
छत्तीसगढ़ बालोद जिले से बड़ी खबर
बालोद जिले के पीपरछेड़ी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां खुशियों के बीच मातम पसर गया। तांदुला नहर में नहाने गए एक ही परिवार के पिता और पुत्री काल के गाल में समा गए।
19 घंटों के लंबे इंतजार और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार 12 वर्षीय मासूम बेटी का शव भी बरामद कर लिया गया है।
घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे की है। ग्राम धोबनपुरी निवासी टायमन साहू अपनी बेटियों को लेकर ग्राम पीपरछेड़ी के पास स्थित तांदुला नहर में नहाने गए थे। पिता अपनी बेटियों को तैरना सिखा रहे थे, तभी अचानक पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों बेटियां डूबने लगीं।
अपनी आंखों के सामने बेटियों को डूबता देख पिता टायमन साहू ने जान की बाजी लगा दी। उन्होंने एक बेटी को तो सुरक्षित बचा लिया, लेकिन दूसरी बेटी पालनकी साहू को बचाने की कोशिश में वे खुद भी गहरे पानी में समा गए। देखते ही देखते पिता और 12 साल की मासूम बेटी दोनों नहर के तेज बहाव में बह गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय लोग बचाव कार्य में जुट गए। घटना के करीब 4 घंटे बाद ही पिता टायमन साहू का शव बरामद कर लिया गया था, लेकिन मासूम पालनकी का कहीं सुराग नहीं मिल रहा था।
बुधवार सुबह, यानी हादसे के करीब 19 घंटे बाद, ग्राम बोरगहन के पास ग्रामीणों ने एक शव को पानी में तैरते देखा। ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए शव को पानी से बाहर निकाला और नजदीकी हल्दी थाना चौकी को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शिनाख्त होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बालोद भेज दिया।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे धोबनपुरी गांव को झकझोर कर रख दिया है। एक पिता का अपनी बेटी को बचाने का संघर्ष और फिर दोनों का साथ चले जाना, इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल दोनों शवों को मर्चुरी में रखा गया है, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक ग्राम धोबनपुरी में किया जाएगा
रिपोर्टर
CG टीवी चैनल बालोद गुण्डरदेही संवाददाता याद राम साहू की रिपोर्ट 9009338660





