कवर्धा। पत्रकारिता के कार्य के इच्छुक युवक से 20 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित अजय जांगड़े ने कबीरधाम पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, नवंबर 2024 में अजय जांगड़े को एक कॉल आया, जिसमें खुद को INDIA VOICE चैनल से जुड़े होने का दावा करते हुए कबीरधाम जिले के प्रतिनिधि पद की पेशकश की गई। कॉल करने वाले ने बताया कि उसे वायरलेस माइक, आईडी कार्ड जारी किया जाएगा और हर महीने तीन हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।
इसके एवज में कॉल करने वाले ने 20 हजार रुपये की मांग की। रोजगार पाने की उम्मीद में अजय ने 13 नवंबर 2024 को शाम 4:33 बजे फोनपे के माध्यम से 10 हजार रुपये दिए और 10 हजार रुपये नगद सौंपे। शिकायत में आरोप है कि यह राशि मनोज शुक्ला नामक व्यक्ति ने ली।
पीड़ित के मुताबिक, अब तक न तो आईडी कार्ड मिला, न माइक, और न ही मानदेय का भुगतान हुआ। केवल व्हाट्सऐप पर एक नियुक्ति पत्र भेजा गया, जिसे पुलिस विभाग ने मान्य नहीं माना।
अजय जांगड़े ने पुलिस अधीक्षक से निवेदन किया है कि आरोपी से उसकी राशि वापस कराई जाए और धोखाधड़ी करने वाले के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।






