hindmedianews
Breaking News
अन्यछत्तीसगढ़

*कलेक्टर की एक और पहल : अब नीट-जेईई के लिए उमंग अभियान* *एक सौ विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग, कलेक्टर ने विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित*

IMG-20250714-WA0596
previous arrow
next arrow

 

समाचार
रेत के अवैध धंधे पर खनिज विभाग ने वसूला लगभग डेढ़ करोड़ रूपये का जुर्माना

धमतरी 27 मार्च 2025/ धमतरी जिले में चालू वित्तीय वर्ष में रेत के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और अवैध भण्डारण के प्रकरणों में जिले के खनिज अमले ने एक करोड़ 47 लाख रूपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया है। धमतरी जिले में रेत के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन और भण्डारण पर रोक लगाने के लिए खनिज अमले द्वारा सतत् अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इस महीने लगभग 30 प्रकरण दर्ज कर साढ़े पांच लाख रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है। जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि इस महीने रेत के अवैध उत्खनन के दो प्रकरण दर्ज कर दो लाख 80 हजार रूपये का अर्थदण्ड वसूला गया है। इस महीने रेत के अवैध परिवहन के 28 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 14 प्रकरणों को निराकृत कर तीन लाख 27 हजार रूपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है। खनिज अधिकारी ने बताया कि शेष 14 प्रकरण भी छत्तीसगढ़ खान एवं खनिज अधिनियम तथा गौण खनिज अधिनियम के तहत निराकृत कर अर्थदण्ड वसूलने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष में अवैध रेत उत्खनन के 33 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 36 लाख रूपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। इसी प्रकार अवैध रेत परिवहन के 294 प्रकरण जिले में दर्ज किए गए हैं। रेत परिवहन के इन प्रकरणां में एक करोड़ तीन लाख रूपये से अधिक की राशि जुर्माने के रूप में जमा कराई गई है। रेत के अवैध भण्डारण के नौ प्रकरण इस वित्तीय वर्ष में जिले में दर्ज हुए हैं। अवैध भण्डारण के इन प्रकरणों में भण्डारणकर्ताओं पर साढ़े आठ लाख रूपये से अधिक का जुर्माना वसूल कर शासकीय मद में जमा कराया गया है।

 

 

 

02.*समाचार*

*जलाशयों से जरूरत अनुसार भरे जाएंगे ग्रामीण तालाब*

 

*पानी की समस्या से निपटने प्रशासन का प्रयास,* 

 

*कलेक्टर ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से की मंत्रणा*

 

*गंगरेल में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने पर भी हुई बात.* .

धमतरी 27 मार्च 2025/ गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिले में पानी की कमी वाले स्थानों पर पर्याप्त जल आपूर्ति के प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार पहले ही ऐसे स्थानों की पहचान कर वहां जल आपूर्ति के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। ग्रामीण इलाकों में गर्मी में सूख जाने वाले तालाबों में जलाशयों और बांधों से पानी भरकर इस समस्या से निपटने का प्रयास भी किया जाएगा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने आज जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अगले तीन दिनों में ऐसे तालाबों की पहचान करने को कहा, जो गर्मियों में सूख जाते हैं और उन गांवों में लोगों को निस्तारी के लिए असुविधा झेलनी पड़ती है। कलेक्टर ने ऐसे क्षेत्रों के तालाबों को बांधों और जलाशयों से पानी छोड़कर भरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच और सचिवों से सम्पर्क कर इस काम के लिए जरूरी समन्वय करने को भी कहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि ऐसे तालाबों को भरने के लिए बांधों से पानी छोड़ने के पहले जरूरी पारा नाली, जल प्रवाह नाली आदि व्यवस्थित रूप से बनाई जाएं, ताकि पानी का कम से कम नुकसान हो। उन्होंने पानी छोड़ने से पहले वितरक नहरों और नालियों की भी अच्छे से सफाई करने के निर्देश दिए, ताकि बांधों से छोड़ा गया पानी आसानी से तालाबों तक पहुंच सके। कलेक्टर ने पानी छोड़ने के लिए जरूरी सभी प्रक्रियाएं और स्वीकृति आदेश आदि लेने के लिए अभी से पत्राचार करने के निर्देश भी दिए। 

 गंगरेल में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने पर भी हुई चर्चा

 

सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने धमतरी के मुख्य पर्यटन केन्द्र गंगरेल बांध में सुविधाएं बढ़ाने पर भी चर्चा की। उन्होंने गंगरेल के कैचमेंट एरिया के छोटे टापू-आईलैंड पर भी पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित करने पर विचार किया। श्री मिश्रा ने फैमिली आईलैंड पर पर्यटकों के रूकने, खाने-पीने और मनोरंजन के लिए साधन विकसित करने योजना बनाने को कहा। उन्होंने गंगरेल में मोबाईल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए जरूरी स्वीकृतियां भी नियमानुसार टेलीकॉम कंपनियों को देने के निर्देश दिए। श्री मिश्रा ने गंगरेल के आसपास मोबाईल टावर स्थापित करने के लिए जमीन एलॉटमेंट के प्रकरणां को भी शीघ्र निराकृत करने को कहा।

 

03.*समाचार*

*पांच रूपये में भरपेट भोजन, हर दिन लगभग 300 श्रमिकों का भर रहा पेट*

 

*मकई गार्डन और गांधी मैदान में मिल रहा श्रमिकों को भोजन*

धमतरी 27 मार्च 2025/ राज्य शासन की शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना से हर रोज जिले के लगभग तीन सौ से अधिक श्रमवीरों का पांच रूपये में पेट भर रहा है। राज्य शासन श्रम कल्याण मण्डल और कर्मकार सुरक्षा मण्डल के माध्यम से इस योजना का संचालन कर रही है। धमतरी शहर में दो जगहों-मकई गार्डन और तहसील कार्यालय के पास गांधी मैदान में इस योजना के तहत श्रमिकों को पांच रूपये में भरपेट भोजन की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही श्रमिक पांच रूपये में टिफिन की सुविधा भी ले रहे हैं। जिले में इस योजना की शुरूआत नगर निगम महापौर श्री रामू रोहरा ने बीती 19 तारीख को की है। 

 जिले के श्रम पदाधिकारी ने बताया कि इस योजना के शुरूआत वाले दिन लगभग 450 श्रमिकों को पांच रूपये में भोजन वितरण किया गया था। अब हर रोज लगभग 300 श्रमिकों को पांच रूपये में गरम और पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मण्डल और असंगठित कर्मकार सामाजिक कल्याण मण्डल में पंजीकृत 18 से 60 वर्ष तक की आयु के श्रमिकों को लाभान्वित किया जा रहा है। इस योजना से हर महीने जिले के लगभग 9 हजार से अधिक श्रमिकों को गर्म और पौष्टिक भोजन की सुविधा मिलेगी। श्रम पदाधिकारी ने बताया कि धमतरी शहर में सुबह के समय घड़ी चौक पर श्रमिकों के एकत्रित होने को ध्यान में रखते हुए मकई गार्डन में सुबह 8 से 10.30 बजे तक और दोपहर में गांधी मैदान, कचहरी चौक में 11 बजे से दो बजे तक पंजीकृत श्रमिकों को पांच रूपये में गर्म भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। 

 श्रम पदाधिकारी ने यह भी बताया कि इस योजना से केवल पंजीकृत श्रमिकों को ही लाभान्वित किया जाना है। इसीलिए जिन श्रमिकों ने अभी तक श्रम विभाग के दो मण्डलों में से किसी एक में भी पंजीयन नहीं कराया है, वे अपना पंजीयन जल्द से जल्द करा लेवें।

 

 

04.*समाचार*

*हर दिन 20 ग्राम पंचायतों से सम्पर्क कर ली जाएगी पानी की समस्या की जानकारी*

 

*जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित, टोल फ्री नंबर भी जारी*

 

धमतरी 27 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर धमतरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी की समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। इस कंट्रोल रूम में शिफ्टवार 5 अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह अधिकारी प्रतिदिन 20 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिवों से सम्पर्क कर उनके गांवों में पानी की समस्या और जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कामों में आने वाली परेशानियों की जानकारी लेंगे और अपने उच्चाधिकारियों को उनके समाधान के लिए अवगत कराएंगे। अधिकारी-कर्मचारी 24 घंटे के बाद ग्राम पंचायतों में पुनः सम्पर्क कर समस्याओं के निराकरण के बारे में भी पूछेंगे। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से निपटने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय भी गंभीर हैं और उन्होंने इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर समय पर समुचित उपाय करने के निर्देश भी जारी किए हैं। 

 जिला प्रशासन ने पीएचई खण्ड धमतरी के कमरा नंबर एक में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस कंट्रोल रूम का दूरभाष क्रमांक 07722-238719 है। इसके साथ ही पानी की समस्याओं की सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 1800-2330-008 पर भी फोन किया जा सकता है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी के मौसम में पानी की कमी और जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों में आ रही समस्याओं की सूचना दी जा सकेगी। सूचना मिलते ही उनका लगभग 24 घंटे में त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिदिन आमजनों से मिलने वाली शिकायतों और सूचनाओं को निर्धारित प्रपत्र में शिकायत पंजी में भी दर्ज किया जाएगा और उनके निराकरण पर भी सूचना दर्ज होगी। कंट्रोल रूम में प्रतिदिन प्राप्त होने वाली शिकायतों और उनके निराकरण की स्थिति से लगातार वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा। 

*कंट्रोल रूम में कार्यरत अधिकारी और उनके सम्पर्क नंबर-*

 

1. श्री डी.एम.कनाडे, सहायक अभियंता, पीएचई उपखण्ड धमतरी-74151-68347

2. श्री एस.के.ठाकुर, सहायक अभियंता, पीएचई उपखण्ड नगरी-94242-41675

3. श्री पी.एस.गजेन्द्र, सहायक अभियंता पीएचई, खण्ड कुरूद- 98267-53500

4 श्री स्वराज पदमवार, कार्यपालन अभियंता कार्यालय धमतरी- 07722-238719

 

05.समाचार

प्रधानमंत्री आवास सर्वे की अवधि एक माह बढ़ी, अब 30 अप्रैल तक होगा सर्वे

 

प्रशासन ने जारी किया टोल फ्री नंबर

 

धमतरी 27 मार्च 2025/ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास प्लस सर्वे की अवधि एक माह बढ़ा दी गई है। अब आवास प्लस सर्वे के तहत पात्र परिवारों की पहचान 30 अप्रैल तक की जा सकेगी। पहले यह काम 31 मार्च तक पूरा करना था। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रोमा श्रीवास्तव ने बताया कि धमतरी जिले के ग्रामीण इलाकों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्थायी प्रतीक्षा सूची और 2018 की सर्वे सूची में छूट गए पात्र परिवारों का सर्वे तेजी से किया जा रहा है। यह सर्वे पंचायतों में पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और आवास मित्र द्वारा किया जा रहा है। अभी तक आठ हजार 951 परिवारों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। शेष परिवारों का सर्वे भी 30 अप्रैल 2025 तक पूरा किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस योजना के तहत किसी भी प्रकार के पक्षपात या नियम विरूद्ध राशि आदि की मांग जैसी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है। ऐसे लोग जिला मुख्यालय में टोल फ्री नंबर 07722-232503 में अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।

 प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आश्रयविहीन परिवारां, बेसहारा या भीख मांगकर जीवनयापन करने वाले परिवारों, आदिम जनजाति समूहों और वैधानिक रूप से मुक्त कराए गए बंधुआ मजदूर परिवारों को स्वतः ही पात्र माना गया है। इसके अलावा अब दोपहिया वाहन वाले परिवारों, 50 हजार रूपये से कम ऋण सीमा वाले किसान क्रेडिट कार्डधारकों, 15 हजार रूपये तक मासिक आय वाले परिवारों, ढाई एकड़ से कम सिंचित भूमि या 5 एकड़ से कम असिंचित भूमि वाले परिवारों को भी आवास प्लस सर्वे के तहत पात्र माना जाएगा। तिपहिया मोटर युक्त वाहन, चौपहिया वाहन, मशीन से चलने वाले तिपहिया और चौपहिया कृषि उपकरणों वाले परिवार प्रधानमंत्री आवास के लिए अपात्र होंगे। 50 हजार रूपये या इससे अधिक लोन लिमिट वाले, किसान क्रेडिट कार्डधारक परिवार, किसी भी सदस्य के सरकारी सेवा में रहने वाले परिवार, पंजीकृत गैर कृषि उद्यम वाले परिवार भी इस योजना के तहत आवास प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं होंगे। इसी प्रकार 15 हजार रूपये से अधिक की मासिक आय रखने वाले, आयकर देने वाले और ढाई एकड़ या उससे अधिक सिंचित या 5 एकड़ या उससे अधिक असिंचित भूमि रखने वाले परिवार भी आवास प्लस योजना में अपात्र होंगे।

 

06*समाचार*

*संवरेगा कांटा तालाब, लायब्रेरी में वाईफाई की सुविधा मिलेगी*

 

*कलेक्टर ने किया निरीक्षण, कार्ययोजना तैयार करने दिये निर्देश*

धमतरी 27 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज जिले के रत्नाबांधा चैक के समीप संचालित लायब्रेरी पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से लायब्रेरी में विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने लायब्रेरी में उपस्थित विद्यार्थियों से चर्चा की। कलेक्टर ने उपस्थित विद्यार्थियों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में भी पूछा और उनका मार्गदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि लायब्रेरी में आने वाले विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप यहां कुर्सियां की कमी है। इसके साथ ही साफ-सफाई हेतु एक कर्मचारी की भी आवश्यकता है। विद्यार्थियों ने कलेक्टर को जानकारी देते हुए यह भी बताया कि परिसर में वायफाई की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें इंटरनेट के माध्यम से जानकारी एकत्रित करने में भी परेशानी होती है। कलेक्टर ने अधिकारियों निर्देशित किया कि वे इन समस्याओं का तत्काल निराकरण कर जानकारी देवें। 

             इस दौरान कलेक्टर ने धमतरी शहर के कांटा तालाब का भी निरीक्षण किया और तालाब को संवारने के लिए समीप में बनाये जाने वाले जिम ऐरिया, पाथवे, चिल्ड्रन प्ले एरिया को देखा और अधिकारियों से इन सभी कामों का प्रजोजल तैयार कर सक्षम स्वीकृति लेने की बात कही। कलेक्टर ने नगर के ह्दय स्थल पर बनाये गये मकई गार्डन का भी अवलोकन किया और इसके सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई आदि के लिए कार्ययोजना बनाने कहा। इस दौरान कलेक्टर ने बालक चैक में बनाये जा रहे शापिग काम्प्लेक्स का भी निरीक्षण किया और उक्त कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रिया गोयल, उपायुक्त श्री पीसी सार्वा के अलावा नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

 

07*समाचार*

 

धमतरी 27 मार्च 2025/ डॉक्टर, इंजीनियर बनने के लिए धमतरी जिले के एक सौ मेधावी विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से निःशुल्क कोचिंग की नई सहूलियत मिलेगी। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने नीट और जेईई की परीक्षा देने वाले जिले के मेधावी विद्यार्थियों के लिए उमंग अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत एक सौ विद्यार्थियों को नीट और जेईई की परीक्षा के लिए उच्चस्तरीय निःशुल्क कोचिंग दिलाई जाएगी। इस अभियान के तहत 28 मार्च से ही विद्यार्थियों की निःशुल्क कोचिंग मेनोनाईट हिन्दी माध्यम स्कूल में शुरू होगी। इस अभियान की शुरूआत करते हुए आज कलेक्टर श्री मिश्रा और जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती रोमा श्रीवास्तव ने जिले के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। स्थानीय हरदिहा साहू समाज के भवन में आयोजित एक प्रेरक सत्र में कलेक्टर ने जेईई और नीट की परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के तरीके तथा सफलता के टिप्स दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि स्वयं पर विश्वास रखकर कड़ी मेहनत करने से ही सफलता मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगी परीक्षाओं के पिछले तीन वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करने, अधिक से अधिक मॉक टेस्ट देने और अपने सबसे मजबूत टॉपिक्स-विषय को और बेहतर करने की समझाईश दी। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अपने छात्र जीवन के अनुभव भी साझा किए। प्रेरक सत्र में विद्यार्थियों के पालक भी शामिल हुए और अपने बच्चां की पढ़ाई तथा उनके कैरियर से जुड़े कई विषयों पर अपनी शंकाओं और जिज्ञासाओं का समाधान किया। 

 जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती रोमा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खुद पर विश्वास रखने और खुद से हर दिन प्रतिस्पर्धा करने की बात कही। श्रीमती श्रीवास्तव ने कहा कि पढ़ाई का अच्छा माहौल और प्रतिस्पर्धात्मक तैयारी से ही सफलता मिल सकती है। अपना लक्ष्य ऊंचा रखकर उसे पाने के लिए मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को मन लगाकर कड़ी मेहनत करने की समझाईश भी दी। इस दौरान मौजूद विद्यार्थियों और उनके पालकों का डॉ.सागर साहू और डॉ. निधि ध्रुव ने भी मार्गदर्शन किया।

 जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगदल्ले ने बताया कि जेईई और नीट की तैयारी करने वाले धमतरी जिले के एक सौ मेधावी विद्यार्थियों को कलेक्टर श्री मिश्रा की पहल पर निःशुल्क कोचिंग दिलाने का अभियान शुरू किया जा रहा है। इस उमंग अभियान के तहत विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए रिफेशर कोचिंग दी जाएगी। यह कोचिंग आवासीय और गैर आवासीय दोनों तरह की होगी। श्री जगदल्ले ने बताया कि आगामी 4 मई को नीट की परीक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कोचिंग 28 मार्च से ही धमतरी शहर के मेनोनाईट हिन्दी माध्यम स्कूल में शुरू हो रही है। इस निःशुल्क कोचिंग के लिए पूरे जिले के शासकीय और गैर शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूलों से मेधावी विद्यार्थियों को चयनित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस कोचिंग के लिए विद्यार्थियों और उनके पालकों की काउंसिलिंग भी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ की मौजूदगी मे ंकर ली गई है। कोचिंग कक्षाएं प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेंगी। इस दौरान दोपहर में भोजन अवकाश भी होगा। प्रतिदिन डेढ़-डेढ़ घंटे के चार सत्र होंगे। विद्यार्थियों को स्टडी मटेरियल भी उपलब्ध कराया जाएगा। मॉक टेस्ट के जरिए विद्यार्थियों की तैयारियों को प्रतिदिन परखा जाएगा। विषय विशेषज्ञों द्वारा कक्षाओं में विद्यार्थियों की विषय को लेकर शंकाओं का भी समाधान किया जाएगा। कम समय में अधिक प्रश्न हल करने के तरीके भी बताए जाएंगे।

09.*अब तेज होगा धमतरी रेलवे स्टेशन और ट्रेक बिछाने का काम, हटेंगे अतिक्रमण*

*कलेक्टर श्री मिश्रा ने किया रेल अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का अवलोकन*

धमतरी, 28 मार्च 2025/ धमतरी रेलवे स्टेशन के काम में अब तेज़ी आने की उम्मीद है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज शाम रेल अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का अवलोकन किया।उन्होंने मौजूद अधिकारियों से पूरे रेलवे स्टेशन परिसर के विकास और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने रेलवे स्टेशन के काम पूरा करने और रेलवे ट्रेक बिछाने का काम जल्द शुरू करने को कहा। उन्होंने इस काम में आ रही रुकावटों-परेशानियों की जानकारी भी रेल अधिकारियों से ली। श्री मिश्रा ने अधिकारियों से कांकेर-कोंडागांव तक रेल सर्वे की स्थिति की जानकारी भी ली।इस दौरान रेलवे के चीफ इंजीनियर श्री पी के सामंत सहित नगर निगम आयुक्त श्रीमति प्रिया गोयल, एसडीएम श्री प्रेमी और रेलवे तथा राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने धमतरी में रेल सुविधाओं के विस्तार में आ रही परेशानियों की जानकारी अधिकारियों से ली । चीफ इंजीनियर श्री सामंत ने बताया कि स्टेशन भवन का काम पूर्णता पर है और रेल ट्रेक बिछाने के काम को अवैध अतिक्रमण के कारण शुरू नहीं किया जा सका है । चीफ इंजीनियर ने बताया कि इस जगह पर सर्वे कर मुआवजा देने का काम पूरा हो गया है ।स्टेशन परिसर की जद में आने वाले लगभग ढाई सौ परिवारों को अन्य जगह शिफ्ट होना है पर यह काम समय पर नहीं होने के कारण ट्रेक बिछाने का काम लेट हो रहा है । कलेक्टर श्री मिश्रा ने निगम आयुक्त और एसडीएम को तत्काल टीम बनाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के निर्देश मौके पर ही दिए । कलेक्टर ने अतिक्रमण हटाने के पहले दो दिनों ने डीमार्ककेशन करने को कहा।उन्होंने बिछने वाले रेलवे ट्रेक स्थल के किनारे से भी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने रेल अधिकारियों की माँग पर सांकरा से धमतरी के बीच रेल ट्रेक के लिए मिट्टी की आपूर्ति के लिए नियमानुसार रेल अधिकारियों को मदद करने के निर्देश भी राजस्व अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि रेलवे सुविधाओं के विस्तार से धमतरी सीधे देश के अन्य प्रमुख स्थानों से जुड़ जाएगा । धमतरी के पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ यहाँ के चावल, वनोपजों के व्यापार को भी गति मिलेगी।

चीफ इंजीनियर श्री सामंत ने बताया कि धमतरी में ब्राड गेज रेल लाइन बिछाई जाएगी । इस स्टेशन के बन जाने से धमतरी सीधे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता से जुड़ जाएगा । श्री सामंत ने बताया कि धमतरी में एक मेन लाइन के साथ दो लूप लाइन वाले प्लेटफार्म बनेंगे। यहाँ एक गुड्स शेड भी बनेगा जहाँ लगेज की आवाजाही की अलग व्यवस्था होगी। स्टेशन के मुख्य द्वार के पास पार्किंग और पार्क आदि विकसित किए जाएँगे ।

 

संबंधित पोस्ट

चिल्फी घाटी का नागमोड़ी घाट 20 घंटे से जाम, नेशनल हाईवे-30 ठप

Sakshi Bansod

बस्तर की जनजातीय कला-संस्कृति के धरोहर को पुनर्जीवित करने “बस्तर पंडुम” का होगा भव्य आयोजन

Sakshi Bansod

एमसीबी जिले के चिरमिरी क्षेत्र में अवैध रूप से सरकारी चावल के भंडारण पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

Sakshi Bansod

दिल्ली में 24फरवरी 2024को शनिवार सुबह 9बजेभारत मंडपम प्रगति मैंदान नई दिल्ली मे  सहकार से समृद्धि         ई पैक्स अन्न भंडारण तक के कार्यक्रम में आमंत्रन शामिल हुए धमतरी जिला के पांच समितिप्रबंधक। 

Chunesh Sahu

अवैध कब्जाधारियों में हड़कम्प, वन विभाग की बड़ी कार्यवाही

hindmedianews

राष्ट्रीय कृमिमुक्ति दिवस का आयोजन 10 फरवरी को….. कलेक्टर ने की लोगों से की अपील

Chunesh Sahu