
पंडरिया। छत्तीसगढ़ शासन गृह विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” विषय पर ब्लॉक स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को पीएम श्री सेजेस पंडरिया में किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं समाज में सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इसी कड़ी में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर विकासखंड के सभी हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में भी यह आयोजन किया गया था।
ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में आठ विद्यालयों – पीएम श्री सेजेस पंडरिया, शा.उ.मा.वि. कन्या पंडरिया, शा.उ.मा.वि. कुंडा, महली, कोड़ापुरी, मोहगांव, कामठी और हाई स्कूल सोमनापु नया – से कुल 35 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम पाँच विद्यार्थियों की टीम ने अपनी प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर बीआरसी पंडरिया श्री अर्जुन चंद्रवंशी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री आर.सी. साहू, आठों विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी एवं पीएम श्री सेजेस पंडरिया के प्राचार्य जी.आर. साहू ने बताया कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः ₹2500, ₹2000 एवं ₹1500 का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त तीन विद्यालयों को ₹1000-₹1000 का सांत्वना पुरस्कार भी दिया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
विजेता टीमों को प्राचार्य बसंत डोरे, धीरज देवांगन, संतोष साहू, दिनेश तिवारी, शैलेष तिवारी, मनोज आदित्य सहित उपस्थित शिक्षकों ने बधाई दी और जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम.के. गुप्ता ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल विद्यार्थियों में प्रतिभा का विकास करती हैं, बल्कि सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती हैं।





