
अजय जांगड़े 08085164784
कवर्धा। प्रदेशभर में छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के बैनर तले शुरू हो रहे “स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन” को अब व्यापक जनसमर्थन मिलना शुरू हो गया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने भी इस आंदोलन का पूर्ण समर्थन करने की घोषणा की है।
महासंघ द्वारा 25 अक्टूबर 2025 से दीपावली त्यौहार के बाद अनिश्चितकालीन महाबंद व चक्का जाम आंदोलन की घोषणा की गई है। आंदोलन के प्रमुख मुद्दों में शामिल हैं।
1️⃣ संपूर्ण छत्तीसगढ़ में पूर्ण शराबबंदी।
2️⃣ ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन।
3️⃣ ड्राइवर सुरक्षा कानून हेतु आयोग की स्थापना।
4️⃣ दुर्घटना में मृत ड्राइवर के परिवार को 20 लाख रुपये का मुआवजा।
5️⃣ दुर्घटना में स्थायी विकलांगता पर 10 लाख रुपये की सहायता राशि।
6️⃣ 55 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर ड्राइवरों को पेंशन राशि।
7️⃣ BNS की धारा 105(10), जिसके तहत 10 साल की सजा और 8 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान है, उसे रद्द करने की मांग।
इस आंदोलन को समर्थन देते हुए छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिलाध्यक्ष माखन चंद्रवंशी, मीडिया प्रभारी किशन तथा कार्यकर्ता अजय, अशोक, सत्यम, बलीचंद और टोपचंद ने कहा कि“ड्राइवर वर्ग समाज की रीढ़ है। दिन-रात सड़कों पर रहकर वे राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देते हैं, मगर उनकी सुरक्षा, सुविधा और भविष्य की कोई गारंटी नहीं है। सरकार को तुरंत उनकी मांगें स्वीकार करनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि छत्तीस गढ़िया क्रांति सेना ड्राइवर भाइयों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। यदि सरकार ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।





