
जिला कबीरधाम
दिनांक 21.04.2026
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आज दिनांक 21.04.2026 को प्रातः 6:00 बजे न्यू पुलिस लाइन में “तनाव प्रबंधन” विषय पर एक महत्वपूर्ण, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अतिथि व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानसिक तनाव से प्रभावी रूप से निपटने के उपायों से अवगत कराना तथा उनके मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ एवं संतुलित बनाए रखना रहा। पुलिस विभाग जैसे चुनौतीपूर्ण एवं उत्तरदायित्वपूर्ण कार्यक्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में जैनाचार्य डॉ. अरविंद मुनि मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
अपने उद्बोधन में डॉ. अरविंद मुनि ने वर्तमान जीवनशैली में बढ़ते मानसिक तनाव के विभिन्न कारणों एवं उसके दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से पुलिस विभाग में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारियों के लिए मानसिक संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए ध्यान, योग, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।
व्याख्यान के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तनाव को नियंत्रित करने, कार्य के दबाव को सकारात्मक ऊर्जा में परिवर्तित करने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक एवं सरल उपाय बताए गए। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस व्याख्यान को अत्यंत उपयोगी, व्यवहारिक एवं प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक , उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय), रक्षित निरीक्षक सहित कबीरधाम पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्वामी विवेकानंद अकैडमी के प्रशिक्षणरत अभ्यर्थी (युवा/युवतियां) बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कबीरधाम पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी उपस्थितजनों द्वारा इस प्रकार के उपयोगी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की गई।





