
मुंगेली शहर का होगा कायाकल्प, विभिन्न चिन्हांकित स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण
कलेक्टर और नगर पालिका अध्यक्ष ने आज सबेरे दुपहिया वाहन से विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण
मुंगेली 05 अगस्त 2022// मुंगेली शहर का बहुत ही जल्द कायाकल्प होगा। विभिन्न चिन्हांकित स्थलों का सौंदर्यीकरण किया जायेगा और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद मुंगेली ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी तारतम्य में कलेक्टर श्री राहुल देव और नगरपालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष श्री हेमेंद्र गोस्वामी ने आज सबेरे दुपहिया वाहन से शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर और नगर पालिका अध्यक्ष ने सबसे पहले शहर के बीच स्थित आगर नदी के पुल के किनारे चैपाटी निर्माण और सौंदर्यीकरण हेतु स्थल का निरीक्षण किया। जिसके बाद उन्होंने पुराना बस स्टैंड के समीप पालिका बाजार, गोलबाजार में पार्किंग व्यवस्था, चैराहा पर महापुरुष की प्रतिमा स्थापना व सौंदर्यीकरण, लोरमी बायपास रोड में प्रतिमा स्थापना व बालानी चैक और पड़ाव चैक के सौंदर्यीकरण हेतु स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका मुंगेली में साफ सफाई की व्यवस्था का भी जायजा लिया और कचरों को उपयुक्त स्थल में डंप करने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात कलेक्टर और नगर पालिका अध्यक्ष ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम पहुंचकर पुष्प वाटिका में निर्मित व्यावसायिक काम्प्लेक्स, स्टेडियम के समीप चैपाटी के कार्य को तत्काल प्रारंभ करने, स्केटिंग रिंग के कार्य को शीघ्र पूरा करने, शहीदों की स्मृति को सहेजने हेतु शहीद स्मारक निर्माण करने और स्टेडियम में रनिंग ट्रैक तथा परिसर में उपयुक्त स्थल का चयन कर पौधारोपण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर और नगर पालिका अध्यक्ष ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में स्थित इंडोर स्टेडियम, वृद्धजनों के लिए मनोरंजन के लिए तैयार किए जा रहे कक्ष और मलखंभ प्रशिक्षण केंद्र के लिए भवन का भी अवलोकन किया। उन्होंने युवाओं के लिए अन्य मार्शल आर्ट हेतु प्रशिक्षण प्रारंभ करने की भी बात कही। इस अवसर पर एसडीएम मुंगेली श्री अमित कुमार, संयुक्त कलेक्टर श्री नवीन भगत, मछुआ कल्याण बोर्ड के सदस्य श्री प्रभु मल्लाह, नगर पालिका मुंगेली के सीएमओ व संबंधितअधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
अमन नामदेव





