
दिनांक : 16 नवम्बर 2025 | छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ जल संसाधन विभाग द्वारा आयोजित अमीन भर्ती परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा और शुचित्ता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष दिशानिर्देश जारी किए हैं। प्रदेशभर के हजारों उम्मीदवार रविवार को होने वाली परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों में इस बार कई कड़े प्रावधान लागू किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों में केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) पहनने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा पर्स, बेल्ट, आभूषण, कलाई घड़ी, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट जैसी वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
केवल एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की अनुमति
जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में केवल अपना एडमिट कार्ड, फोटो युक्त पहचान पत्र, काली स्याही का पेन और पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकेंगे। इसके अलावा किसी भी अतिरिक्त वस्तु को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
महिलाओं के लिए भी समान नियम
महिला अभ्यर्थियों के लिए भी वही नियम लागू होंगे। नथ, टॉप्स, चूड़ी, मांगटीका, चैन या अन्य किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर परीक्षा केंद्र में आना प्रतिबंधित किया गया है। सुरक्षा जांच के दौरान धातु डिटेक्टर से स्क्रीनिंग की जाएगी।
परीक्षा केंद्र में 30 मिनट पूर्व पहुंचने का निर्देश
सभी परीक्षार्थियों से कहा गया है कि वे निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पहुंचे। देर से आने वाले किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा हॉल में अनुशासन भंग करने पर तत्काल कार्रवाई का प्रावधान भी रखा गया है।
परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी कराने की तैयारियां पूरी ,जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन ने परीक्षा की तैयारी पूरी होने का दावा किया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, फ्लाइंग स्क्वॉड और सख्त निगरानी की व्यवस्था की गई है ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न हो सके।
अभ्यर्थियों से अपील ,परीक्षा समिति ने अभ्यर्थियों से नियमों का पालन करने और समय पर पहुंचकर परीक्षा में शामिल होने की अपील की है। नियम उल्लंघन की स्थिति में परीक्षार्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।





