
पंडरिया: सहायक शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर को हाल ही में आयोजित एकदिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में उनके उत्कृष्ट शैक्षिक और सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह संगोष्ठी महिला सशक्तिकरण की प्रेरणास्त्रोत सावित्रीबाई फुले की जयंती के उपलक्ष्य में डॉ. अंबेडकर पे बैक टू सोसायटी छत्तीसगढ़ द्वारा दिनांक 5 जनवरी 2025 को जिला पंचायत ऑडिटोरियम, जांजगीर में आयोजित की गई।
शिक्षक बांधेकर ने इस अवसर पर “माता सावित्रीबाई फुले की शिक्षानीति और प्रभाव” विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उनके शोध पत्र को राष्ट्रीय स्तर की पुस्तक “अंतर्दृष्टि वामा” में प्रकाशित किया गया, जिसका विमोचन भी इस संगोष्ठी के दौरान किया गया।
सहायक शिक्षक बांधेकर की बुद्धिमत्ता और सामाजिक सृजनात्मक सहभागिता के लिए उन्हें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. इंदु अनंत (कुलसचिव, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़), एस. पी. वैद्य (अपर कलेक्टर, जांजगीर), आयुष्मति उषा ताई बौद्ध (राष्ट्रीय अध्यक्ष, पारिवारिक धम्म संगोष्ठी, नागपुर) और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में सम्मान पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
इस मौके पर विजय लहरे (बीईओ), श्रीमती पुष्पा दिवाकर (एबीईओ बलौदा), डॉ. अजय कुमार पटेल (सहायक प्राध्यापक, शासकीय इंजीनियरिंग विभाग, कोरबा), डॉ. अर्चना आसटकर (सहायक प्राध्यापक, शासकीय नागार्जुन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रायपुर) समेत कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित थे।
शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर को यह सम्मान उनके द्वारा शिक्षा, समाज और महिलाओं की सशक्तिकरण के प्रति किए गए समर्पण के लिए दिया गया है।





