
कबीरधाम। सरकारी विभाग में नौकरी दिलाने का लालच देकर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने दंपत्ति से पटवारी पद पर नियुक्ति दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया था।
थाना साहसपुर लोहरा के अनुसार, ग्राम गगरिया (खम्हिरया) निवासी गोपेश्वर साहू ने 6 जनवरी 2025 को थाने में शिकायत दर्ज कराई कि राजनांदगांव निवासी असलम खान (39) ने उसे व उसकी पत्नी को पटवारी पद पर नियुक्त कराने के लिए ₹10,00,000/- की मांग की। रकम देने के बाद आरोपी ने फर्जी नियुक्ति आदेश सौंप दिया और रकम हड़प ली।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 05/2025 दर्ज कर धारा 420 भादंवि के तहत मामला दर्ज किया। जांच में धोखाधड़ी के अलावा धारा 467, 468, 471 भादंवि भी जोड़ी गईं। विशेष टीम ने दबिश देकर आरोपी को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए एक मोबाइल, परीक्षा प्रवेश पत्र, फर्जी नियुक्ति आदेश और अन्य दस्तावेज पेश किए, जिन्हें पुलिस ने जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपी असलम खान पिता युसुफ खान (35), निवासी वार्ड क्रमांक 17, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एएसआई बलदाऊ भट्ट, एएसआई उमा उपाध्याय, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण अनंत एवं चालक आरक्षक बिनेश पोटे की अहम भूमिका रही।





