
*समाचार*
*सुर, संगम और समर्पण से सजी रजत महोत्सव की संध्या*
*श्रीमती तरूणा साहू की पंडवानी का असर और राहुल बैंड, कत्थक, भरतनाट्यम, राउत नाचा की रूहानी महक*
*संगीत की सुरमयी शाम में झूम उठा राज्योत्सव मैदान*

धमतरी 04 नवम्बर 2025/छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में सोमवार 3 नवम्बर 2025 की रात संगीत, नृत्य और लोक संस्कृति का अनोखा संगम देखने को मिला। पंडवानी गायिका श्रीमती तरूणा साहू ने अपनी मनमोहक आवाज़ से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं राहुल बैंड की रंगारंग प्रस्तुति सहित स्वच्छता अभियान की ’’गाड़ीवाला आया घर से कचरा निकाल’’ं ’’सीताहरण नृत्य नाटिका’’, ’’सूर्य नमस्कार’’, ’’दुर्गा स्तुति’’, ’’राउत नाचा’’, छत्तीसगढ़ संस्कृति आधारित सामुहिक नृत्य, ’’नशा मुक्ति पर युगल नृत्य’’ ’’प्रकाश साहू के लोकनृत्य’’ ’’कत्थक नृत्य’’, गायन आदि लोगों के दिलों में संगीत की हलचल मचा दी। दर्शकों की तालियों और नृत्य से पूरा प्रांगण गूंज उठा।
पंडवानी की वीरता की रूहानी छुअन
छत्तीसगढ़ की गौरवगाथा को आगे बढ़ाते हुए श्रीमती तरूणा साहू ने अपने तानपुरे और अभिव्यक्तिपूर्ण मुद्राओं से महाभारत की द्रोपदी चीरहरण की गाथा के ताजा कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को भावविह्वल कर दिया और वे देर तक मंच से नज़रें नहीं हटा सके। उन्होंने महाभारत के चीरहरण की घटनाओं को मार्मिक और ह््रदयस्पर्शी ढंग से प्रस्तुत किया।
इसके बाद राहुल बैंड की प्रस्तुति ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने से नही रोक सका।
2.*समाचार*
*जिले के अंतिम छोर पर बसे गांव बोरई पहुंचे कलेक्टर श्री मिश्रा*
*क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मिलकर क्षेत्र विकास पर की चर्चा*
धमतरी, 04 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा 3 नवम्बर को जिले के अंतिम छोर पर बसे गांव बोरई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकर क्षेत्र के विकास के लिए रणनीति बनाई एवं समस्याओं पर चर्चा की। कलेक्टर श्री मिश्रा ने क्षेत्र में विद्युत, स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सिविल अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति के संबंध में पूछा। कलेक्टर ने सरकारी समिति और बैंक सखी की भी जानकारी ली। स्थानीय जनप्रतिनिधि ने बताया की क्षेत्र मैं सहकारी समिति और बैंक न होने के कारण कियोस्क के माध्यम से लेनदेन किया जाता है।

कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य अमला मुख्यालय में रहे। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने पर कार्यवाही जाएगी। उन्होंने बोरई सिविल अस्पताल में एक ’’108’’ वाहन उपलब्ध करने की बात कही। जनप्रतिनिधियों द्वारा विद्युत की समस्या बताने पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि जनवरी माह तक सब स्टेशन शुरू हो जाएगा, जिससे इस समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने बोरई से सिहावा मार्ग की बीटी और पैच वर्क करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
छात्रावास की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सीएएफ के भवन को लेकर उसमें हॉस्टल और स्कूल संचालित करने कहा। आवास निर्माण हेतु ले जा रहे रेत वाहनों पर कार्यवाही नहीं करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मनोज साक्षी, जनपद सदस्य सोन राज वट्टी, सरपंच बोरई श्री माखन सलाम, उप सरपंच छबिलाल यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

3.समाचार
दिव्यांग खिलाड़ी सत्यांशु दीप का नेशनल बास्केटबॉल कोचिंग कैंप हेतु चयन, कलेक्टर ने किया सम्मानित
धमतरी, 04 नवम्बर 2025/ जिले के प्रतिभावान दिव्यांग खिलाड़ी सत्यांशु दीप का चयन स्पेशल ओलंपिक भारत द्वारा आयोजित नेशनल बास्केटबॉल कोचिंग प्रारंभिक प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में सत्यांशु दीप को सम्मानित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि “जिले में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है तो उन्हें सही प्रशिक्षण और मंच देने की।” उन्होंने सत्यांशु को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
सार्थक स्कूल की संचालक श्रीमती सरिता दोषी ने जानकारी दी कि यह शिविर 21 से 30 नवम्बर 2025 तक सीडीएस ग्वालियर (म.प्र.) में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि तीनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में स्थान दिया जाता है, जो आगे चलकर Special Olympics World Games अथवा Asia Pacific Games में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने बताया कि सत्यांशु दीप सार्थक स्कूल मानसिक दिव्यांग प्रशिक्षण एवं सेवा केंद्र धमतरी का छात्र है। यह संस्था पिछले 21 वर्षों से बच्चों को निःशुल्क प्रशिक्षण दे रही है। इसकी शुरुआत मात्र 7 बच्चों से हुई थी, जो अब बढ़कर 69 बच्चों तक पहुँच चुकी है।
सार्थक स्कूल के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद और कलात्मक गतिविधियों में जिला एवं राज्य स्तर पर भाग लेकर अनेक मेडल और प्रमाणपत्र प्राप्त कर चुके हैं। संस्थान ने युवा बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में वोकेशनल ट्रेनिंग भी शुरू की है, जिसमें कलात्मक लिफाफे, राखी मेकिंग, पूजा थाली सजावट जैसी उपयोगी कलाएं सिखाई जा रही हैं।
4.

*समाचार*
*विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी-कलेक्टर श्री मिश्रा*
*अधिकारी समन्वय बनाकर करें काम, समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश*
धमतरी, 04 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर किसान पंजीयन, प्रधानमंत्री जनमन, प्रधानमंत्री आवास योजना की ब्लॉकवार जानकारी ली और विकासखंड स्तर पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि सभी अधिकारी समन्वय बनाकर जिले के विकास हेतु कार्य करें, कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी 15 नवम्बर से प्रारंभ होगी। इसके लिए खरीदी केन्द्रों में बारदाने, पेयजल, छाया और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित न रहे। बैठक में चक्रवात से हुई फसल क्षति और राजाडेरा बांध टूटने से हुई हानि पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में जांच समिति गठित कर सात दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने औषधीय पौधों और मखाना की खेती को प्रोत्साहित करने कहा और प्रति एकड़ में लगने में आने वाली लागत के प्रस्ताव उच्च कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे गांवों में जहां उचित मूल्य दुकान नहीं है, वहां सरकारी भवनों में राशन रखने और सप्ताह में एक दिन ग्रामीणों को वितरण कराने कहा ताकि ग्रामीणों को दिखाई न हो ।
स्वास्थ्य और सामाजिक योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने बुड़रा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और बोरई की एएनएम का 15 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही सक्षम योजना के तहत दिव्यांगजनों को कौशल प्रशिक्षण व लोन उपलब्ध कराने कहा।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने आरबीएसके, अपार आईडी, स्कूल कम्प्यूटर लैब की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने मगरलोड में आयोजित एलुमीनई मीट की सराहना की और अन्य स्थानों पर भी इस तरह के आयोजन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सड़क मरम्मत, पर्यटन क्षेत्र विकास, गवर्नेंस ऑन व्हील अभियान की समीक्षा की और अधिकारियों को मुख्यालय से बिना अनुमति बाहर न जाने के निर्देश दिए।
*समाचार*
*कलेक्टर और एसपी पहुंचे नक्सल प्रभावित गांव बुडरा, खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित*
*युवाओं को सेना भर्ती प्रशिक्षण केंद्र से जुड़ने कलेक्टर श्री मिश्रा ने किया आमंत्रित*
*नक्सलवाद से दूर रहकर क्षेत्र के विकास में दें योगदान-एसपी श्री परिहार*
धमतरी, 04 नवम्बर 2025/ पुलिस प्रशासन द्वारा 3 नवम्बर को नगरी विकासखंड के नक्सल प्रभावित गांव बुडरा में सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत कबड्डी खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार और वनमंडलाधिकारी श्री कृष्ण जाधव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पहली बार कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को अपने बीच पाकर बुडरा गांव के

ग्रामीण अत्यंत उत्साहित नजर आए। अधिकारियों के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया और बाजे-गाजे के साथ कार्यक्रम स्थल तक लेकर आए। अधिकारियों ने बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने कहा कि “आपका गांव बहुत सुंदर है और आप सभी का आयोजन सराहनीय है।” उन्होंने गांव के युवाओं के खेल कौशल की प्रशंसा की और कहा कि नक्सलवाद जैसी बुराइयों से दूर रहकर क्षेत्र के विकास में योगदान दें। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि “जो टीम आज विजेता नहीं बनी, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है, नियमित अभ्यास करें, सफलता अवश्य मिलेगी।”
कलेक्टर श्री अवबिनाश मिश्रा ने ग्रामीणों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि “खेल से व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। आप सभी की फिटनेस प्रशंसनीय है।” उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में जिले में सेना भर्ती रैली आयोजित की जानी है, जिसके लिए नगरी में सैनिक प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण केंद्र का लाभ लें, जहां फिजिकल और लिखित परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव की समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाएगा और हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा विजेताओं को शील्ड और नगद पुरस्कार प्रदान किए गए तथा अन्य प्रतिभाशाली युवाओं को क्रिकेट किट का वितरण किया गया। महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में कारीपानी टीम ने बुडरा को हराकर विजय हासिल की, वहीं पुरुष वर्ग के फाइनल में मारियामारी ने बरौली को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्री मनोज साक्षी, जनपद सदस्य श्री सोन राज वट्टी, सरपंच बोरई श्री माखन सलाम, उपसरपंच श्री छबिलाल यादव सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





