
अजय जांगड़े 8085164784
कवर्धा। पंडरिया तहसील अंतर्गत कार्यालय सेवा सहकारी समिति मर्यादित महली में इन दिनों धान खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ रहा है। समिति के खरीदी प्रभारी सहित ग्रामीण क्षेत्र के दर्जनों किसान लिमिट नहीं बढ़ने के कारण लगातार असुविधा झेल रहे हैं।
किसानों का कहना है कि तय लिमिट के भीतर धान बेचना मुश्किल हो रहा है। कई किसानों के पास उपार्जन केंद्र तक धान पहुंचाने के बावजूद खरीदी सीमित होने के कारण बार-बार उन्हें केंद्र का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ समय और मेहनत बर्बाद हो रही है, बल्कि परिवहन व्यय में भी अनावश्यक बढ़ोतरी हो रही है।
समिति के खरीदी प्रभारी ने भी लिमिट बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि वर्तमान स्थिति में किसानों का दबाव बढ़ता जा रहा है। निर्धारित सीमा में खरीदी करने से बड़ी संख्या में किसान वंचित रह रहे हैं, जिससे केंद्र में असंतोष की स्थिति बन रही है।
किसानों ने शासन एवं जिला प्रशासन से तत्काल खरीदी लिमिट बढ़ाए जाने की मांग की है, ताकि किसान समय पर अपना धान बेच सकें और उपार्जन केंद्र का काम सुचारू रूप से संचालित हो सके।





