धमतरी 06 फरवरी 2024/कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने आज आदिवासी विकास विभाग के तहत संचालित आश्रम/छात्रावास के अधीक्षकों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने आश्रम, छात्रावास और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की शैक्षणिक सहित अन्य गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कक्षा 11 वीं और 12 वीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने वर्तमान में अग्निवीर थल सेना और वायु सेना भर्ती रैली आयोजित की जा रही है। इन रैलियों में जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शामिल हों, यह सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने नवोदय, प्रयास विद्यालयों में प्रवेश के लिये चयन परीक्षा में शामिल होने हेतु विद्यार्थियों की आवश्यक तैयारी कराने के निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर ने आश्रम/छात्रावासों के संचालन की स्थिति, बोर्ड परीक्षा परिणाम वर्ष 2022-23, कक्षा दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा सहित सैनिक स्कूल, नवोदय स्कूल के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, ऑनलाईन शिष्यवृत्ति भुगतान, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की प्रगति, मेस संचालन की स्थिति इत्यादि की जानकारी ली।
बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग डॉ.रेशमा खान ने बताया कि नगरी के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह में वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2023-24 में कक्षा छठवीं से सातवीं तक अंग्रेजी माध्यम एवं आठवीं से बारहवीं तक हिन्दी माध्यम की कक्षायें तथा कक्षा 11 वीं जीव विज्ञान एवं कॉमर्स और 12 वीं विज्ञान एवं गणित की कक्षायें संचालित की जा रहीं हैं। कक्षा दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा 2024 की तैयारी के लिये अर्धवार्षिक/प्री बोर्ड परीक्षा परिणाम के आधार पर प्राचार्य द्वारा विषय शिक्षकों की बैठक लेकर कक्षावार, विषयवार पूर्व बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों का अध्ययन कर विद्यार्थियों को उसी के अनुरूप प्रश्नों के उत्तर लिखने का अभ्यास एवं विद्यार्थियों के समस्याओं पर विषय शिक्षकों द्वारा समाधान किया जा रहा है। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में जानकारी देते हुये सहायक आयुक्त ने बताया कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा दक्षणा, नीट, जेईई, विज्ञान, गणित, हिन्दी ओलम्पियाड एवं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्लनॉलॉजी एंड डेवलपमेंट इत्यादि परीक्षाओं के लिये फॉर्म भरा गया है और विषय शिक्षकों द्वारा इसकी तैयारी भी करायी जा रही है।
बैठक में कलेक्टर सुश्री गांधी ने निर्देशित किया कि जिले में संचालित आश्रम, छात्रावासों में विद्यार्थियों की नियमित स्वास्थ्य जांच, गुणवत्तापूर्वक भोजन, पेयजल की व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई इत्यादि सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। साथ ही आश्रम, छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिये।

अग्निवीर वायु सेना भर्ती हेतु 11 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
धमतरी 06 फरवरी 2024/ अग्निवीर वायु सेना के लिए आवेदन अब 11 फरवरी तक किया जा सकता है। गौरतलब है कि पूर्व में अग्निवीर वायु सेना के ऑनलाईन आवेदन हेतु अंतिम तिथि 6 फरवरी नियत की गई थी, जिसे बढ़ाकर अब 11 फरवरी तक आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। भर्ती संबंधी नियम एवं शर्तें यथावत् रहेंगी।
समाचार
जिले में किया जायेगा जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन
धमतरी 06 फरवरी 2024/ राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, छ.ग. शासन के निर्देशानुसार जिले के समस्त राजस्व निरीक्षक मंडल, विकासखण्ड स्तर एवं जिला स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाना है। इसके तहत द्वितीय शनिवार 10 फरवरी 2024 को जिले की सभी तहसीलों में एवं तृतीय शनिवार 17 फरवरी 2024 को जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जायेगा। कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने शिविर आयोजन की सभी तैयारियों सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों और तहसीलदारों को दिये हैं।

अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग द्वारा की गई कार्रवाई
कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी के निर्देशानुसार चैन माउंटेन किया गया सीज
धमतरी 06 फरवरी 2024/कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग द्वारा गौण खनिज आधारित क्षेत्रों से रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में आज सुबह मगरलोड के मोहेरा से अवैध रेत उत्खनन करते पाए जाने पर खनिज अमला द्वारा चैन माउंटेन सीज किया गया।

जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित
धमतरी 06 फरवरी 2024/कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी के निर्देश पर महतारी वंदन योजना के सफल एवं सुचारू संचालन और हितग्राहियों की समस्याओं के निराकरण के लिये कलेक्टोरेट के कक्ष क्रमांक 8 में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष क्रमांक 07722-232249 है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती जगरानी एक्का ने बताया कि कंट्रोल रूम में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक अधिकारी, कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इनमें जिला समन्वयक चाईल्ड हेल्प लाईन श्री नीलम साहू, केस वर्कर/कम्प्यूटर ऑपरेटर श्रीमती नेहा देवांगन और केस वर्कर श्री देवानंद महामल्ला शामिल है।

कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी की पहल पर पुनः प्रारंभ होगा किसान बाजार
अधिकारियों द्वारा वस्तुस्थिति का किया गया मुआयना
धमतरी 06 फरवरी 2024/कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी की पहल पर स्थानीय पुरानी कृषि उपज मण्डी परिसर में किसान बाजार को पुनः प्रारंभ करने की कार्यवाही की जा रही है। इसके लिये कलेक्टर ने कृषि, नगरनिगम, उद्यानिकी एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इसके मद्देनजर आज अधिकारियों द्वारा किसान बाजार का निरीक्षण कर परिसर में साफ-सफाई, बिजली, पानी, पार्किंग इत्यादि व्यवस्था का मुआयना किया गया। सहायक संचालक, उद्यानिकी श्री डी.एस.कुशवाहा ने बताया कि किसान बाजार में शहर के आसपास के 15 किलोमीटर के दायरे में आने वाले किसान अपने साग, सब्जियों और उत्पाद का विक्रय सुबह 7 से 10 बजे तक कर सकेंगे। इससे आसपास के लोगों को ताजी सब्जियां मिलेंगी, साथ ही किसानों को अपने उत्पादन कर सही मूल्य भी मिल सकेगा। इसके लिये उन्होंने इच्छुक किसानों को पंजीयन कराने भी कहा है। किसान बाजार शुरू करने के संबंध में शनिवार 10 फरवरी को मंडी परिसर में बैठक भी आहूत की गई है।





