hindmedianews
Breaking News
अन्यछत्तीसगढ़

कलेक्टर ने किया धान खरीदी का औचक निरीक्षण , पारदर्शी एवं सुचारू रूप से खरीदी सुनिश्चित करने दिए निर्देश

IMG-20250714-WA0596
previous arrow
next arrow

 

कलेक्टर ने किया धान खरीदी का औचक निरीक्षण , पारदर्शी एवं सुचारू रूप से खरीदी सुनिश्चित करने दिए निर्देश

चुनेश । धमतरी
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने सोमवार देर शाम जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों अछोटा, बोरसी, सलोनी, मोहंदी एवं लीलर-माकरदोना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया का गहन अवलोकन करते हुए टोकन कटने की स्थिति, किसानों द्वारा धान विक्रय, रकबा समर्पण एवं धान उठाव की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली। एडीएम इंदिरा देहारी कलेक्टर मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों के टोकन कट चुके हैं, उनका धान प्राथमिकता के आधार पर खरीदा जाए तथा किसी भी किसान को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में छोटे एवं वास्तविक किसानों को विशेष प्राथमिकता दी जाए, जिससे उन्हें समय पर लाभ मिल सके। रकबा समर्पण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं फर्जी बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि धान खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप संचालित होनी चाहिए। कलेक्टर मिश्रा ने यह भी निर्देशित किया कि जिन किसानों ने पहली बार धान बिक्री हेतु टोकन कटवाया है, उनके खेतों एवं घर जाकर राजस्व अधिकारियों द्वारा फसल का भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध धान बिक्री पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्तियों के
विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए धान उठाव की प्रक्रिया को और अधिक शीघ्र करने के
निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शासन की धान खरीदी योजना का लाभ उन्हें समयबद्ध रूप से प्राप्त हो सके। उन्होंने अधिकारियों एवं समिति सदस्यों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए धान खरीदी को सुचारू,पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने की अपील की।

 

 

स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर सभापति कौशल्या देवांगन ने माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किय

चुनेश साहू । धमतरी

पूरे विश्व को आध्यात्म का संदेश देने वाले महान युग प्रवर्तक एवं युवाओं के प्रेरणास्त्रोत स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए नगर निगम धमतरी की सभापति कौशिल्या देवांगन ने रत्नाबांधा कॉलेज मोड़ स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में पार्षदगण तथा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी,कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी सुविचारों के समागम रहे हैं, जिन्होंने अपनी अद्भुत विचारधारा से पूरी दुनिया को प्रेरित किया। उनका संदेश “उठो, जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” आज भी हर युवा को सफलता के मार्ग पर अग्रसर करता है।
उन्होंने आगे कहा कि स्वामी विवेकानंद भारत के महानतम धर्मगुरुओं में से एक थे। उनके विचार, प्रवचन और जीवन-दर्शन ने विश्वभर में लाखों लोगों को नई दिशा दी है। शिकागो में दिया गया उनका ऐतिहासिक भाषण आज भी भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और वैचारिक शक्तियों का सर्वोत्तम उदाहरण माना जाता है, जिसने पूरे विश्व में सनातन धर्म की गौरवशाली पहचान को स्थापित किया।

स्वामी विवेकानंद जी की प्रभावशाली आभा, तर्कयुक्त विचार और गहन धार्मिक ज्ञान लोगों के हृदय में आज भी अमिट छाप छोड़ते हैं। इसी कारण उनकी जयंती को देशभर में राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा मिल सके।

 

3.

धमतरी पुलिस ने सनसनीखेज हत्या प्रयास का खुलासा किया: अवैध प्रेम संबंध बने कारण

चुनेश साहू । धमतरी,

थाना सिहावा पुलिस ने ग्राम सांकरा में 4 जनवरी को दन्तेश्वरी तालाब पचरी में हुए जानलेवा हमले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसपी धमतरी के निर्देश पर थाना प्रभारी की त्वरित कार्रवाई से एक सप्ताह में मामला सुलझा।पीड़ित धनेश्वर जोगी (35 वर्ष) पर अज्ञातों ने सिर व पीठ पर ठोस वस्तु से हमला कर गंभीर घायल कर दिया था। थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 01/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू हुई। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पीड़ित का आरोपी जितेन्द्र कुमार चंदनिया की पत्नी से अवैध प्रेम संबंध थे। इससे जितेन्द्र का पीड़ित व पत्नी से पुराना विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन पीड़ित का चन्द्रप्रकाश चंदनिया की पत्नी से भी झगड़ा हुआ।आक्रोशित दोनों भाइयों जितेन्द्र (38 वर्ष) व चन्द्रप्रकाश (43 वर्ष) ने षड्यंत्र रच पीड़ित की शाम की दिनचर्या का फायदा उठाया। 4 जनवरी शाम 6 बजे अंधेरे में जितेन्द्र ने लोहे के हथौड़े से पीड़ित के सिर पर वार किया। गिरते ही चन्द्रप्रकाश ने लात मारकर दोबारा गिराया। पूछताछ में अपराध कबूलने पर दोनों का मेमोरेंडम कथन
लिया गया। हथौड़ा जप्त कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।आरोपी सतनामी पारा सांकरा के निवासी हैं। पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस की सतर्कता से न्याय मिला।

 

4.स्वामी विवेकानंद जयंती पर कुरूद नगर पालिका का विधिवत शुभारंभ

17.76 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी 1.76 करोड़ रुपये की अतिरिक्त घोषणाएँ

 

चुनेश साहू । धमतरी

 

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री, अरुण साव ने स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद कुरूद का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 17.76 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किए जा रहे विभिन्न नगर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने की, जबकि अति विशिष्ट अतिथि लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद कुरूद की अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानु चंद्राकर रहीं। मुख्य अतिथि का स्वागत जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने किया।

  इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री साव ने केनाल रोड स्थित नवनिर्मित परिसर में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित स्वामी विवेकानंद मंगल भवन एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का लोकार्पण किया। इसी परिसर से नगर पालिका परिषद कुरूद का औपचारिक शुभारंभ भी हुआ। अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कुरूदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधापूर्ण बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शहरीकरण की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सिटी डेवलपमेंट प्लान के अनुरूप योजनाबद्ध विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुरूद को हमारी सरकार के कार्यकाल में नगर पालिका का दर्जा दिया गया है तथा नए नगर पालिका भवन की स्वीकृति भी प्रदान की गई है, जिसका आज भूमि पूजन किया गया।

     उप मुख्यमंत्री साव ने कुरूद के लिए 1.76 करोड़ रुपये की अतिरिक्त घोषणाएँ करते हुए स्वामी विवेकानंद मंगल भवन से बड़े नाले तक कबर ब्लॉक एवं विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए 1.46 करोड़ रुपये तथा स्ट्रीट लाइट ट्रक माउंटन क्रय हेतु 30 लाख रुपये स्वीकृत किए।

      उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि खेल, शिक्षा और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार से कुरूद क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। स्टेडियम, इंडोर स्पोर्ट्स हॉल, स्मार्ट लाइब्रेरी और व्यवसायिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं युवाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि नगर विकास कार्यों का सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा और जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

         उन्होंने बताया कि आज जिन प्रमुख कार्यों का लोकार्पण किया गया, उनमें 1.32 करोड़ रुपये की लागत से स्वामी विवेकानंद मंगल भवन एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण, अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में 1 करोड़ रुपये की लागत से बैडमिंटन कोर्ट निर्माण, 2 करोड़ रुपये की लागत से मिनीमाता व्यवसायिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, शहर के विभिन्न मार्गों पर 1.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ऑक्टेंगल पोल एवं एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना तथा नालों का रिनोवेशन एवं सौंदर्यीकरण शामिल हैं।

    कार्यक्रम में 10.53 करोड़ रुपये की लागत के कार्यों का शिलान्यास भी किया गया, जिनमें मंडी रोड के पास नवीन नगर पालिका कार्यालय भवन निर्माण (168 लाख रुपये), स्टेडियम में मल्टीपरपस इंडोर स्पोर्ट्स हॉल (416 लाख रुपये), जेडी कॉलोनी के पास इंडोर स्टेडियम एवं रंगमंच (274 लाख रूपये), जलसन एवं मरही तालाब का उन्नयन (116 लाख़ रूपये) तथा वार्ड क्रमांक 14 में स्मार्ट लाइब्रेरी (19 लाख रूपये) निर्माण शामिल है।

      सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से शहरी अधोसंरचना सुदृढ़ हो रही है। कुरूद को नगर पालिका का दर्जा मिलने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

   कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जयंती के पावन अवसर पर कुरूद नगर पालिका का शुभारंभ क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा कि कुरूद को नगर पालिका का दर्जा मिलना केवल प्रशासनिक परिवर्तन नहीं, बल्कि यहां के नागरिकों के सपनों और अपेक्षाओं को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे नगर के विकास को नई गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं में व्यापक विस्तार होगा।

    चंद्राकर ने कहा कि उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय निकाय मंत्री अरुण साव के नेतृत्व में राज्य सरकार नगरीय विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। नगर पालिका बनने से कुरूद को अब योजनाबद्ध विकास, बेहतर अधोसंरचना, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, सुव्यवस्थित नालियां, स्वच्छता, खेल सुविधाएं और शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि नगर के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कुरूद एक सुव्यवस्थित, सुंदर और आत्मनिर्भर नगर के रूप में विकसित होगा। उन्होंने उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कुरूद के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

  उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे नगर पालिका प्रशासन के साथ मिलकर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और नागरिक अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें। चंद्राकर ने विश्वास जताया कि शासन, प्रशासन और जनता के समन्वय से कुरूद आने वाले समय में जिले का एक आदर्श नगर बनेगा। अंत में उन्होंने उप मुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कुरूद के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने नगर के विकास के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया

 

 

धमतरी के आदिवासी अंचल में 50 वर्ष बाद रबी सीजन में खेती की नई शुरुआत
डांगीमांचा व खिड़कीटोला में 35 एकड़ में रागी की खेती, कृषक पाठशाला का आयोजन
आत्मा योजना से बदली खेती की तस्वीर, उच्चहन क्षेत्र में रागी उत्पादन को बढ़ावा

चुनेश साहू । धमतरी,

कृषि विभाग द्वारा संचालित कृषि सुधार एवं विस्तार कार्यक्रम “आत्मा” योजनांतर्गत विकासखंड धमतरी के ग्राम डांगीमांचा एवं खिड़कीटोला में कृषकों द्वारा लगभग 35 एकड़ रकबा में लघु धान्य फसल रागी (मिलेट) की खेती की जा रही है। गंगरेल बांध के उच्चहन क्षेत्र में स्थित यह वनाच्छादित एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र अधिक ऊंचाई पर होने के कारण विशेष भौगोलिक परिस्थितियों वाला है, जहां लगभग 50 वर्षों के पश्चात रबी सीजन में पहली बार संगठित रूप से खेती प्रारंभ की गई है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि “जिले के वनांचल एवं आदिवासी बहुल क्षेत्रों में लघु धान्य फसलों को बढ़ावा देना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। गंगरेल उच्चहन क्षेत्र में लगभग 50 वर्षों बाद रबी सीजन में रागी की खेती की शुरुआत एक ऐतिहासिक पहल है। आत्मा योजना के माध्यम से कृषकों को आधुनिक तकनीक, एस एमआई पद्धति एवं बीज उत्पादन की जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाने के साथ-साथ पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में मिलेट आधारित खेती को और अधिक विस्तार देते हुए किसानों को बाजार से जोड़ने हेतु आवश्यक सभी सहयोग प्रदान किया जाएगा।”
विगत सप्ताह जिले में आयोजित मिलेट महोत्सव के उपरांत आज दिनांक 10 जनवरी 2026 को आत्मा एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम स्तर पर कृषक पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तुमराबहार के सरपंच दीपक राम ध्रुव, फत्ते लाल पटेल (डीपीडी, आत्मा), बी. एस. मंडावी खिलेश कुमार साहू छगन साहू सहित ग्राम के 40 महिला कृषक एवं 32 पुरुष कृषक उपस्थित रहे।
कृषक पाठशाला में उपस्थित कृषकों को लघु धान्य रागी फसल की पद्धति से उन्नत खेती, बीज उत्पादन, फसल प्रबंधन, पोषक तत्व प्रबंधन, कीट-रोग नियंत्रण एवं उत्पादन लागत कम कर अधिक लाभ प्राप्त करने की तकनीकों की विस्तृत एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही रागी फसल के पोषण, स्वास्थ्य लाभ एवं बाजार संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान कृषकों को भविष्य में मिलेट आधारित आजीविका सुदृढ़ीकरण, जलवायु अनुकूल खेती एवं शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। उपस्थित कृषकों ने क्षेत्र में रागी की खेती के सफल प्रयोग को आगे भी विस्तार देने की सहमति व्यक्त की।

 

 

 

सेना भर्ती के लिए युवाओं में भारी उत्साह, 587 में से 398 अभ्यर्थियों ने दौड़ की परीक्षा उत्तीर्ण की

चुनेश साहू । धमतरी,

जिला धमतरी में आयोजित प्रदेश स्तरीय अग्निवीर सेना भर्ती रैली के दौरान युवाओं में देश सेवा को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भर्ती रैली के तीसरे दिन बालोद जिले के कुल 587 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 398 अभ्यर्थियों ने दौड़ की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की।
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों ने उत्कृष्ट शारीरिक क्षमता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। दौड़ में सफल रहे उम्मीदवार अब शारीरिक प्रवीणता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन तथा चिकित्सीय परीक्षण की आगामी प्रक्रियाओं से गुजर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के युवाओं में भारतीय सेना में शामिल होने को लेकर विशेष उत्साह, जुनून और जज्बा स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।
जिला प्रशासन धमतरी एवं सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के संयुक्त सहयोग से भर्ती रैली की समस्त प्रक्रियाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं केवल योग्यता के आधार पर होती है।
प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के जालसाजों, दलालों या बिचौलियों के झांसे में न आएं और भर्ती से संबंधित सही जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त होती है।

संबंधित पोस्ट

* महज़10रुपए की पर्ची से होगा डायलिसिस की सेवा….* *नही होगी आयुष्मान कार्ड की बाध्यता.. इसी सप्ताह होगा शुरुआत तैयारियां जोरों पर.*

Chunesh Sahu

*धमतरी में बुनियादी सुविधाओं के लिए जागरूक युवा मंच के बैनर तले उग्र आंदोलन की तैयारी तेज*

Chunesh Sahu

देवदशहरा मेलों के लिए 2 लाख की राशि लटकी, विधायक कुंवर सिंह ने मंत्री से की मांग

Chunesh Sahu

Chunesh Sahu

Chunesh Sahu

*भाजपा मंडल गुंडरदेही की मासिक बैठक संपन्न, संगठनात्मक विषयों पर हुई विस्तृत चर्चा*

Chunesh Sahu