

कोरबा /पोंडी उपरोड़ा:-ग्राम पंचायत पोंडी गोसाई में बिजली विभाग की लापरवाही और सुस्त रवैये ने ग्रामीणों को परेशान कर रखा है। बिंझरा सब स्टेशन से आपूर्ति होने वाली बिजली 3 फेस की जगह महज 2 फेस पर ही प्रवाहित हो रही है, जिससे बिजली से चलने वाले कई उपकरण बंद पड़े हैं और जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने सुशासन तिहार जैसे सरकारी कार्यक्रम में भी इस समस्या को लेकर आवेदन दिया था, लेकिन आज तक कोई निराकरण नहीं किया गया। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि कई इलाकों में बिजली का पोल पूरी तरह जर्जर हो चुका है और गिरने की कगार पर है। स्थानीय लोगों ने पोल बदलने की मांग की है, लेकिन विभाग केवल आश्वासन देकर पल्ला झाड़ रहा है।
बिजली की आँख मिचोली से परेशान: गांव के निवासी बताते हैं कि शाम होते ही बिजली की आंखमिचौली शुरू हो जाती है। मोटर पंप, पंखे, फ्रीज जैसे जरूरी उपकरण बंद पड़े हैं। बच्चों की पढ़ाई और किसानों की खेती कार्य पर भी असर पड़ रहा है।
तस्वीरें बोल रही हैं: नदी किनारे लगे बिजली पोल की हालत इतना नाजुक है कि किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। इस विषय में कई बार संबंधित अधिकारियों को बताया गया लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अगर इस खबर के बाद भी सुधार नहीं हुआ, तो साफ है –बिजली विभाग के सिस्टम में करंट नहीं, सिर्फ जंग लगा है!





