
अजय जांगड़े 8085164784
कवर्धा। अवैध जुआ संचालन पर लगातार प्रकाशित खबरों के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। पंडरिया शहर में सक्रिय जुआ माफियाओं के बीच पुलिस कार्रवाई की दहशत इस कदर बैठ गई कि बीती रात कई ठिकानों पर सन्नाटा पसर गया। नियमित रूप से चल रहे गुप्त अड्डों को खिलाड़ियों ने अचानक बंद कर दिया और कई संचालक मौके से भूमिगत हो गए।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की त्वरित मूवमेंट और संभावित कार्रवाई की भनक लगते ही क्षेत्र के कुख्यात जुआ संचालकों ने अपने ठिकानों पर मौजूद सामान हटाकर जगह खाली कर दी। बीते कई दिनों से जुआ माफियाओं द्वारा चलाए जा रहे ताश-पत्ती के अड्डों पर अचानक ताले लटकते देख स्थानीय लोगों में भी चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस विभाग की इस सक्रियता को नागरिक सकारात्मक कदम के रूप में देख रहे हैं। लगातार बढ़ रही शिकायतों व मीडिया द्वारा उजागर किए गए मामलों के बाद अब आम जनता यह उम्मीद कर रही है कि यह अभियान केवल दिखावा न हो, बल्कि अवैध गतिविधियों पर स्थायी रोक लगाने की दिशा में ठोस कार्रवाई आगे भी जारी रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन यदि इसी तरह सख्ती बनाए रखे तो पंडरिया शहर में पनप रहा जुआ नेटवर्क जल्द ही पूरी तरह ध्वस्त हो सकता है।
मिली जानकारी में यह भी बताया गया है कि कुछ दिवस बाद पुनः यह खेल संचालित होने को है लेकिन अभी भी रात में होने वाले नवापारा और गोपीबंद पारा की जुआ बाशिंदों में भय नहीं दिख रहा है जिसमें पुलिस की सक्रियता की विशेष आवश्यकता है ।





