
* टेकस्टार स्टार्टअप वीकेंड के संबंध में कलेक्टर ने ली पत्रकार वार्ता *
*स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने धमतरी में पहली बार टेकस्टार स्टार्टअप वीकेंड आयोजित होगा*
टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड धमतरी का आधिकारिक पोस्टर आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की
*धमतरी,29 सितम्बर 2025/- छत्तीसगढ़ को विश्वस्तरीय आईटी हब और वैश्विक क्षमता के केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयासों की कड़ी में धमतरी में पहली बार जल्दी“टेकस्टार स्टार्टअप वीकेंड” का आयोजन नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में संभावित है। कलेक्टर श्री अभिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता में उक्त जानकारी दी ।*

* उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य राज्य के युवाओं को स्टार्टअप की दिशा में प्रोत्साहित करना, उनके व्यावसायिक विचारों को मूर्त रूप देना और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस अवसर पर टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड धमतरी का आधिकारिक पोस्टर और टेकस्टार्स स्टार्टअप वीकेंड धमतरी की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की ।
* कलेक्टर ने पत्रकारों के जिज्ञासा भरे सवालों का जबाव भी दिया । उन्होंने कहा कि टेकस्टार स्टार्टअप वीकेंड प्रतिभागियों को 54 घंटे का गहन अनुभव प्रदान करेगा। इसमें युवा अपने विचार प्रस्तुत करेंगे, टीमें बनाएंगे, प्रोटोटाइप तैयार करेंगे और अपने स्टार्टअप विज़न को विशेषज्ञों के सामने रख सकेंगे। इस कार्यक्रम से धमतरी ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।*
*इस मौके पर विकासगढ़ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मेराज मीर और सह-संस्थापक सुश्री सानिया शेख ने जानकारी दी । श्री मीर ने बताया कि यह केवल एक वैश्विक कार्यक्रम का शुभारंभ नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ में उद्यमिता के एक नए युग की शुरुआत है। इस अवसर पर टेकस्टार के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जिससे संगठन का दीर्घकालिक जुड़ाव स्थापित होगा।*
*कलेक्टर श्री अभिनाश मिश्रा ने कहा कि यह अवसर युवाओं को जॉब-सीकर से जॉब-प्रोवाइडर बनने की राह दिखाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस आयोजन से युवाओं में उत्साह और नवाचार की नई ऊर्जा जागृत होगी तथा भविष्य में ऐसे और आयोजन किए जाएंगे।*
*उल्लेखनीय है कि ग्लोबल स्टार्टअप एक्सीलेरेटर “टेकस्टार” वर्ष 2006 से विश्वभर में स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योरशिप गतिविधियों का संचालन कर रहा है। इस संगठन ने अब तक स्टार्टअप्स को लगभग 30.1 बिलियन डॉलर की फंडिंग उपलब्ध कराई है और 22 यूनिकॉर्न कंपनियों को स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है।* इस अवसर पर प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारगण उपस्थित थे ।
*रजत जयंती महोत्सव पर महतारी मेगा हेल्थ शिविर आयोजित*
*माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण, बच्चों को स्वर्णप्राशन व सुपोषण किट वितरण*

*धमतरी 30 सितम्बर 2025/–रजत जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में बाल विकास परियोजना धमतरी शहरी द्वारा आयुष विभाग के सहयोग से सोमवार को देवांगन भवन हटकेसर में परियोजना स्तरीय महतारी मेगा हेल्थ शिविर का आयोजन किया गया।*
*शिविर का शुभारंभ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम धमतरी की सभापति श्रीमती विभा चंद्राकर तथा पार्षद सुभाष नगर श्रीमती पूर्णिमा देवांगन उपस्थित रहीं। अतिथियों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने यह पहल महत्वपूर्ण है।*
*शिविर में माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कुपोषित बच्चों का वजन एवं ऊँचाई लेकर उनका स्वास्थ्य मूल्यांकन किया गया। इस दौरान 70 बच्चों को स्वर्णप्राशन, 5 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार, 10 गंभीर कुपोषित बच्चों को सुपोषण किट तथा 4 बच्चों को स्वस्थ शिशु सम्मान प्रदान किया गया।*
*आयुष विभाग के विशेषज्ञों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं को संतुलित आहार, पोषण एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी दी। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में यह प्रयास कारगर सिद्ध होगा।*
*शिविर में स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।*
धमतरी जिले में सरस्वती सायकल योजना का सफल क्रियान्वयन, अधिकांश शालाओं में वितरण पूर्ण*
*धमतरी 30 सितंबर 2025//धमतरी जिले में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य शिक्षा से जुड़ी पात्र छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है। जिले में योजना के सफल संचालन हेतु जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर विभागीय परीक्षण एवं जांच समिति का गठन किया गया है।*
*जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि समिति के सदस्यों द्वारा प्रत्येक सायकल का तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण प्रक्रिया के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में विद्यालय स्तर पर पात्र अध्ययनरत स्कूली बालिकाओं को सायकलों का वितरण सुनिश्चित किया जाता है। इस पारदर्शी व्यवस्था से योजना की विश्वसनीयता बनी हुई है तथा हितग्राहियों में विश्वास और उत्साह देखा जा रहा है।*
*उन्होंने जानकारी दी कि जिले की अधिकांश शालाओं में सायकल वितरण की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। जहां वितरण शेष है, वहां भी कार्यवाही तेजी से प्रगति पर है। जैसे ही सायकलें तैयार होकर उपलब्ध होती हैं, वैसे ही पात्र छात्राओं को तत्काल वितरण किया जाता है। विभागीय अमले द्वारा इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि सभी पात्र छात्राओं को बिना किसी विलंब के सायकल प्राप्त हो।
जिला शिक्षा अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक वितरण उपरांत किसी भी बालिका हितग्राही से सायकल की खराबी, गड़बड़ी या दोषपूर्ण कलपुर्जों की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इससे यह स्पष्ट होता है कि विभागीय परीक्षण समिति द्वारा गुणवत्ता की दृष्टि से संतोषजनक कार्य किया जा रहा है।*
*उन्होंने आगे कहा कि योजना के सुचारु क्रियान्वयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन तथा विभागीय अधिकारियों का सहयोग सराहनीय है। इस पहल से बालिकाओं को न केवल शैक्षणिक गतिविधियों में नियमित उपस्थिति दर्ज कराने में सुविधा हो रही है, बल्कि उनमें आत्मनिर्भरता और शिक्षा के प्रति गंभीरता की भावना भी विकसित हो रही है।*
*सरकारी स्तर पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजना से जुड़े सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ संपन्न हों। आने वाले समय में भी विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण और निगरानी की जाएगी, ताकि प्रत्येक पात्र बालिकाओं योजना का लाभ ले सके और शिक्षा के मार्ग में किसी प्रकार की बाधा न आए।*
*प्रतिकूल मौसम के कारण धान की फसल पर कीट-व्याधि का बढ़ता प्रकोप – किसानों को सतर्क रहने की अपील*
धमतरी, 29 सितम्बर 2025/ जिले में अच्छी वर्षा होने से धान की फसलें लहलहा रही हैं, किंतु वर्तमान मौसम की उमस और आर्द्रता के कारण कीट एवं व्याधियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। धान की फसल पर तना छेदक, पत्ती लपेटक, शीथ ब्लाइट, पेनिकल माइट, भूरा माहू तथा झुलसा रोग (ब्लास्ट) के लक्षण देखे जा रहे हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खेतों की सतत निगरानी करें एवं आवश्यकता पड़ने पर ही कीटनाशकों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें।
खरीफ मौसम में जिले में लगभग 1.38 लाख हेक्टेयर में धान की फसल ली गई है। वर्तमान में जल्दी पकने वाली किस्मों में बालियां निकल आई हैं तथा देशी किस्में गभोट अवस्था में हैं। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष की फसलें पिछले साल की तुलना में बेहतर हैं, लेकिन कीट व रोग का प्रकोप सभी विकासखंडों में पाया जा रहा है।
पेनिकल माइट के प्रकोप की पहचान पत्तियों पर आंखनुमा धब्बों से की जा सकती है। प्रकोप बढ़ने पर गांठें काली पड़ जाती हैं एवं बालियां टूटने लगती हैं। इसकी रोकथाम हेतु हेक्सीथायाजोक्स + प्रोपिकोनाजोल अथवा प्रोपर्राजाईट + प्रोपिकोनाजोल का छिड़काव करने की सलाह दी गई है।
भूरा माहू के नियंत्रण हेतु पाईमेट्रोजिन या डाइनेट्रफ्युरान का उपयोग करें।
धान में झुलसा रोग (ब्लास्ट) के लिए टेबुकोनाजोल + ट्राइफॉक्सीस्ट्रोबीन अथवा ट्राइसाइक्लाजोल का छिड़काव करें।
पत्तीमोड़क (चितरी) की स्थिति में फिपरोनिल का प्रयोग करें।
गंधी बग कीट के लिए इमिडाक्लोप्रिड अथवा थायामेथोक्साम का छिड़काव करें।
तना छेदक कीट की रोकथाम के लिए कर्टाप हाइड्रोक्लोराइड अथवा क्लोरेन्ट्रानिलीप्रोल का छिड़काव तथा फिरोमोन ट्रैप का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
शीथ ब्लाइट रोग के लिए हेक्साकोनाजोल का छिड़काव करें।
कृषि अधिकारियों ने कहा है कि कीटनाशकों का उपयोग करने से पहले स्प्रेयर की सफाई अवश्य करें, ताकि रसायनों की प्रतिक्रिया न हो। साथ ही छिड़काव करते समय किसान दस्ताने पहनें एवं मुंह पर स्कार्फ बांधें।
किसानों को रासायनिक कीटनाशकों के स्थान पर जैविक कीटनाशकों का प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है, जिससे विषमुक्त खेती को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को स्वस्थ भोजन उपलब्ध हो सकेगा।
* कृषि अधिकारियों ने किसानों से अपील है कि किसी भी कीट-व्याधि की समस्या होने पर अपने नजदीकी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर उचित सलाह प्राप्त करें।*
=== प्रेस विज्ञप्ति ===
*कुत्ता नसबंदी के लिए कुत्ता पकड़ना एजेंसी ने किया प्रारंभ ब्लैक लिस्ट की चेतावनी के बाद हरकत में आया ऐजेंसी*

धमतरी/ नगर निगम धमतरी द्वारा शहर में आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुत्ता नसबंदी अभियान संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में निगम द्वारा अनुबंधित एजेंसी को पूर्व में बार-बार निर्देशित किया गया था कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी सुनिश्चित की जाए। लेकिन समय पर कार्य पूरा नहीं होने से एजेंसी को निगम की ओर से ब्लैक लिस्ट करने की चेतावनी दी गई थी।
नगर निगम का उद्देश्य पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार करना नहीं है, बल्कि शहरवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। कुत्ता नसबंदी अभियान से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण होगा और भविष्य में काटने जैसी घटनाओं में भी कमी आएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें तथा किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।
आयुक्त प्रिया गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाए, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पकड़े गए कुत्तों को निर्धारित शेल्टर होम में सुरक्षित रखा जाए तथा आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें पुनः उनके मूल स्थान पर छोड़ा जाएगा।





