
अजय जांगड़े
कवर्धा,पंडरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनपुरी क्षेत्र के ग्राम सेमरकापा में 1 मई 2025 को प्रस्तावित एक दिवसीय मेला आयोजन अब शुरू होने से पहले ही सवालों के घेरे में आ गया है। आयोजन को लेकर जहां एक ओर बड़े राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी की घोषणा की गई है, वहीं दूसरी ओर बुनियादी स्तर पर प्रचार-प्रसार की घोर कमी ने इसकी सफलता पर गंभीर आशंकाएं खड़ी कर दी हैं।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा द्वारा की जाएगी। बावजूद इसके, हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े स्तर के आयोजन के लिए अब तक न तो प्रभावी मीडिया कवरेज सुनिश्चित किया गया है और न ही पोस्टर, बैनर या डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कोई व्यापक प्रचार अभियान चलाया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि बिना पूर्व सूचना और जनजागरूकता के इस तरह के आयोजनों में भीड़ जुटाना मुश्किल होता है। ऐसे में कार्यक्रम के फीका पड़ने और अपेक्षित जनसहभागिता न मिलने की आशंका जताई जा रही है।
इधर, आयोजन में राजनीतिक पक्षपात के आरोप भी सामने आने लगे हैं। चर्चा है कि कार्यक्रम में केवल एक विशेष दल से जुड़े लोगों को ही प्रमुखता दी जा रही है, जिससे अन्य सामाजिक एवं विचारधारात्मक समूहों में असंतोष पनप रहा है। कट्टर सामाजिक कार्यकर्ताओं और गैर-राजनीतिक वर्गों की दूरी इस आयोजन को लेकर साफ तौर पर महसूस की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो आयोजन के पीछे किसी विशेष भाजपा रणनीति का उद्देश्य पूर्ति होगा। लेकिन जिस तरह से तैयारियों में पारदर्शिता और संतुलन की कमी नजर आ रही है, उससे यह मेला अपने उद्देश्य से भटकता हुआ दिखाई दे रहा है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि आयोजन के अंतिम समय में क्या प्रचार-प्रसार को गति मिल पाती है या यह मेला भी कागजी दावों और राजनीतिक उपस्थिति तक ही सीमित रह जाएगा।





