
कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने देर रात जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण
मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानी जमीनी हकीकत
धमतरी 14 फरवरी 2024- कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने दिन में बीते दिन विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर सर्जरी करने पश्चात देर रात जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जमीनी हकीकत जानी। कलेक्टर सुश्री गांधी ने महिला वार्ड में आक्सीजन पाईप लाईन का विस्तार करने, मरीजों की संख्या के अनुपात में लांड्री सेवा को बढ़ाने, मरीजों को शाम के समय प्रार्थना करवाने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला अस्पताल में मच्छरों, तथा अन्य कीड़े मकोडों से होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए पेस्ट कंट्रोल करवाने कहा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस.के.मंडल, सिविल सर्जन डॉ अरूण टोण्डर डीपीएम सुश्री प्रिया कंवर, डीआईओ एनआईसी श्री उपेन्द्र चंदेल, अस्पताल सलाहकर गिरीश कश्यप के अलावा जिला अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सुश्री गांधी ने विभिन्न वार्डो का निरीक्षण करते हुए पेईंग वार्ड की प्लेट लगाने कहा। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला अस्पताल में सुरक्षा जवान की नियुक्ति और पुलिस चौकी का नंबर चस्पा करने कहा। कलेक्टर ने जिला अस्पताल के बिस्तरों के अनुपात में सफाई हेतु निविदा आमंत्रित करने कहा। इसके साथ ही उन्होंने बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निपटान हेतु जिला अस्पताल परिसर में नियुक्त इंजीनियर का नाम एवं मोबाईल नंबर चस्पा करने के निर्देश दिये, ताकि मेडिकल वेस्ट का सुरक्षित निपटान किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने मितानिन सेल्टर हाऊस को स्वच्छ रखने के निर्देश दिये। इसके साथ ही कलेक्टर ने पूर्व में जिला अस्पताल के समीप निर्मित कोविड केयर सेंटर का भी निरीक्षण किया और इस वार्ड का उपयोग अतिरिक्त बेड लगाकर मरीजों का ईलाज या अन्य कोई बेहतर उपयोग करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर सुश्री गांधी ने जिला अस्पताल में संचालित ई सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनआईसी एप्लीकेशन सेवा के जरिये शवों के पंचनामा दिये जाने वाली ऑनलाईन सुविधा को पुनः प्रारंभ करें। इसके साथ ही कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल में आभा आयुष्मान भारत हेल्थ आईडी में मरीजों का पंजीयन करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने मोबाईल मेडिकल यूनिट के कचरा डंपिग ऐरिया, क्यू मेनेजमेंट सिस्टम, जीवन धारा पोर्टल, ई रक्तकोष और ई हास्पीटल की भी जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिये।

सफलता की कहानी
निदान कार्यक्रम से मीठी मुस्कान लेकर लौट रहे दिव्यांगजन
देवलाल ने कहा निदान ने असहाय से बना दिया सहाय
धमतरी 14 फरवरी 2024- कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी क विशेष प्रयास से जिले में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण, कैलीपर्स, श्रवण यंत्र, ट्रायसायकिल प्रदान करने हेतु बीते 12 फरवरी से निदान कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस निदान कार्यक्रम में जिले के सभी विकासखंडां के दिव्यांगजन आकर लाभान्वित हो रहे हैं और एक मीठी मुस्कान लेकर लौट रहे है, जो इस कार्यक्रम की सार्थकता को साबित करता है। मगरलोड विकासखंड के ग्राम भेण्ड्री निवासी श्री देवलाल साहू निदान कार्यक्रम का लाभ लेने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। श्री देवलाल ने बताया कि 4 वर्ष पूर्व वे अपने रिश्तेदार की शादी में बारात गये हुए थे, तब एक बस ने रिवर्स होते हुए उनके दायें पैर में टक्कर मार दी, जिसके कारण उनके घुटने की हड्डी पूरी तरह टूट गयी, जिस कारण उनका पैर काटना पड़ा।
देवलाल ने बताया कि पैर कटने के बाद वह बेहद ही असहाय महशूस करने लगा। उसने बताया कि छोटे-छोटे कामों के लिए भी दूसरों के भरोसे रहना पड़ता था। जीवन यापन में भी दिक्कत आ रही थी। इसलिए उसने गांव में ही छोटी सी दुकान खोल ली, जिससे दैनिक जरूरतें पूरी होने ली और ध्यान में दुकानदारी में लगने लगा। लेकिन एक पैर से चलने में दिक्कत होती थी, और नकली पैर लगवाने में आने वाले खर्च के लिए वे आर्थिक रूप से तैयार नहीं थे, इसलिए उसने रायपुर में नकली पैर लगवाया, वह पैर ज्यादा सुविधाजनक न होने और उसे पहन कर चलने में दिक्कत होती थी। तभी किसी ने बताया कि दिव्यांगजों के लिए जिला प्रशासन ने निदान शिविर का आयोजन किया है, जिसमें दिव्यांगों को जयपुरी नकली पैर तत्काल लगाया जा रहा है। देवलाल निदान शिविर में पहुंचे और चिकित्सकों से आवश्यक जांच कराकर महावीर दिव्यांग सहायता समिति के कारीगरां ने उनका नाम लेकर कुछ ही घंटों में उनका पैर लगा दिया। देवलाल ने बताया कि पूर्व में लगाये गये पैर से यह पैर बहुत ही सुविधाजकन है, इसे पहनने में कोई दिक्कत नहीं होती है। देवलाल ने निदान ने असहाय से सहाय बना दिया। उन्होंने दिव्यांगजनां के लिए ऐसे सार्थक निदान कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े और जिला प्रशासन का धन्यवाद किया है।
समाचार
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टीकाकरण कार्यबल की बैठक 19 फरवरी को
धमतरी 14 फरवरी 2024/कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी की अध्यक्षता में 19 फरवरी को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रोरेट सभाकक्ष में ए.एफ.पी., मीजल्स-रूबेला, व्ही.पी.डी. सर्वेलेंस अभियान, शिशु संरक्षण माह की समीक्षा एवं आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारी के संबंध में जिला, स्तरीय टीकाकरण कार्यबल की आवश्यक बैठक आहूत की गयी है। उक्त बैठक में सर्व संबंधित अधिकारियों को उपस्थित होने के निर्देश दिये गये है।
समाचार
आरबीसी 6-4 के तहत् 8 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत
धमतरी 14 फरवरी 2024/ कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने प्राकृतिक आपदा से जिले के मृतक के परिजनों को आर.बी.सी. 6-4 के तहत चार-चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। इनमें ग्राम भेण्डरी तहसील मगरलोड निवासी लुकेश उर्फ लोकेश कुमार की मृत्यु तालाब में डूबने से हो गयी थी। इसके फलस्वरूप उनकी पत्नी श्रीमती मोहनी को आर.बी.सी. 6-4 के तहत चार लाख रूपये स्वीकृत किया गया है। इसी तरह ग्राम लिखमा तहसील बेलरगांव निवासी श्रीमती नीराबाई की मृत्यु पेड की डंगाल सिर पर गिरने के कारण मृत्यु होने पर उनके पति श्री रतनूराम नेताम को चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत किया गया है।
समाचार
गंगरेल बांध को स्वच्छ करने कलेक्टर ने शुरू की मुहिम
16 फरवरी को चलाया जायेगा वृहद प्लास्टिक मुक्त अभियान
जनप्रतिनिधियां, सामाजिक संगठनों सहित अन्य वर्गो से सहभागिता निभाने की अपील
धमतरी 14 फरवरी 2024/कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने जिले की पहचान रविशंकर सागर जलाशय (गंगरेल डेम) को स्वच्छ-सुंदर बनाने और प्लास्टिक मुक्त करने मुहिम शुरू की है। इस अभियान के तहत् गंगरेल डेम के रेस्ट हाऊस परिसर, पार्किंग स्थल, पार्किंग स्थल मंदिर परिसर, अंगारमोती मंदिर के पीछे, अंगारमोती मंदिर के मेनगेट, बरदिहा रेस्ट हाऊस, अंगारमोती मंदिर के नीचे जाने वाला रास्ता, हनुमान प्रतिमा के आसपास सहित अन्य स्थलों की सफाई कर प्लास्टिक निर्मित पॉलीथीन, बोतलो आदि की सफाई की जायेगी। इस मुहिम में उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, रेडक्रास वालेंटियरर्स, एनएसएस, स्कूली बच्चों, ग्रीन आर्मी, स्वच्छता दीदी सहित अधिकारी-कर्मचारियों को 16 फरवरी सुबह 7 बजे गंगरेल रेस्ट हाऊस में उपस्थित होकर अपनी सहभागिता निभाने का आग्रह किया है। कलेक्टर ने इस स्वच्छता अभियान में बढ़चढ कर हिस्सा लेने वाले समूह को पुरस्कृत करने की भी बात कही है।

समाचार
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत ई-केवायसी आधार सीडिंग,
भूमि विवरण (लैण्ड सीडिंग) कराना अनिवार्य
धमतरी 14 फरवरी 2024/भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनांतर्गत अधिक से अधिक पात्र एवं वास्तविक किसानो को योजना में पंजीयन किया जाना है। योजनांतर्गत लंबित ई-के.वाय.सी., लैण्ड सीडिंग, आधार सीडिंग के कार्यों को 12 फरवरी से 21 फरवरी 2024 तक विशेष शिविर आयोजन कर इस कार्य को पूर्ण किया जाना है। ताकि आगामी किश्त का लाभ कृषको को मिल सके। इस हेतु योजना में पंजीकृत ऐसे समस्त किसान जिनका ई-के.वाय.सी., लैण्ड सीडिंग, आधार सीडिंग, पूर्ण हो गयास है उन्हें 16वीं किश्त जारी की जावेगी। जिले में कुल 1 हजार 124 किसानो का ई-के.वाय.सी लंबित, जिसमें धमतरी 160 कुरूद 346 मगरलोड 355 नगरी 263 एवं आधार सीडिंग 2062 तथा लैण्ड सीडिंग 428 किसान शामिल है, जिसकी सूची मैदानी कृषि अधिकारियों एवं जिले के समस्त लोक सेवा केन्द्रों को उपलब्ध करायी गई है।
उप संचालक कृषि ने किसानो से अपील करते हुए कहा है कि वे तत्काल ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एवं नजदीकी लोक सेवा केन्द्रो से सम्पर्क कर ई-के.वाय.सी पूर्ण करा लें। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि किसान स्वयं भी लिंक के माध्यम से ओ.टी.पी. आधारित ई-केवायसी पूर्ण करा सकते है। इस हेतु ग्रामवार शिविरो का आयोजन भी किया जा रहा है, हितग्राही संबंधित बैंक में सम्पर्क कर आधार सीडिग, डी.बी.टी. सक्रिय कराने हेतु आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक छायाप्रति आवेदन के साथ बैंक में जमा करे अथवा नजदीकी पोस्ट ऑफिस में इंण्डियन पोस्ट पेमेंट बैंक में आधार आधारित भुगतान हेतु नवीन खाता चालु कर सकते है।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले के ऐसे किसान जिनके पंजीयन में भूमि विवरण (लैण्ड सींडिग) नही है, वे अपने सभी दस्तावेज किसान कृषि अधिकारी के पास आधार कार्ड एव बी-1ऋण पुस्तिका की छायाप्रति जमा कर पूर्ण करा सकते है। किसान जो वर्तमान में स्वयं अथवा लोक सेवा के माध्यम से योजना में पंजीयन करवा रहे है। सत्यापन हेतु अनिवार्य रूप से क्षेत्रीय कृषि अधिकारी या विकासखण्ड कृषि कार्यालय में जमा करे। जिससे की समयावधि में सत्यापन पूर्ण किया जा सके। ऐसे हितग्राही जिनके द्वारा ई-के.वाय.सी., लैण्ड सीडिंग, आधार सीडिंग, अपूर्ण होने की स्थिति में सोलहवे किस्त राशि का भुगतान नही हो पायेगा।

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निर्यात संवर्धन की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
कलेक्टर ने निर्यात संबंधी शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ लेने किया आग्रह
उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्यात संबंधी प्रक्रिया पर डाला प्रकाश
धमतरी 14 फरवरी 2024/कलेक्टर जिला धमतरी सुश्री नम्रता गांधी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निर्यात संवर्धन समिति एवं महानिदेशक विदेश व्यापार विभाग क्षेत्रीय कार्यालय नागपुर के तत्वाधान में एक दिवसीय निर्यात संवर्धन कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर सभाकक्ष में किया गया। कलेक्टर सुश्री गांधी ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में सुगंधित चांवल, वनोपज उत्पाद, जैविक उत्पाद की विदेशों में अत्याधिक मांग है, अपनी विशिष्टता के कारण इसकी प्रसिद्धि है। जिले के कृषक उत्पादक संगठन, वनधन समितियां एवं अन्य उद्यमी निर्यात संबंधी प्रक्रियाओं एवं शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी इस कार्यशाला में लेकर निर्यातक के रूप में अधिक आय अर्जित कर सकते हैं।
विदेश व्यापार विभाग क्षेत्रीय कार्यालय नागपुर से आये प्रतिनिधि सोनाली मोरे एवं उनके टीम के सदस्यों ने निर्यात का लाइसेंस कैसे प्राप्त करें। निर्यात का अभिलेखीकरण कैसे किया जाता है एवं कष्टम निकासी की प्रक्रियाओं के बारे में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तार से समझाया। साथ ही बाजार की खोज तथा जोखिम को कम करने के लिए ई.पी. सी.जी. जैसी गारंटी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।
महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्री एस.पी. गोस्वामी ने जानकारी दी उपरोक्त कार्यक्रम में जिले को एक निर्यात केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए उद्यमियों शासकीय एजेन्सियों, जिले के निर्यातक, उद्योग एवं व्यापार संगठनों, बैंक, कृषक उत्पादक संगठन, स्व सहायता समूह संगठन वनधन संगठन एवं स्वयं सेवी संस्थाओं को भारत सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों एवं सुविधाओं के संबंध में अवगत कराना है। इस आउटरिच कार्यक्रम के माध्यम से सभी भागीदारों के साथ विमर्श कर जिला में निर्यात की संभावनाएं तलाशना है। साथ ही जिले से निर्यात होने वाले उत्पाद एवं सेवाएं और शासन द्वारा निर्यातकों को दिये जाने वाले प्रोत्साहन एवं सुविधाओं की जानकारी दी जावेगी। कार्यक्रम के सहप्रयोजक बैंक आफ महाराष्ट्र के मुख्य प्रबंधक सागर जी ने बताया कि निर्यात के लिए वित्त का प्रबंधन एवं लेटर आफ क्रेडिट की सरलीकृत प्रक्रिया के बारे में उद्यमियों को अवगत कराया ।
एपीडा के क्षेत्रीय अधिकारी ने कृषि एवं खाद्य पदार्थों की निर्यात की प्रक्रिया एवं शासन द्वारा दी जानी वाली सुविधाओं का विडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी दी एवं उद्यमियों के जिज्ञासाओं का उत्तर दिया। श्री किशोर इरपाते, सहायक निदेशक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय ने भारत शासन द्वारा लघु उद्यमों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी साथ ही निर्यात संवर्धन के लिए निर्माता इकाईयों को प्रदान की जाने वाली सुविधाओं के संबंध में उद्यमियों को जानकारी दी। कार्यक्रम में राइस मिल एसोसिएशन चेंबर आफ कामर्स, लघु वनोपज व्यापारी संघ, कृषक उत्पादक संगठन, महिला कृषक समूह, वन-धन संगठन समिति, निजी उद्यमी एवं निर्यातक के प्रतिभागियों में इस कार्यक्रम में भाग लिया।

कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक
दुर्घटना के प्रति जनजागरूकता निर्मित करने के निर्देश
धमतरी 14 फरवरी 2024 / कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी की अध्यक्षता में आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला स्तरीय सडक सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर सुश्री गांधी ने दुर्घटनाआें की रोकथाम हेतु किये जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में एसडीमए धमतरी डॉ विभोर अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त श्री विनय पोयाम, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री नेताम के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
बैठक में विभिन्न एजेंडों पर चर्चा कि गयी जिसमें से प्रमुख रूप लोक निर्माण विभाग को जिला अंतर्गत सड़कों का संधारण, चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुधार, राष्ट्रीय सडक सुरक्षा माह अंतर्गत सुरक्षा हेतु किये गये इंतजाम पर चर्चा की गयी। वहीं नगर निगम धमतरी के घड़ी चौक से सदर मार्ग, सिहावा चौक से नहर नाका तक मार्ग पर अतिक्रमण कर व्यावसाय करने वालों पर की गयी कार्यवाही, आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने हेतु बनाये गये गौठानों में रखने, भीड़ वाले स्थानों का चिन्हांकर नो पार्किंग बोर्ड लगाने, मुख्य चौक चौराहों में सीसीटीव्ही कैमरा लगाने, कोलियारी मार्ग में लगने वाले मछली पसरा को अन्यत्र स्थापित करने की जानकारी गयी। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत आने वाले ग्रामों के प्रवेश द्वार पर क्रासिंग, स्ट्रीट लाईट, सूचनात्मक चेतावनी संकेतनात्मक बोर्ड रोड मार्किंग करने के निर्देश दिये गये।
बैठक में सड़क सुरक्षा मित्र का गठन करने के भी निर्देश दिये गये। वहीं गुड सेमेरिटन को बढ़ावा देने और सड़क दुर्घअना में कमी लाने हेतु नुक्कड नाटक के जरिये व्यापक प्रचार -प्रसार करने के निर्देश दिये गये। शासकीय एवं निजी विद्यालयों में नाबालिक छात्र-छात्राओं द्वारा शाला आने में प्रतिबंध और गुडसेमेरिटन की जानकारी देते हुए दुर्घटना पीड़ित व्यक्ति की सहायता करने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये गये। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए शासकीय एवं निजी विद्यालयों में नाबालिक विद्यार्थियों द्वारा दोपहिया वाहन शाला में लाने पर पूर्ण प्रतिबंध, बैठक में पुलिस विभाग को ओवर स्पीड वाहनों पर कार्यवाही करने, स्कूली वाहनों की नियमित जांच करने कहा गया। वहीं परिवहन विभाग को स्कूली बच्चों को लाने हेतु प्रयुक्त वाहन की समय समय पर जांच करने कहा गया।
चुनेश साहू 7049466638





