
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने अधिकारियों की ली बैठक, सुशासन तिहार आयोजन के संबंध में दिए दिशा निर्देश
कवर्धा, 21 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार राज्य शासन द्वारा सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जाएगा।
कलेक्टर गोपाल वर्मा ने आज कलेक्ट्रेट में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा, आवेदनों की प्राप्ति और निराकरण, तथा शिविरों के आयोजन के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश दिए।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। गांवों में सुशासन तिहार कार्यक्रम और शिविरों के आयोजन के लिए मुनादी करवाई जाए। सभी तहसील एवं उप तहसील कार्यालयों में आवेदन लेने के लिए स्थान निर्धारित किया गया है, जिससे आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
शिविरों के दौरान गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्थल पर छाया और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को इलेक्ट्रॉल और दवाओं के साथ काउंटर लगाने के निर्देश दिए गए। प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी कर संबंधित विभागों को भेजते हुए उनका निराकरण सुनिश्चित करने तथा ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल, एडीएम विनय पोयाम, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार 2026 के तहत भूमि संबंधी प्रकरण जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन का निराकरण किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न हितग्राही मूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र के आवेदनों का निष्पादन, बिजली ट्रांसफार्मर, हैंडपंप सुधार, तथा पात्रता अनुसार उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, वृद्धावस्था एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।
सुशासन तिहार – 22 से 24 अप्रैल तक लिए जाएंगे आवेदन
01 मई से 10 जून तक कबीरधाम जिले में सुशासन तिहार का आयोजन होगा। इसके पूर्व 22 से 24 अप्रैल तक जिले के 8 तहसील और 1 उप तहसील कार्यालय में लोगों से उनकी समस्याओं के संबंध में आवेदन लिए जाएंगे। 25 से 26 अप्रैल तक जनपद पंचायत स्तर पर आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी, जबकि 27 से 30 अप्रैल तक उनका निराकरण किया जाएगा।
01 मई से 10 जून तक जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 03 बजे तक किया जाएगा। शिविर के दिन आवेदकों को उनके आवेदन के निराकरण की जानकारी दी जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।





