
बेमेतरा। बाल दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला निनवा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) मेला उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। मेले का उद्देश्य बच्चों में मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान को रोचक गतिविधियों के माध्यम से बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली से पांचवीं तक के बच्चों ने भाषा, गणित एवं तर्कशक्ति से जुड़ी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। किसी ने अक्षर-पहचान खेल के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, तो किसी ने गणितीय पहेलियों को हल कर उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों को प्रभावित किया। बच्चों द्वारा तैयार सीखने-सिखाने की सामग्री, चार्ट, मॉडल और शैक्षणिक खेलों ने मेले में आकर्षण बढ़ाया।
शिक्षकों ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार एफएलएन कार्यक्रम बालकों में मजबूत शिक्षा की नींव रखने का प्रमुख आधार है। ऐसे मेले बच्चों की सीखने की गति बढ़ाते हैं और उन्हें विद्यालय के प्रति अधिक आत्मीय बनाते हैं।
मेले में स्कूल स्टाफ, अभिभावक और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बाल दिवस पर आयोजित यह शैक्षणिक आयोजन बच्चों के चेहरे पर मुस्कुराहट लेकर आया और सीखने की नई प्रेरणा छोड़ गया।





