पण्डरिया -बिरकोना संकुल अंतर्गत वनांचल के शासकीय प्राथमिक शाला केशली गोड़ान के प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे को राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद समग्र शिक्षा रायपुर द्वारा जिले के संकुल समन्वयकों को सपोर्टिव सुपरविजन का अकादमिक प्रशिक्षण देने हेतु एसआरजी के रूप में चयन किया गया था। कबीरधाम जिले के चारों विकासखंड के 150 संकुल शैक्षिक समन्वयकों को नई शिक्षा नीति, निपुण भारत अभियान, राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रुपरेखा अंतर्गत ब्लेण्डेड मोड में डाइट कबीरधाम में पांच दिवसीय क्षमता विकास प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
नई शिक्षा नीति 2020, निपुण भारत अभियान 2021, एनसीएफ की रुपरेखा 2022 के अंतर्गत 3 से 8 आयु वर्ग के शत् – प्रतिशत बच्चों में भाषा तथा गणित के बुनियादी कौशलों को 2027 तक प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें संकुल समन्वयक को सहयोगात्मक मॉनिटरिंग का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संकुल समन्वयक प्राथमिक शिक्षकों के सहयोगकर्ता के रूप में अकादमिक सपोर्टिंग सुपरविजन करेंगे, इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखकर प्रशिक्षण प्रदान किया गया। डाइट के एफ एल एन प्रभारी आर के पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण को प्रभावी ढंग से सुचारू रूप से संचालित करने में राज्य स्रोत व्यक्ति के रूप में प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। तथा सफलतापूर्वक प्रशिक्षण कार्य को संपादित करने के फलस्वरुप डाइट के प्राचार्य आर. साहू, एफएलएन प्रभारी आर. के. पांडे व्याख्याता, वरिष्ठ व्याख्याता डी.के. चंद्रवंशी, एन. पनागर व्याख्याता, सुदर्शन नेताम व्याख्याता डाइट महाराजपुर कबीरधाम द्वारा प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। प्रधान पाठक शिवकुमार बंजारे बहुमुखी प्रतिभा संपन्न शिक्षक के रूप में अपने कार्य क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ विभागीय अन्य कार्यों में भी रुचि पूर्वक कार्य करते हुए विभिन्न कार्यों को कुशलता पूर्वक संपादित करते हैं। डाइट कबीरधाम के समस्त स्टाफ द्वारा उनके उज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई।







