिशियन के लिए 10 वीं पास और फील्ड टेक्नीशियन में प्रशिक्षण लेने के लिए 12 वीं पास युवा आगामी 20 दिसम्बर तक आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष तक होनी चाहिए। प्रशिक्षण के इच्छुक युवक-युवति शैक्षणिक योग्यता, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, राशन कार्ड और पासपोर्ट साईज फोटो के साथ सिविल कोर्ट के पास स्थित लाईवलीहुड कॉलेज में आवेदन जमा कर सकते हैं।

 

धमतरी में जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय गौधाम समिति की बैठक सम्पन्न

निराश्रित और घुमंतू पशुओं के संरक्षण हेतु प्रभावी रणनीति पर मंथन

धमतरी, 09 दिसंबर 2025/ कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में बीते सोमवार को जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय गौधाम समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में गौधाम योजना के बेहतर क्रियान्वयन, निराश्रित एवं घुमंतू पशुओं के संरक्षण और आधुनिक गौधामों की स्थापना पर विस्तृत चर्चा की गई।

  बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत श्री अरुण सार्वा ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना के तहत अधिक से अधिक आवेदन तैयार किए जाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि घुमंतू व बेसहारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय व संरक्षण मिले। वास्तविक अर्थों में गोसेवा का विस्तार ही योजना का प्रमुख लक्ष्य है।

  कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चयनित गौठानों के साथ-साथ सड़क दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के ऐसे गौठानों का चयन किया जाए, जहां पर्याप्त भूमि, पेयजल, बिजली और हरे चारे की उपलब्धता हो। इससे किसी भी पशु को असुविधा न हो और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया सुचारू रहे।

  छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग की जिला समिति के अध्यक्ष हेमराज सोनी ने योजना के मूल उद्देश्य बताए। उन्होंने कहा कि निराश्रित और घुमंतू पशुओं को आश्रय देना, गौ-उत्पादों के माध्यम से ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना और समाज में गोसेवा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना योजना की प्राथमिकता है।

  पशुधन विभाग के अतिरिक्त उप संचालक डॉ. टी.आर. वर्मा ने नस्ल सुधार पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि ग्रामों के सांडों का बधियाकरण आवश्यक है, जिससे कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा मिलेगा। उन्नत नस्ल के हिमीकृत लिंग वर्गीकृत वीर्य के उपयोग से दुग्ध उत्पादन बढ़ने की संभावनाएं भी साझा कीं।

  डॉ. मरकाम ने बताया कि जिले में इच्छुक संस्थाओं से गौधाम संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रथम चरण में राष्ट्रीय राजमार्ग के आसपास के ग्रामों में गौधाम स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों में निराश्रित, घुमंतू और जप्त पशुओं का वैज्ञानिक पद्धति से संरक्षण, चिकित्सा व पुनर्वास किया जाएगा। दुर्घटना में घायल व कमजोर पशुओं की देखरेख भी प्राथमिकता में होगी।

  पशु चिकित्सक सहायक शल्यज्ञ प्रमोद कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

 

घोषणा पत्र 12 अगस्त तक आमंत्रित

 

धमतरी, 09 दिसंबर 2025/ युवा कैरियर निर्माण योजनान्तर्गत प्री मेडिकल एवं प्री. इंजीनियरिंग परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण सेंटर में प्रवेश के लिए बीते 2 दिसंबर 2025 को प्राक्चयन परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसके आधार पर छात्र-छात्राओं की मेरिट सूची तैयार कर विभागीय वेबसाईट ूूwww.tribal.cg.gov.in पर अपलोड किया गया है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए मेसर्स कैरियर पॉइन्ट एडुकेट लिमिटेड साइंस कॉलेज कैम्पस, दीनदयाल उपाध्याय नगर, रायपुर का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि संस्था आवासीय है, हॉस्टल और मेस आदि की सुविधा निःशुल्क है। अभ्यर्थियों को कोचिंग संस्था के अनुशासन का पालन करना होगा। इस संबंध में घोषणा पत्र कलेक्टोरेट स्थित कक्ष क्रमांक-85 स्थित आदिवासी विकास विभाग में आगामी 12 दिसंबर 2025 तक घोषणा पत्र उपलब्ध कराते हुए उक्त प्रशिक्षण संस्था में 15 दिसंबर 2025 तक अनिवार्यतः उपस्थित देना सुनिश्चित करने कहा गया है। मेरिट सूची, घोषणा पत्र एवं योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी का अवलोकन विभागीय वेबसाईट www.tribal.cg.gov.in पर किया जा सकता है।

 

बड़ौदा आरसेटी में दिया जाएगा इलेक्ट्रिक मोटर रिवाइंडिंग और मरम्मत का प्रशिक्षण

आवेदन 12 दिसंबर तक आमंत्रित

धमतरी, 09 दिसंबर 2025/ बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (बडौदा आरसेटी) धमतरी में 30 दिवसीय निःशुल्क इलेक्ट्रिक मोटर रिवाइडिंग और मरम्मत प्रशिक्षण के लिए 12 दिसंबर तक आवेदन आमंत्रित है। प्रशिक्षण कार्यकम के दौरान बिजली के उपकरणों, बिजली, वर्तमान वोल्टेज और बिजली की बुनियादी बातों बिजली के मरम्मत में सुरक्षा सावधानियों प्रतिरोध कंडक्टर इन्सुलेटर और सेमी कंडक्टर वाल्टमीटर और एम्मिटर कनेक्शन एमसीबी, और टीपी मोटर्स, आरपीएम के प्रकार, वॉशिंग मशीन यूनिवर्सल मोटर व मिक्सर सभी प्रकार के मोटर रिवाइडिंग एवं मोटर मरम्मत आदि की जानकारी दी जायेगी।

निदेशक, बड़ौदा आरसेटी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उद्यमिता एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी भी दी जायेगी यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा प्रायोजित है।

इस प्रशिक्षण में ग्रामीण बेरोजगार जिनकी उम्र 18 वर्ष से 50 वर्ष के बीच है आवेदन कर सकते है। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय सुविधा से युक्त है। प्रशिक्षण हेतु 35 सीटे आरक्षित है । आवश्यक दस्तावेज में राशन कार्ड फोटोकापी, शैक्षणिक प्रमाणपत्र फोटोकापी, 4 पासपोर्ट फोटो, और आधार कार्ड एव मनरेगा जॉब कार्ड, बैंक पास बुक की फोटोकापी अपने साथ लेकर उपस्थित होना होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए निदेशक, बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (बड़ौदा आरसेटी) धमतरी, कलेक्टर परिसर, कम्पोजिट बिल्डिग के पीछे धमतरी अथवा फोन नंबर- 90093-08047, 97559-17024, 88394-68509 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

कलेक्टर ने विभागीय कर्मचारियों के समर्पित कार्य की प्रशंसा की

धमतरी, 09 दिसंबर 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

  जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जगरानी इक्का ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

  उन्होंने महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों की ई-केवाईसी की स्थिति जानी। जिन हितग्राहियों की केवाईसी नहीं हुई है, उन्हें सीएससी केंद्रों के माध्यम से तुरंत पूर्ण कराने को कहा।

  प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत स्वीकृत आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण की प्रगति भी ली गई। कलेक्टर ने अपूर्ण निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को,समय पर नाश्ता,गुणवत्तापूर्ण गर्म भोजन,स्वच्छता, नाखून काटने, सफाई और नियमित स्वास्थ्य जाँच की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने नगरी में कुपोषण मुक्त अभियान का प्रॉपर फॉलो अप लेने और रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए। जहां कुपोषण ज्यादा हो उन गांव में अजीम प्रेमजी का भी सहयोग ले । उन्होंने बड़ी पंचायत को कुपोषण मुक्त करने ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कारण उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए। कलेक्टर में एनआरसी में भर्ती बच्चों की जानकारी ली तथा उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनआरसी केंद्र की आवश्यक मरम्मत हेतु प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करे।

    कलेक्टर ने विभागीय कर्मचारियों के समर्पित कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों का सप्ताह में रैंडम निरीक्षण करें और निरीक्षण की फोटो ग्रुप में साझा करें।

    बैठक में पोषण ट्रैकर, सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल संरक्षण योजनाएं, सुपोषण अभियान, किशोरी बालिका योजना, पीएम मातृत्व वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम समेत अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

    कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त करना है। इसलिए सभी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

संबंधित पोस्ट

सुशासन तिहार में जनता से रूबरू हुईं विधायक भावना बोहरा, कहा— जनसेवा ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता

Sakshi Bansod

अवैध रेत खनन एवं परिवहन के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई, 07 वाहन जब्त किए गए कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग ने ग्राम जंवरगांव, अमेठी व भरारी की रेत खदानों में दी दबिश

Chunesh Sahu

आपसी कलह का खौफनाक अंजाम: पिता ने बेटों संग लगाई गंगा में छलांग, दो मासूमों की गई जान , एक नसीहत, गलत कदम से पहले सोचें

hindmedianews

हत्या: दुष्ट पति ने अपनी ही पत्नी का करंट लगा गला दबाकर कर दी हत्या  

hindmedianews

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की आवश्यक तैयारियां करने के कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने दिए निर्देश

Chunesh Sahu

ग्रामीणों के बीच भाजपा नेताओं ने सूनी मोदी जी के मन की बात ।

hindmedianews