
पंडरिया। संकुल स्तरीय बाल कौशल स्पर्धा का समापन आज दिनांक 08 नवम्बर 2025 को पंडरिया संकुल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन में प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस में पंडरिया संकुल के प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के मध्य विविध खेलकूद प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, वहीं दूसरे दिन मिडिल स्कूल के बच्चों ने विभिन्न क्रीड़ा गतिविधियों में भाग लेकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर नगर पालिका परिषद पंडरिया की अध्यक्ष श्रीमती मंजुला देवी कुर्रे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें बाल कलाकारों ने अपनी सृजनात्मकता और उत्साह से सभी का मन मोह लिया।
समारोह में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल की कक्षा 9वीं की बालिकाओं को सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत सायकल वितरित की गईं। इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एम. के. गुप्ता की दूरदर्शी पहल और रचनात्मक सोच की सराहना की गई।
श्री गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित बाल कौशल स्पर्धा के अंतर्गत खेलकूद के साथ-साथ कबाड़ से जुगाड़, पहाड़ा प्रतियोगिता, स्पोकन इंग्लिश, सुलेख लेखन जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया, जिससे विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिला।
कार्यक्रम में सहायक शिक्षा अधिकारी श्री दीपक ठाकुर, श्री कैलाश साहू, बीआरसी श्री राममुरारी यादव, संकुल प्राचार्य श्री जी. आर. साहू, क्रीड़ा अधिकारी श्री अश्विनी चंद्राकर, संकुल के प्रधानपाठक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। मंच संचालन संकुल समन्वयक उत्तम लायल ने किया।
सूत्रों के अनुसार, आगामी 11 नवम्बर से जोन स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसके उपरांत विकासखंड स्तरीय बाल कौशल स्पर्धा का समापन किया जाएगा। इस आयोजन से न केवल विद्यार्थियों बल्कि अभिभावकों में भी उत्साह का संचार हुआ है। कार्यक्रम को जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है।





