
जल जगार महोत्सव 5 और 6 अक्टूबर को रविशंकर जलाशय गंगरेल में

जलसभा में प्रस्तुति देने बच्चे कर रहे पूर्वाभ्यास
धमतरी 01 अक्टूबर 2024/ जल एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु लोगों को जागरुक करने विभिन्न कार्यक्रमों की कड़ी में आगामी 5 और 6 अक्टूबर को रविशंकर जलाशय गंगरेल बांध में वृहद स्तर पर जल जगार महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वाटर स्पोर्ट्स, रूद्राभिषेक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आसमान से कहानी इत्यादि के साथ ही जल सभा होगी। इसमें जिले के स्कूल और कॉलेजों के विद्यार्थी जनप्रतिनिधियों की भूमिका में जल एवं पर्यावरण संरक्षण विषयों और उपायों पर अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही बहरूपिया के तहत इंदिरा गांधी कला विश्वविद्यालय खैरागढ़ के कलाकारों के साथ जिले के बच्चे नाट्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
इन कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास स्थानीय मंगल भवन धमतरी में किया जा रहा है, जिसमें बच्चे बड़ी रोचक ढंग से अभ्यास कर रहे हैं।
समाचार
जिले में 2 से 8 अक्टूबर तक मनाया जाएगा मद्यपान निषेध सप्ताह
स्कूलों में आयोजित किए जाएंगे निबंध और ड्राईंग प्रतियोगिताएं
धमतरी 01 अक्टूबर 2024/ समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक मद्यपान निषेध सप्ताह मनाया जाएगा। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग एवं राजधानी रायपुर की प्रतिष्ठित सामाजिक व साहित्यिक संस्था वक्ता मंच द्वारा संयुक्त रूप से कक्षा नवमीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों हेतु निबंध, भाषण व पोस्टर स्पर्धा आयोजित की जाएगी।
उप संचालक, समाज कल्याण विभाग श्री अखिलेश तिवारी ने बताया कि स्पर्धा में धमतरी शहर के उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। उन्होंने संस्था प्राचार्यों से कहा कि वे इच्छुक विद्यार्थियों से “नशा नाश की जड़ है“ विषय पर अधिकतम 500 शब्दों में हिंदी भाषा में निबंध लिखवाकर तथा मद्यपान निषेध विषय पर ड्राईंग शीट में पोस्टर बनवाकर 3 अक्टूबर तक शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय धमतरी में जमा कराएं।
उप संचालक ने यह भी बताया कि निबंध साफ अक्षरों में हस्तलिखित हो तथा पोस्टर स्पष्ट हो, निबंध व पोस्टर के सबसे ऊपरी भाग में प्रतिभागी का नाम, कक्षा, विद्यालय का नाम एवं पालक का मोबाइल नंबर अंकित होना चाहिए। स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कार एवं सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र वक्ता मंच द्वारा प्रदान किया जाएगा। स्पर्धा के अंतर्गत निर्णायकों का निर्णय अंतिम व मान्य होगा तथा इस विषय में कोई विवाद स्वीकार नहीं किया जायेगा। स्पर्धा का पुरस्कार वितरण 8 अक्टूबर को किया जाएगा, जिसकी जानकारी अलग से दी जायेगी। कार्यक्रम के संबंध में अधिक जानकारी के लिये श्रीमती मिथलेश चोपड़ा (पोस्टर स्पर्धा) मो. न. 88878-51730 एवं श्रीमती अनुराधा गुरूपंचायन (निबंध स्पर्धा) मो.न. 94241-18719 से संपर्क किया जा सकता है।
2.समाचार
कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने प्रदाय किया पेंशन प्राधिकार पत्र
धमतरी 01 अक्टूबर 2024/ कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने 30 सितम्बर 2024 को सेवानिवृत्त हुए जिले के 3 शासकीय सेवकों को पेंशन प्राधिकार पत्र का वितरण किया। इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री गांधी ने सेवानिवृत्त हुए सभी अधिकारी, कर्मचारियों को बधाई-शुभकामनाएं दीं और स्वस्थ रहने की कामना की। सेवानिवृत्त हुए शासकीय सेवकों में कुरूद के उच्च श्रेणी शिक्षक श्री सुरसेन ध्रुव, प्राथमिक शाला नगरी के प्रधानपाठक श्री अशोक कुमार ध्रुव और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की एएसआई श्रीमती अरूणा देवी साहू शामिल हैं।
3.समाचार
स्वच्छ भारत मिशन-2024
स्वच्छता ही सेवा के तहत स्कूलों में आयोजित किया गया चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता
धमतरी 01 अक्टूबर 2024/ स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों, सार्वजनिक स्थलों, कार्यालयों इत्यादि की साफ, सफाई की जा रही है। वहीं स्कूलों में भी साफ-सफाई के साथ ही निबंध, चित्रकला आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रहीं हैं। इन्हीं कार्यक्रमों में बीते दिन शासकीय हाईस्कूल सांकरा, चिंवर्री, सिलीडीह और हायर सेकेण्डरी स्कूल मगरलोड में निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वच्छता ही सेवा के तहत शासकीय हाईस्कूल सिलीडीह की कक्षा नवमीं की विद्यार्थी वीणा यादव, मेघा निषाद और दसवीं की मोनिका यादव ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया, वहीं निबंध प्रतियोगिता में कक्षा नवमीं की खुशबू निषाद और यशी निषाद पहले और दूसरे स्थान पर रहे।

4.समाचार

विभिन्न पुरस्कारों के लिए प्रविष्टियां 10 अक्टूबर तक आमंत्रित
धमतरी 01 अक्टूबर 2024/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं विशेषकर वीरता, शौर्य, साहस तथा महिलाओं में आत्मबल को सशक्त करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिलाओं को प्रतिवर्ष ’’वीरांगनी’’ रानी अवंतीबाई लोधी स्मृति पुरस्कार प्रदाय किया जाता है। इसी तरह अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान हेतु उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला/अशासकीय संस्थाओं को मिनीमाता (महिला उत्थान) सम्मान से सम्मानित किया जाता है। इसके साथ ही महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ संघर्ष, नारी उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य करने वाली राज्य की महिला को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से ’’बहादूर कलारीन सम्मान’’ प्रदाय किया जाता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास श्रीमती जगरानी एक्का ने बताया कि इसके लिए आगामी 10 अक्टूबर तक प्रविष्टियां महिला एवं बाल विकास विभाग में प्रस्तुत किया जा सकता है। गौरतलब है कि उक्त सभी पुरस्कारों के तहत दो लाख रूपये की राशि तथा प्रशस्ति पट्टिका सम्मान स्वरूप प्रदाय किए जाने का प्रावधान है।





