hindmedianews
Breaking News
अन्यछत्तीसगढ़

सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों पर बैठक आयोजित — वाहन चालकों में अनुशासन और जनजागरूकता पर दिया गया जोर

IMG-20250714-WA0596
previous arrow
next arrow

 

धमतरी 16 अक्टूबर 2025/सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीएसपी श्री अभिषेक चतुर्वेदी एवं एडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी ने की। इस बैठक में बस यूनियन, ट्रक यूनियन, स्कूल बस यूनियन, ऑटो यूनियन एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

बैठक में वाहन चालकों में अनुशासन बनाए रखने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने एवं ऐसे मामलों में यूनियन स्तर पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी वाहनों की फिटनेस, बीमा, पंजीयन एवं परमिट अपडेट रखने के लिए कहा गया।

 

सीएसपी श्री चतुर्वेदी ने बताया कि शहर क्षेत्र एवं स्कूल जोन में निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन किया जाए और केवल स्पीड गवर्नर युक्त वाहनों का ही संचालन किया जाए। स्कूल बसों के लिए विशेष निर्देश दिए गए कि बच्चों को चढ़ाने-उतारने के समय वाहन पूरी तरह से रुके, बस पर “स्कूल बस” स्पष्ट अंकित हो, अटेंडर की उपस्थिति अनिवार्य हो तथा बस में अग्निशामक यंत्र और प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध हो।

 

बैठक में यह भी तय किया गया कि बस एवं ट्रक में ओवरलोडिंग न की जाए और अनावश्यक ओवरटेक से बचा जाए। सभी यूनियनों को अपने चालकों का स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण अनिवार्य रूप से करवाने के निर्देश दिए गए।

 

आपात स्थिति में दुर्घटना की सूचना तुरंत 112 (पुलिस) और 108 (एम्बुलेंस) पर देने एवं घायलों की मदद करने की अपील की गई।

 

साथ ही यह भी कहा गया कि सभी वाहन निर्धारित स्टैंड पर ही खड़े हों और यात्रियों को वहीं से बैठाया जाए। मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, प्रेशर हार्न का प्रयोग न करने तथा ट्रैक्टर के पिछले पहिये में लगे लोहे के डबल रिंग को पक्की सड़कों पर उपयोग न करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि इन नियमों का पालन सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनसुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी श्री मुजाहिद खान, यातायात प्रभारी श्री खेमराज साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

धमतरी में बाघ संरक्षण प्रशिक्षण सम्पन्न

धमतरी, 16 अक्टूबर 2025/- धमतरी वनमंडल के वन परिक्षेत्रों में बाघ के पगमार्क मिलने के बाद वन विभाग ने सुरक्षा और संरक्षण को और मजबूत बनाने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया।
नगरी तहसील के ग्राम दुगली, केकती सेंटर में आयोजित इस प्रशिक्षण में वन चौकीदार से लेकर वनमंडलाधिकारी स्तर के अधिकारी/कर्मचारी शामिल हुए। डॉ. राजेन्द्र मिश्रा, सदस्य जैव विविधता बोर्ड, रायपुर ने बाघ निगरानी, सुरक्षा, संरक्षण और रणनीति संबंधी मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एस.ओ.पी.) के तहत बाघ विचरण क्षेत्रों में पीईपी (प्रेशर इम्प्रैशन पैड) निर्माण, ट्रैकिंग, एंटी-स्नेयर वॉक और संयुक्त गस्ती दल द्वारा निगरानी जैसे विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ाने की रणनीतियों पर भी जोर दिया गया।
धमतरी जिले के जिला प्रमुख डी.एफ.ओ. ने बताया कि वन अमले द्वारा बाघ के पगमार्क की नियमित निगरानी की जा रही है और ग्रामीणों को सुरक्षा उपायों से अवगत कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य बाघ संरक्षण के साथ मानव-बाघ संघर्ष को न्यूनतम करना है।

 

 

3.धमतरी में गोवर्धन पूजा अवकाश संशोधित

 

धमतरी, 16 अक्टूबर 2025/ धमतरी जिले में दिनांक 21 अक्टूबर 2025 को गोवर्धन पूजा के अवसर पर घोषित स्थानीय अवकाश को संशोधित कर दिया गया है। इसके स्थान पर 10 दिसंबर 2025 को शहीद वीर नारायण सिंह बलिदान दिवस के रूप में स्थानीय अवकाश रहेगा। यह अवकाश सम्पूर्ण जिले में लागू होगा, लेकिन बैंक और कोषालय पर नहीं।

    कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज इस आशय का संशोधित आदेश जारी कर दिया है । 

   छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य में दिनांक 21 अक्टूबर 2025 को गोवर्धन पूजा पर्व के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था।

 

3.*भविष्य की खेती की दिशा में कदम: धमतरी में स्थापित हुए पाँच वेदर स्टेशन* 

धमतरी, 16 अक्टूबर 2025/- जिला प्रशासन धमतरी, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन तथा Agripilot.AI के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “फ्यूचर फार्मिंग – AI आधारित कृषि कार्यक्रम” के अंतर्गत कुरूद विकासखंड में पाँच अत्याधुनिक वेदर स्टेशन स्थापित किए गए हैं।इन वेदर स्टेशनों की स्थापना का उद्देश्य किसानों को मौसम की सटीक एवं समयपूर्व जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी कृषि गतिविधियों की योजना और प्रबंधन वैज्ञानिक ढंग से कर सकें।

   कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचपेड़ी, हंचलपुर, जुगदेही, गोबरा और चरमुड़िया में पंचायत कार्यालय प्रांगणों में ये वेदर स्टेशन स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक वेदर स्टेशन लगभग 1000 एकड़ क्षेत्रफल को कवर करेगा और आसपास के किसानों को रीयल-टाइम मौसम अपडेट प्रदान करेगा, जिससे फसल चयन, बुवाई, सिंचाई और कीटनाशक प्रबंधन जैसे कार्य अधिक सटीकता से किए जा सकेंगे।

   इस कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तमान में 20 गाँवों के 200 किसानों का पंजीयन किया गया है। पंजीकृत किसानों को मौसम आधारित कृषि निर्णय लेने में सहायता हेतु तकनीकी प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।

   स्थापना उपरांत आयोजित भूमि पूजन समारोह में ग्राम सरपंच, पंचगण, कृषि विभाग के जिला एवं ब्लॉक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान Agripilot.AI के विशेषज्ञ श्री शांतनु ने किसानों को वेदर स्टेशन के उपयोग व लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

   इस अवसर पर प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के वरिष्ठ एसोसिएट श्री दिनेश बोरसे ने बताया कि “मध्य भारत एवं छत्तीसगढ़ का यह पहला जिला और ब्लॉक है, जहाँ किसानों के हित में इस तरह की उन्नत तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।”

उन्होंने जिला प्रशासन धमतरी तथा कृषि विभाग की इस नवाचारपूर्ण पहल की सराहना की और इसे “स्मार्ट कृषि की दिशा में एक मील का पत्थर” बताया।

 

4.खुदुरपानी में “लईका घर” केंद्र का शुभारंभ

बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा लईका घर : श्री सार्वा

लईका घर बाल विकास की दिशा में नवाचारपूर्ण पहल : कलेक्टर श्री मिश्रा

 

धमतरी 16 अक्टूबर 2025/– नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा के आश्रित ग्राम खुदुरपानी में नव स्थापित “लईका घर केंद्र” का शुभारंभ आज जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा एवं कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा द्वारा फीता काटकर किया गया।

 

शुभारंभ अवसर पर अतिथियों ने केंद्र की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए पालकों से संवाद किया तथा बच्चों की देखभाल एवं पोषण संबंधी व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।

   जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने कहा कि “लईका घर” केंद्र 7 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के केंद्रों के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित, पोषित और सीखने का वातावरण प्राप्त होगा, जिससे उनका मानसिक और शारीरिक विकास सशक्त होगा।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “लईका घर शासन की मंशा के अनुरूप बाल देखभाल और पोषण सुधार का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस पहल से कामकाजी माताओं को भी सहूलियत मिलेगी और बच्चे एक सुरक्षित वातावरण में रहकर सीखने की प्रारंभिक आदत विकसित करेंगे।”

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र ग्राम में “लईका घर” स्थापित कर शिशु देखभाल और पोषण के स्तर में उल्लेखनीय सुधार लाया जाए।

   कार्यक्रम के दौरान मोबाईल क्रैशिज संस्था के प्रतिनिधियों द्वारा जानकारी दी गई कि नगरी विकासखंड में अब तक 53 लईका घर केंद्र संचालित हो चुके हैं। खुदुरपानी केंद्र में कुल 13 पात्र बच्चों का नामांकन किया गया है। शासन की प्राथमिकता के अनुरूप कमार बस्तियों जैसे विशेष पिछड़े क्षेत्रों में भी इन केंद्रों की स्थापना की जा रही है।

केंद्र प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होगा। बच्चों को तीन बार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा —सवेरे सत्तू-मड़िया का हलवा, दोपहर में चांवल-दाल, खिचड़ी, सब्जी, अंडा तथा सायंकाल सूजी का हलवा दिया जाएगा। कुपोषित बच्चों को अतिरिक्त भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

  लईका घर केंद्र का संचालन मोबाईल क्रैशिज संस्था द्वारा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से किया जा रहा है।

कार्यक्रम में अनुविभागीय दंडाधिकारी सुश्री प्रीति दुर्गम, तहसीलदार श्री शिवेंद्र सिन्हा, वनमंडल अधिकारी, जनपद पंचायत नगरी के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सरपंच श्रीमती मुकेश्वरी ध्रुव, उपसरपंच लखन मंडावी सहित ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि, मोबाईल क्रैशिज संस्था से श्री मुकेश कुमार वर्मा, श्रीमती सरोज पटेल, श्रीमती मंजूलता साहू, देखभाल कार्यकर्ता श्रीमती चमेली यादव एवं श्रीमती रिंकी साहू भी मौजूद रहीं।

 

5

कलेक्टर श्री मिश्रा ने नगरी में बन रही प्रतियोगी परीक्षा हेतु लाइब्रेरी का किया निरीक्षण

 

धमतरी, 16 सितंबर 2025/– कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज नगरी प्रवास के दौरान युवाओं के लिए बनाई जा रही प्रतियोगी परीक्षा तैयारी लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन भवन और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया । आवश्यकतानुसार बैठने की कुर्सियों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

   कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपयुक्त वातावरण मिलना चाहिए। इसके लिए उन्होंने लाइब्रेरी में कंप्यूटर एवं इंटरनेट सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राएं ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और मॉक टेस्ट का लाभ उठा सकें।

   उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों की मांग के अनुसार विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों के साथ अन्य उपयोगी संदर्भ पुस्तकें भी लाइब्रेरी में उपलब्ध कराई जाएं।

  जिले के युवाओं के उज्जवल भविष्य और प्रतियोगी परीक्षा की बेहतर तैयारी हेतु सभी विकासखंड मुख्यालयों में लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं। वर्तमान में मगरलोड, कुरूद और नगरी में लाइब्रेरी निर्माण कार्य प्रगति पर है। शीघ्र ही अन्य विकासखंडों में भी लाइब्रेरी प्रारंभ की जाएंगी। इस अवसर पर एसडीएम नगरी सुश्री प्रीति दुर्गम, सीएमओ नगरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

6.

रजत जयंती वर्ष में कृषि विभाग द्वारा जिला स्तरीय किसान मेला का आयोजन

 

धमतरी, 16 अक्टूबर 2025/– छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती महोत्सव के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन – तिलहन के अंतर्गत जिला स्तरीय किसान मेला आयोजित किया जा रहा है।

यह मेला दिनांक 17 अक्टूबर 2025, दिन शुक्रवार को प्रातः 10 बजे से नवीन कृषि उपज मंडी परिसर, श्यामतराई (धमतरी) में आयोजित होगा।

  इस अवसर पर जिले के कृषकों को तिलहन फसलों के उत्पादन, प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्धन से संबंधित नवीन तकनीकों की जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही कृषि विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा ।

 

7.

*जिला धमतरी में 56 नये मतदान केन्द्र सृजित

अब जिले में कुल 809 मतदान केन्द्र होंगे संचालित*

 

*धमतरी, 16 अक्टूबर 2025/– भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा जिले में मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण (Rationalization) के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। आयोग की स्वीकृति के पश्चात् जिले में कुल 56 नये मतदान केन्द्र सृजित किये गये हैं, जिससे जिले में अब कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 809 हो गई है।*

  *प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधानसभा क्षेत्र 56–सिहावा (अ.ज.जा.) में 8 नये मतदान केन्द्र, 57–कुरूद में 22 नये मतदान केन्द्र तथा 58–धमतरी में 26 नये मतदान केन्द्र शामिल किये गये हैं। इस प्रकार जिले में क्रमशः सिहावा में 267, कुरूद में 259 तथा धमतरी में 283 मतदान केन्द्र स्थापित रहेंगे।*

  *मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार, मतदान केन्द्रों में किये गये परिवर्तनों की जानकारी संबंधित तहसील कार्यालयों, स्थानीय निकायों एवं पंचायत भवनों के नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक निरीक्षण हेतु उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही इन परिवर्तनों का जनता के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए ताकि मतदाताओं को नवीन मतदान केन्द्रों की जानकारी समय पर प्राप्त हो सके।*

    *उप जिला निर्वाचनअधिकारी, धमतरी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और की गई कार्यवाही की सूचना तत्काल जिला कार्यालय को भेजने कहा है ।*

संबंधित पोस्ट

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत समीक्षा बैठक संपन्न

Chunesh Sahu

नारी शक्ति सम्मेलन का भव्य आयोजन, 33% आरक्षण को लेकर महिलाओं ने किया जोरदार समर्थन व्यक्त

Sakshi Bansod

जिला स्तरीय प्रोसेस लैब का समापन: ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के तहत आदिवासी विकास को नई दिशा**

Chunesh Sahu

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक के द्वारा जिले वासियों को दीपावली त्यौहार की बधाई एवं शुभकामनाएं देकर सुरक्षा संबंधी दी गई जानकारी।

hindmedianews

कलेक्टर ने किया धान खरीदी का औचक निरीक्षण , पारदर्शी एवं सुचारू रूप से खरीदी सुनिश्चित करने दिए निर्देश

Chunesh Sahu

ग्राम जोरातराई आर में भव्य रात्रिकालीन टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

Chunesh Sahu