





पोषण माह का आयोजन एक सितम्बर से जिले में किया जाएगा। कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा ने इसके लिए शासन द्वारा तय दैनिक गतिविधि अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन अंतर्विभागीय समन्वय से करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसमें पंचायत ग्रामीण विकास, आजीविका मिशन, नगरीय निकाय, उद्यानिकी, कृषि, स्वास्थ्य, आयुष, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, वन, शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, श्रम इत्यादि विभाग शामिल हैं। इस दौरान जिले में विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक एक सितम्बर को पोषण रैली निकाली जाएगी। इसी तरह दो सितम्बर को उद्यानिकी विभाग द्वारा पोषण वाटिका पर प्रशिक्षण दिया जाएगा, वहीं तीन सितम्बर को वन और उद्यानिकी विभाग द्वारा पोषण वाटिका के लिए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

