
त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव 2024-25
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री नम्रता गांधी ने नियुक्त किया सहायक रिटर्निंग अधिकारी
धमतरी 09 जनवरी 2025/ त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव 2024-25 के तहत रिटर्निंग अधिकारी पंचायत के सहयोग हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) सुश्री नम्रता गांधी ने ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंच के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने हेतु सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है। जनपद पंचायत धमतरी के तहत ग्राम पंचायत भवन मुजगहन, डोमा, देमार, संबलपुर, पुरी, दोनर, छाती, खरेंगा, भोयना, रूद्री और मोंगरागहन के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
इसी तरह जनपद पंचायत कुरूद के ग्राम पंचायत कोर्रा, रामपुर, बगौद, सिहाद, सेमरा बी, जीजामगांव, चटौद, मरौद, सिर्री, नारी, कुहकुहा, मंदरौद और जनपद पंचायत भवन कुरूद के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत मगरलोड के तहत ग्राम पंचायत भवन सिंगपुर, मोहंदी, मेघा, राजीव गांधी सेवा केन्द्र भवन कुण्डेल, ग्राम पंचायत भेण्डरी और जनपद पंचायत सभाकक्ष मरगरलोड में सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत नगरी के तहत ग्राम पंचायत भवन कुकरेल, केरेगांव, कौहाबाहरा, गट्टासिल्ली, डोंगरडुला, जनपद पंचायत नगरी, ग्राम पंचायत भवन सांकरा, उमरगांव, सिहावा, घठुला, बेलरगांव और ग्राम पंचायत भवन बोराई में सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
3.*मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने की धमतरी में नालंदा परिसर का निर्माण, कण्डेल में शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण, शासकीय महाविद्यालय धमतरी में विधि विभाग के लिए भवन निर्माण की घोषणा*
*स्वामित्व कार्ड वितरण के लिए दी बधाई एवं शुभकामनाएं*
*विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को दिया जा रहा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का शत्-प्रतिशत लाभ-मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय*

धमतरी 08 जनवरी 2025/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज अपने धमतरी प्रवास के दौरान स्थानीय डॉ.शोभाराम देवांगन शासकीय स्कूल के एकलव्य खेल परिसर में आयोजित स्वामित्व कार्ड वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज आपके जिले में 268 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किए हैं, इसके लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि इससे धमतरी जिला में निश्चित रूप से विकास की गंगा बहेगी। इसके साथ ही 9 हजार ज्यादा हितग्राहियों को उनके भूमि का मालिकाना हक प्रदाय करने के उद्देश्य से स्वामित्व कार्ड का वितरण किया गया है, इसके लिए हितग्राहियों को बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की विशेष पहल से लोगों को स्वामित्व योजना का लाभ मिल रहा है। हमने हमारे एक साल के कार्यकाल में मोदी जी की गारंटी को शत्-प्रतिशत पूरा करने का प्रयास किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का मकान देकर उनका गृहप्रवेश भी करा रहे हैं। चालू खरीफ विपणन वर्ष में हमने प्रदेश में समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड धान खरीदी की है। इसी तरह महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को हर माह एक हजार रूपये की राशि प्रदाय की जा रही है। तेन्दूपत्ता प्रति मानक बोरा को बढ़ाकर 5500 रूपये किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को न्याय दिलाते हुए पीएससी घोटाला करने वालों पर सख्त कार्यवाही की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री की मंशा अनुरूप सबका साथ सबका विकास तर्ज पर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने धमतरी के विकास के लिए तीन बड़ी घोषणाएं कीं। इनमें धमतरी में नालंदा परिसर का निर्माण, कण्डेल में शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण, शासकीय महाविद्यालय धमतरी में विधि विभाग के लिए भवन निर्माण की घोषणा शामिल है।
कार्यक्रम के आरंभ में मुख्यमंत्री श्री साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सुशासन चक्र स्टॉल का निरीक्षण किया। स्टॉल में महिलाओं ने महतारी वंदन योजना के तहत हर माह मिल रही एक हजार रूपये के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापन किया। वहीं जनसम्पर्क विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रम व जिले की विकास गतिविधियों पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर उसकी प्रशंसा की। इसके साथ ही अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी मुख्यमंत्री ने बारी-बारी से निरीक्षण किया। साथ ही नारी शक्ति से जल शक्ति अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों को रेखांकित करते कलश में मुख्यमंत्री सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जल अर्पित किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी जी की गारंटी और विष्णु के सुशासन में सभी वर्गों को विभिन्न योजनाओं का लाभ बराबर मिल रहा है। श्री साव ने कहा कि शहर से लेकर दूरस्थ ग्रामों तक विकास हो रहा है। उन्होंने शासन की महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना, आयुष्मान भारत योजना, स्वामित्व योजना इत्यादि का लाभ लोग उठा रहे हैं। प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने स्वामित्व योजना के तहत जिले में 9402 अधिकार अभिलेखों का वितरण किया गया है, इसके लिए संबंधित हितग्राहियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विशेष पिछड़ी जनजाति कमार हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश सरकार के एक साल सुशासन में योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।
विधायक कुरूद श्री अजय चन्द्राकर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी की गारंटी के अनुरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय योजनाओं का क्रियान्वयन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धमतरी जिले में उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। आने वाले दिनों में इन उद्योगों के क्रियाशील होने और इनसे रोजगार सृजन की बात कही। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा एक साल के सुशासन में अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया गया है। कार्यक्रम को सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, श्री भोजराज नाग ने भी संबोधित किया और प्रदेश सरकार के एक वर्ष होने पर बधाई दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू निषाद, पूर्व विधायक धमतरी श्रीमती रंजना साहू, पूर्व विधायक सिहावा श्रीमती पिंकी शाह, श्री श्रवण मरकाम, श्री रामू रोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
2.समाचार
स्कूलों सहित आश्रम-छात्रावासों में आयोजित किया जा रहा मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम
धमतरी 09 जनवरी 2025/ कलेक्टर सुश्री नम्रता गाँधी के मार्ग दर्शन में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत दिनांक 12 अप्रैल 2024 से 08 जनवरी 2025 तक विकासखंड नगरी, धमतरी, कुरूद एवं मगरलोड के स्कूलों में शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं का मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि अब जिले के सभी छात्रावास, आश्रम के अधीक्षकों के प्रशिक्षित होने के बाद छात्रावास, आश्रम के सभी छात्र-छात्राओं का 6 जनवरी 2025 से कार्यशाला आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत अब तक कुल 185 छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य का प्रशिक्षण दिया गया है। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य हमारे रोजमर्रा के अनुभवा का हिस्सा, शारीरिक स्वास्थ्य की तरह, हम सभी के पास मानसिक स्वास्थ्य है, अच्छा मानसिक स्वास्थ्य हमारे जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है और अपनी भावनाओ को कैसे नियंत्रित एवं अभिव्यक्त करते है, जिसका हमारे मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव पडता है के संबंध में चर्चा की गई।
इसके साथ ही बच्चो में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चिंताओ को समझना जैसेः- बुलइंग, हिंसा, आर्थिक परेशानी, शैक्षाणिक समस्याए, नशीले पदार्थ का उपयोग, परिवार का साथ छुट जाना, शारीरिक बिमारी इत्यादि के बारे में भी जानकारी दी गई। इसमें स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, भारतीय रेडक्रास सोसायटी एवं यूनिसेफ के सहयोग से स्कूल के शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं के लिए मानसिक स्वास्थ्य पर आयोजित कार्यशाला में मास्टर प्रशिक्षक के द्वारा मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए किशोरों में होने वाले मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं एवं उपाय के बारे में विभिन्न खेल व एक्टिविटीज जैसे सांप सिढी, भावना चक्र, भावनात्मक पाबंदी इत्यादि के जरिए समझाया गया। गौरतलब है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों के मनोवैज्ञानिक विकास को बढ़ाना तथा परीक्षा व कॅरियर के दबाव आदि को कम कर बेहतर तनाव प्रबन्धन के गुण सीखाना हैं।





