

ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने प्रशासन की पहल
कवर्धा।उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष निर्देश तथा स्वास्थ्य-केन्द्रित निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप जिला अस्पताल कवर्धा में प्रत्येक माह नियमित रूप से कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्त्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान का उद्देश्य जिले में गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान, गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करना है।
कैंसर जांच शिविर में उमड़ी भीड़, 39 मरीजों की हुई जांच
नवीनतम शिविर में कुल 39 लोगों की जांच की गई, जिनमें 15 मरीजों के प्रारम्भिक लक्षण संदिग्ध पाए गए। डॉक्टरों ने तत्काल आगे की जांच और उपचार की सलाह दी। शिविर में महिलाओं के लिए मेमोग्राफी एवं पुरुषों के लिए विशेष स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई थी, जिसमें 27 पुरुष एवं 12 महिलाएँ शामिल रहीं।
डॉ. दिवाकर पांडे ने दी जागरूकता “समय पर जांच से बचाई जा सकती है जान”
कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. दिवाकर पांडे ने बताया कि कैंसर की शुरुआती अवस्था में पहचान और उपचार से मरीज की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लगातार जांच, जागरूकता और जीवनशैली में सुधार को अत्यंत आवश्यक बताया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेंद्र तुझे ने कहा कि उपमुख्यमंत्री के निर्देश से आयोजित यह शिविर ग्रामीण जनता के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत माध्यम बन रहा है
कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में सफल आयोजन
कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल परिसर में निरंतर कैंसर जांच शिविर संचालित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि इससे दूरस्थ गांवों से आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ सेवाएँ आसानी से मिल रही हैं।
क्षेत्रवार आंकड़े
बोड़ला : 02
लोहरा : 03
पंडरिया : 06
कवर्धा : 25
अन्य जिलों से : 03
कैंसर से बचाव के उपाय
तंबाकू, गुटखा और शराब का सेवन त्यागें।
पौष्टिक एवं संतुलित आहार लें।
नियमित व्यायाम और योग अपनाएँ।
सूर्य की किरणों से बचें।
अनियमित दिनचर्या, तनाव एवं प्रदूषण से दूरी बनाएँ।
परिवार में कैंसर के इतिहास होने पर अतिरिक्त सावधानी बरतें।
कैंसर के संभावित लक्षण
शरीर में असामान्य गांठ या सूजन।
किसी घाव/अल्सर का लंबे समय तक न भरना।
लगातार खांसी, सांस में तकलीफ, आवाज बैठना।
अनियंत्रित रक्तस्राव।
अचानक वजन घटने लगना या लगातार थकावट महसूस होना।





