hindmedianews
Breaking News
अन्यछत्तीसगढ़

*धमतरी जिले में सौर सुजला योजना – किसानों की खुशहाली का नया सूरज*

IMG-20250714-WA0596
previous arrow
next arrow

*रजत जयंती महोत्सव पर विशेष*

 

*धमतरी जिले में सौर सुजला योजना – किसानों की खुशहाली का नया सूरज*

 

*धमतरी, 14 अक्टूबर 2025/–छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वर्ष 2016-17 में प्रारंभ की गई सौर सुजला योजना आज राज्य के किसानों के जीवन में खुशहाली का नया अध्याय लिख रही है। विशेषकर धमतरी जिले में यह योजना किसानों के लिए संजीवनी साबित हुई है। जहां पहले किसान केवल वर्षा आधारित खेती पर निर्भर रहते थे और सिंचाई की कमी से उत्पादन प्रभावित होता था, वहीं अब सूर्य की ऊर्जा से संचालित सोलर पंप किसानों के लिए बारहमासी खेती का भरोसेमंद साधन बन गए हैं।*

 

*किसानों के जीवन में नई रोशनी*

 

*धमतरी जिले में अब तक कुल 3068 सोलर पंपों की स्थापना छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (क्रेडा) द्वारा की जा चुकी है। इन पंपों से किसानों को धान, गेहूं, मक्का, दलहन, तिलहन, सब्ज़ी और फल-फूल जैसी फसलों का उत्पादन बड़े पैमाने पर करने का अवसर मिला है।गांव-गांव में किसान अब एक सीजन की जगह पूरे साल खेती कर पा रहे हैं, जिससे उनकी आय दोगुनी हुई है और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आया है।*

 

*किसानों की जुबानी – सौर पंप से मिली नई उम्मीद*

 

  *ग्राम गोरेगांव के किसान श्री अमृत लाल बताते हैं कि पहले बरसात पर ही खेती करना पड़ता था। बिजली की लाइन खेत तक नहीं पहुंची थी। अब सौर पंप लगने से साल भर सब्ज़ी और धान की खेती कर पा रहा हूँ। आमदनी भी बढ़ गई है और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई अच्छे से कर पा रहा हूँ।*

  ग्राम चिपली के लक्ष्मी नाथ का कहना है –कि 

“डीजल पंप से खेती करना बहुत महंगा पड़ता था। तेल के दाम भी बढ़ते रहते थे। अब सूरज की रोशनी से खेतों को पानी मिलता है, कोई खर्च नहीं होता। यह योजना हम जैसे छोटे किसानों के लिए वरदान है।”

   *ग्राम भोथली के युवा किसान श्री रामेश्वर ने उत्साहित होकर कहा – पहले गांव में खेती छोड़कर बाहर नौकरी ढूँढने जाना पड़ता था। अब सोलर पंप से अच्छी खेती-बाड़ी हो रही है ।*

  कई महिला किसान सब्ज़ी की खेती कर शहर में बेच रही है । महीने में इतना कमा लेती है कि बाहर जाने की ज़रूरत ही नहीं रही।”

 

*छोटे और सीमांत किसानों के लिए वरदान*

 

*इस योजना के अंतर्गत किसानों को 90 प्रतिशत तक अनुदान शासन द्वारा दिया जाता है। केवल शेष राशि उन्हें अंशदान के रूप में देनी होती है। इतना ही नहीं, एनिकट, स्टॉप डेम एवं चेक डेम के किनारों पर 3 से 5 एचपी क्षमता वाले सरफेस सोलर पंप 97 प्रतिशत अनुदान पर लगाए जा रहे हैं। इससे जल स्रोत के पास बसे छोटे और सीमांत किसान अत्यधिक लाभान्वित हो रहे हैं।*

 

*लक्ष्य और उपलब्धियां*

 

*वित्तीय वर्ष 2024-25 में सौर सुजला योजना के सातवें चरण में धमतरी जिले को 400 सोलर पंपों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इसके विरुद्ध अब तक 252 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनकी स्वीकृति और स्थापना प्रक्रिया क्रेडा द्वारा की जा रही है। वहीं वर्ष 2025-26 के फेस-09 अंतर्गत जिले को 205 सोलर पंप का लक्ष्य मिला है, जिनमें से 165 पंप स्थापित किए जा चुके हैं और शेष पर तेजी से कार्य चल रहा है।*

 

*आर्थिक व सामाजिक परिवर्तन*

 

*इस योजना ने जिले की कृषि व्यवस्था को एक नई दिशा दी है। किसान अब खरीफ और रबी दोनों मौसम में खेती कर रहे हैं। उत्पादन बढ़ने से उनकी आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। अतिरिक्त पैदावार से न केवल किसानों की आय दोगुनी हुई है, बल्कि गांवों में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।खेतों में मजदूरों, परिवहन और कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों में रोजगार मिलने से बेरोजगारी की समस्या भी घट रही है।*

 

*पर्यावरण और सतत विकास की ओर कदम*

 

*सौर ऊर्जा आधारित पंप पर्यावरण की दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी हैं। जहां डीजल और बिजली से चलने वाले पंप प्रदूषण और खर्च दोनों बढ़ाते थे, वहीं सौर पंप प्रदूषणमुक्त, किफायती और दीर्घकालीन समाधान प्रदान कर रहे हैं। यह योजना सतत विकास और हरित क्रांति की दिशा में एक मजबूत कदम है।*

निष्कर्ष

*छत्तीसगढ़ के रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर यह कहना उचित होगा कि सौर सुजला योजना केवल सिंचाई का साधन नहीं है, बल्कि किसानों के लिए ऊर्जा, आत्मविश्वास और समृद्धि का प्रतीक बन चुकी है। किसानों की ज़ुबानी उनके अनुभव इस बात का प्रमाण हैं कि सूरज की रौशनी अब खेतों के साथ-साथ उनके जीवन को भी रोशन कर रही है।*

 *यह योजना न सिर्फ कृषि उत्पादन को नई ऊंचाई दे रही है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान कर रही है। आने वाले समय में इसके विस्तार से प्रदेश का कृषि क्षेत्र नई उड़ान भरेगा और किसान समृद्धि की राह पर और तेजी से आगे बढ़ेंगे।*

 

*समाचार*

*धान खरीदी केन्द्रों में सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश*

 

*किसान हित सर्वोपरि धान खरीदी में कोई पात्र कृषक न छूटे : कलेक्टर*

 

*कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में धमतरी जिले की सराहना, कलेक्टर ने टीम को दी बधाई*

 

’धमतरी, 14 अक्टूबर 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर आगामी 15 नवम्बर से प्रारंभ होने वाली समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक धान खरीदी केन्द्र में स्वच्छता, पेयजल, छायादार व्यवस्था, बारदाना, तोलक कांटा, परिवहन व्यवस्था तथा कंट्रोल रूम की स्थापना समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र किसान धान विक्रय से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।

 कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिचौलियों,कोचिया और अवैध धान परिवहन पर कड़ी निगरानी रखी जाए और आवश्यकता अनुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रीता यादव, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

   कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस में धमतरी जिले की कार्यप्रणाली की सराहना की गई। जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति कल्याण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री जनमन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर जैसी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन की प्रशंसा मुख्यमंत्री द्वारा की गई। इस उपलब्धि पर कलेक्टर ने समस्त जिला अधिकारियों एवं टीम को बधाई दी और कहा कि शासन एवं प्रशासन की मंशा के अनुरूप जनहित में इसी प्रकार बेहतर कार्य करते रहें।

        उन्होंने मुख्यमंत्री के निर्देशों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्यालयीन समय का पालन करें। लोक निर्माण विभाग को उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों की मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने तथा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों जैसे कोलियारी चौक, भखारा चौक, कुकरेल और सिहावा चौक की सड़कों के सुधार कार्य तत्काल आरंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों एवं ढाबों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

   स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि मलेरिया या अन्य संक्रामक रोग का कोई भी मामला सामने आने पर तत्काल मरीज को जिला अस्पताल लाकर उचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे।

   कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को उत्कृष्ट पहल बताते हुए अधिकारियों से कहा कि इस योजना का अधिकतम लाभ जनता तक पहुंचाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार एवं शिविरों का आयोजन किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि एनआरएलएम एवं क्लस्टर लेवल फेडरेशन को वेंडर के रूप में पंजीकृत कर उन्हें भी इस योजना से जोड़ें।

   बैठक के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं समय-सीमा के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

 

3.*रबी सीजन 2025-26 हेतु प्रमाणित बीजों की विक्रय दर निर्धारित*

 

धमतरी, 14 अक्टूबर 2025/ – रबी सीजन 2025-26 के लिए स्तरीय बीज विक्रय दर निर्धारण समिति की बैठक में अनाज, दलहन एवं तिलहन फसलों के प्रमाणित बीजों की विक्रय दरें निर्धारित की गईं।

 

समिति द्वारा तय दरों के अनुसार —

 

क्रमांक फसल योजना / किस्म प्रति क्विंटल विक्रय दर (₹)

1 गेहूं (ऊंची किस्में) समस्त किस्में 4,085

2 गेहूं (बौनी किस्में) 10 वर्ष के अंदर – 3,711 10 वर्ष के बाहर – 4,048 

3 रागी समस्त किस्में 7,400

4 चना 10 वर्ष के अंदर – 7,467 10 वर्ष के बाहर – 8,957 

5 मटर 10 वर्ष के अंदर – 8,420 10 वर्ष के बाहर – 9,315 

6 मसूर 10 वर्ष के अंदर – 11,020 10 वर्ष के बाहर – 11,022 

7 मूंग 10 वर्ष के बाहर – 13,341 

8 उड़द 10 वर्ष के बाहर – 13,571 

9 तिवड़ा समस्त किस्में – 6,209 

10 सरसों 10 वर्ष के अंदर – 9,511 10 वर्ष के बाहर – 8,374 

11 अलसी समस्त किस्में – 12,329 

12 मूंगफली 10 वर्ष के अंदर – 10,647 10 वर्ष के बाहर – 8,858 

13 तोरिया समस्त किस्में – 9,883 

 

आधार बीज की विक्रय दर प्रमाणित बीज से ₹100 प्रति क्विंटल अधिक होगी।

   बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं में प्रावधान अनुसार उत्पादन एवं वितरण अनुदान घटाकर विक्रय दरें निर्धारित की गई हैं। योजनाओं में वितरित बीजों के देयक अनुदान जोड़कर जारी किए जाएंगे।

   कृषि विभाग द्वारा उत्पादन एवं वितरण अनुदान की राशि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड को प्रावधान अनुसार देय होगी। विभागीय योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित भौतिक लक्ष्यों के आधार पर योजनावार, फसलवार बीज विक्रय दर की जानकारी उप संचालक कृषि को पृथक रूप से भेजी जाएगी।

    किसानों के लिए लाभदायक पहल इस निर्णय से प्रदेश के किसानों को प्रमाणित व गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर एवं उचित दरों पर उपलब्ध हो सकेंगे। बीज दरों में पारदर्शिता और अनुदान का समुचित समायोजन किसानों के लिए आर्थिक रूप से राहत प्रदान करेगा। इससे रबी सीजन की बोआई सुचारू रूप से हो सकेगी और फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी।

 

4.*जिला धमतरी में रेत खदानों की ई-नीलामी की प्रक्रिया प्रारंभ*

– *इच्छुक बोलीदाता 6 से 12 नवम्बर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन*

 

धमतरी, 14 अक्टूबर 2025/–, जिला धमतरी, छत्तीसगढ़ द्वारा छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के नियम-7 के अंतर्गत प्रथम चरण में दो साधारण रेत उत्खनन पट्टा खदानों का आंबटन इलेक्ट्रॉनिक नीलामी (रिवर्स ऑक्शन) के माध्यम से किया जाना प्रस्तावित है।

   इस अंतर्गत जिले की दो खदानें — 1. मुड़पार (तहसील धमतरी) तथा 2. तेंदूकोना (तहसील धमतरी) — ई-नीलामी के माध्यम से आवंटित की जाएंगी।

 

  जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि अर्हता प्राप्त इच्छुक बोलीदाता एमएसटीसी (MSTC) के ऑनलाइन पोर्टल https://www.mstcecommerce.com/auctionhome/mmb/sandcg/index.jsp के माध्यम से ई-नीलामी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

 

तकनीकी एवं वित्तीय बोली प्रस्तुत करने की तिथि 06 नवम्बर 2025 से 12 नवम्बर 2025 तक निर्धारित की गई है। उक्त अवधि में प्रत्येक कार्यदिवस को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक ऑनलाइन बोली जमा की जा सकेगी।

 

निविदा की नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी MSTC पोर्टल, खनिज साधन विभाग की वेबसाइट https://chhattisgarhmines.gov.in, जिला धमतरी की वेबसाइट https://dhamtari.gov.in, तथा कार्यालय कलेक्टर (खनिज शाखा) धमतरी के सूचना पटल सहित संबंधित ग्राम पंचायत/जनपद पंचायत/जिला पंचायत कार्यालयों में उपलब्ध है।

संबंधित पोस्ट

*राष्ट्रीय महामंत्री से दिल्ली में मुलाकात किए :- अजेंद्र साहू भाजयुमो महामंत्री* 

Chunesh Sahu

संत गुरू घासीदास बाबा संत समागम मेला में कैबिनेट मंत्री श्री अकबर शामिल हुए

hindmedianews

सूदखोर वीरेंद्र तोमर को पांच दिन की रिमांड के बाद आज फिर कोर्ट में पेश करेगी पुलिस, जेल भेजने की तैयारी तेज

Sakshi Bansod

EPISODE_02। *THE JUVENILE टॉर्चर *नाबालिग पर थर्ड डिग्री टॉर्चर, पट्टे से मार… आख़िर कैसे नाबालिग पर अत्याचार..?.???..* मामले में हो सकती है बड़ी कार्यवाही

Chunesh Sahu

राहुल गांधी ने सभा में लगाया घोषणाओं का अंबार भूमिहीन खेतिहर मजदूरों को मिलेगा सालाना 10 हजार रूपए तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा सालाना 4000 रूपए बोनस

hindmedianews

जिले के विकास कार्यों को लेकर कलेक्टर और भाजपा प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई महत्वपूर्ण चर्चा*

Chunesh Sahu