
कोरबा/पोंडी उपरोड़ा:- जिला कोरबा के विकासखंड पोंडी-उपरोड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के.आर. दयाल ने संकुल सुतर्रा के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रों की उपस्थिति, मिड-डे मील, शिक्षक डायरी, पढ़ाई की गुणवत्ता सहित साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के समय बीईओ दयाल ने शिक्षकों को नियमित रूप से विद्यालय समय पर उपस्थित रहने और विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों की कक्षा में कॉपी जाँचते हुए पढ़ाई की गुणवत्ता का आकलन किया और कमजोर छात्रों को अतिरिक्त समय देकर पढ़ाने की सलाह दी।
साथ ही, उन्होंने मिड-डे मील की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन साफ-सफाई को लेकर कुछ स्कूलों में सुधार की आवश्यकता बताई। बीईओ दयाल ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार ही उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





